×

मोदी के साथ-साथ मानसून भी केरल में आज देगा दस्तक, मौसम विभाग ने दी जानकारी

भारी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। आज मानसून दो दिनों की देरी से केरल में दस्तक देगा और इसी के साथ देश भर में अलग-अलग इलाकों में करीब चार महीने की बारिश के मौसम का आगाज होगा।

Vidushi Mishra
Published on: 8 Jun 2019 6:01 AM GMT
मोदी के साथ-साथ मानसून भी केरल में आज देगा दस्तक, मौसम विभाग ने दी जानकारी
X

नई दिल्ली: भारी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। आज मानसून दो दिनों की देरी से केरल में दस्तक देगा और इसी के साथ देश भर में अलग-अलग इलाकों में करीब चार महीने की बारिश के मौसम का आगाज होगा। दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग ने मानसून के आगमन में दो-तीन दिन की देरी की संभावना जतायी है।

यह भी देखें... केरल के गुरुवायूर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे PM मोदी, किया थुलाभारम की रस्म अदा

देश के उत्तर और मध्य क्षेत्र में गर्मी का कहर शुक्रवार को जारी रहा। वहीं उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से कम से कम 26 लोगों की मौत हो गयी और 57 अन्य घायल हो गये। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान है कि शनिवार से मंगलवार तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के विदर्भ में ‘भीषण गर्मी’ का प्रकोप जारी रहेगा।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। भारी गर्मी की वजह से बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। रांची में तो पानी के लिए चाकूबाजी तक लोग उतर गए। इस घटना में एक महिला समेत कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद बीजेपी के नव निर्वाचित सांसद संजय सेठ ने भरोसा दिलाया है कि आगे पेयजल के लिए ऐसी घटना न हो इसका पूरा ख्याल रखा जायेगा। वहीं कई राज्यों में बिजली की कटौती भी हो रही है।

शुक्रवार को मध्यप्रदेश का होशंगाबाद 46.8 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा जबकि राजस्थान में चुरू का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कई स्थानों पर हुई हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी।

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ लू का प्रकोप जारी है। हालांकि प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में कल के मुकाबले अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि चूरू में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 46.4, डिग्री, कोटा में 46.1 डिग्री, बीकानेर में 45.8 डिग्री, श्रीगंगानगर में 45.7 डिग्री, जैसलमेर में 45.5 डिग्री, जोधपुर में 45.3 डिग्री, अजमेर में 44.5 डिग्री, डबोक में 44 डिग्री और राजधानी जयपुर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

बारिश से 26 की मौत

राष्ट्रीय राजधानी में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण शहर के उच्चतम तापमान में गिरावट आयी और यह 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कई स्थानों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से कम से कम 26 लोगों की मौत हो गयी और 57 अन्य घायल हो गये।

सूत्रों के अनुसार राज्य के अलग अलग हिस्सों में गुरूवार देर शाम आंधी-तूफान आने की वजह से जगह-जगह पेड़ टूटकर गिर गये और कई मकानों की दीवारें भी ढह गयीं। इन हादसों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 57 लोग घायल भी हुए हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story