×

Odisha News: ओडिशा में आसमान से बरपा कहर! 2 घंटे में 61000 बार गिरी आकाशीय बिजली, 12 लोगों की मौत

Odisha Lightning Strikes: आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार राज्य में शाम 5.30 बजे तक लगभग 61 हजार बार से अधिक बिजली गिरी। मृतक के परिजनों को सरकार की तरफ से 4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

Ashish Pandey
Published on: 4 Sep 2023 10:13 AM GMT
Odisha News: ओडिशा में आसमान से बरपा कहर! 2 घंटे में 61000 बार गिरी आकाशीय बिजली, 12 लोगों की मौत
X
Odisha Lightning Strikes (Photo-Social Media)

Odisha News: ओडिशा में आसमान से कहर बरपा है! राज्य में आकाशीय बिजली का कहर लोगों पर टूटा है। राज्य में शनिवार (02 सितंबर) की शाम दो घंटों के भीतर 61000 बार बिजली गिरी, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भुवनेश्वर में सबसे ज्यादा बिजली गिरने के मामले सामने आए हैं। मौसम विभाग ने साथ ही राज्य में 7 सितंबर तक मौसम खराब रहने का अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विभाग की ओर से राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इस सप्ताह के अंत तक तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात की वजह से ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है। भुवनेश्वर में दोपहर के बाद से बादलों की गरज के साथ बारिश होती रही। इस दौरान राजधानी और आसपास के इलाकों में बिजली भी गिरी। ओडिशा आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार शनिवार को शाम 5.30 बजे तक राज्य में लगभग 61 हजार बार से अधिक बिजली गिरी।

मृतकों की परिजनों को मिलेगा मुआवजा

टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से खुर्दा जिले में 4, बोलांगीर में 2 और अंगुल, बौध, गजपति, जगतसिंहपुर, पुरी और ढेंकनाल में एक-एक लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा गजपति और कंधमाल जिलों में बिजली गिरने से 8 मवेशियों की भी मौत हो गई। विशेष राहत आयुक्त ने बताया कि आकाशीय बिजली की घटना से मरने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। वहीं मौसम वैज्ञानिक की माने तो इस तरह इतनी अधिक बिजली गिरने की घटनाएं तब सामने आती हैं जब लंबे समय के बाद मानसून सामान्य स्थिति में लौटता है। उन्होंने बताया कि जब ठंडी और गर्म हवा का टकराव होता है तब ही इस तरह बिजली गिरने की घटनाओं की स्थिति बनती है।

Ashish Pandey

Ashish Pandey

Next Story