×

Padma Awards 2023: राष्ट्रपति मुर्मू ने दिए पद्म पुरस्कार, एसएम कृष्णा, कुमार मंगलम बिरला सहित इन्हें भी मिला सम्मान

Padma Awards 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार की शाम पद्म पुरस्कारों का वितरण किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएम कृष्णा को पद्म विभूषण और कुमार मंगलम बिड़ला को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।

Aman Kumar Singh
Published on: 22 March 2023 7:38 PM GMT (Updated on: 22 March 2023 10:55 PM GMT)
Padma Awards 2023: राष्ट्रपति मुर्मू ने दिए पद्म पुरस्कार, एसएम कृष्णा, कुमार मंगलम बिरला सहित इन्हें भी मिला सम्मान
X
Padma Awards 2023 (Social Media)

Padma Awards 2023: राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) द्वारा बुधवार (22 मार्च) को 106 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने पहला सम्मान आर्किटेक्ट बालकृष्ण दोषी (Architect Balkrishna Doshi) को दिया। उनकी बेटी ने पिता को मिला पद्म विभूषण सम्मान ग्रहण किया। जिसके बाद देश के मशहूर उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला (Kumar Mangalam Birla) को व्यापार और उद्योग क्षेत्र में अहम योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। आपको बता दें, बिड़ला परिवार में पद्म पुरस्कार पाने वाले कुमार मंगलम चौथे शख्स हैं।

इसी कड़ी में पंडवानी गायिका उषा बारले (Pandwani singer Usha Barle) को 'पद्म श्री' से नवाजा गया। उन्होंने सम्मान लेने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घुटनों के बल झुककर प्रणाम किया। उन्होंने राष्ट्रपति के भी पैर छुआ और सम्मान ग्रहण किया। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।

एसएम कृष्णा-भरत झुनझुनवाला और बिरला सम्मानित

इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएम कृष्णा को पद्म विभूषण (Padma Vibhushan 2023 to SM Krishna) और आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला को पद्म भूषण (Padma Bhushan 2023 to Kumar Mangalam Birla) से सम्मानित किया गया। अनुभवी निवेशक और अकासा एयर के संस्थापक स्वर्गीय राकेश झुनझुनवाला (Late Rakesh Jhunjhunwala, Founder of Akasa Air) को पद्म श्री (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला ने राष्ट्रपति से ये सम्मान ग्रहण किया।

सुमन कल्याणपुर को मिला पद्म भूषण

इनके अलावा, सुप्रसिद्ध गायिका सुमन कल्याणपुर को पद्म भूषण और पंडवानी गायिका उषा को पद्मश्री सम्मान दिया गया। माता नी पछेड़ी के 400 साल पुराने पारंपरिक शिल्प की विरासत को आगे बढ़ाने वाले चुनारा समुदाय के 7वीं पीढ़ी के कलमकारी कलाकार भानुभाई चित्रारा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री से सम्मानित किया।

यूपी के दिलशाद हुसैन को पद्मश्री सम्मान

इसी कड़ी में त्रिपुरा के स्वदेशी पीपुल्स फ्रंट के दिवंगत अध्यक्ष नरेंद्र चंद्र देबबर्मा (Narendra Chandra Debbarma) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म श्री (मरणोपरांत) से सम्मानित किया। उनके बेटे सुब्रत देबबर्मा ने ये पुरस्कार ग्रहण किया। वहीं, कांथा कढ़ाई कलाकार प्रितिकाना गोस्वामी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्म श्री प्राप्त किया। जीवविज्ञानी मोदादुगु विजय गुप्ता को भी पद्मश्री मिला। पंजाबी स्कॉलर डॉक्टर रत्तन सिंह जग्गी को पद्मश्री और उत्तर प्रदेश के कलाकार दिलशाद हुसैन को (दशकों से पीतल के बर्तनों पर नक्काशी करने का काम) पद्मश्री सम्मान दिया गया।

मुलायम सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण

पिछले साल 10 अक्टूबर 2022 को मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद देहांत हो गया था। गणतंत्र दिवस के दिन सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण देने का ऐलान किया। हालांकि, मुलायम सिंह के निधन के बाद उनके समर्थकों ने भारत रत्न देने की मांग भी उठाई थी। मुलायम सिंह यादव 1967 में 28 साल की छोटी उम्र में जसवंतनगर सीट से पहली बार विधायक बने। 5 दिसंबर 1989 को मुलायम पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। बाद में भी वो दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

कुमार मंगलम परिवार के चौथे शख्स, जिन्हें मिला पद्म सम्मान

उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला इस सम्मान को हासिल करने के साथ ही बिड़ला परिवार में पद्म पुरस्कार पाने वाली चौथी शख्सियत बन गए हैं। इससे पहले, उनकी मां राजश्री बिड़ला को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनके दादा बसंत कुमार बिड़ला (Basant Kumar Birla) को भी पद्म भूषण पुरस्कार मिला था। वहीं, उनके परदादा घनश्याम दास बिड़ला को पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story