×

Modi Cabinet Meeting: PM मोदी की आज बड़ी बैठक, केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाएँ तेज, सहयोगी दलों को मिल सकता है मौका

Modi Cabinet Meeting Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं। यह बैठक नए प्रगति मैदान के कन्वेंशन सेंटर में होने वाली है। पीएम मोदी की ओर से कैबिनेट की बैठक बुलाए जाने के बाद से ही मोदी कैबिनेट में फेरबदल के कयास लगाए जा रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 3 July 2023 3:14 AM GMT (Updated on: 3 July 2023 3:45 AM GMT)
Modi Cabinet Meeting: PM मोदी की आज बड़ी बैठक, केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाएँ तेज, सहयोगी दलों को मिल सकता है मौका
X
Modi Cabinet Meeting Update ( सोशल मीडिया)

Modi Cabinet Meeting Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं। यह बैठक नए प्रगति मैदान के कन्वेंशन सेंटर में होने वाली है। पीएम मोदी की ओर से कैबिनेट की बैठक बुलाए जाने के बाद से ही मोदी कैबिनेट में फेरबदल के कयास लगाए जा रहे हैं। पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ लंबी बैठक की थी। इस बैठक के बाद से ही मोदी कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाओं ने तेजी पकड़ ली थी।

जानकार सूत्रों का कहना है कि नए सहयोगी दलों को भी मोदी कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। महाराष्ट्र में कल हुए सियासी उलटफेर के बाद एनसीपी को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। शिंदे गुट के नेताओं को भी मौका मिलने की संभावना है। इसके साथ ही बिहार से चिराग पासवान का नाम भी चर्चाओं में है। दरअसल 2024 की सियासी जंग से पहले भाजपा का शीर्ष नेतृत्व एनडीए के कुनबे को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटा हुआ है। इसी सिलसिले में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है।

पीएम आवास पर बैठक के बाद चर्चाएं हुई तेज

सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के यह महत्वपूर्ण बैठक प्रगति मैदान में नवनिर्मित सम्मेलन कक्ष में होने वाली है। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई से होने वाली है और मानसून सत्र से पहले इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। इसके साथ ही मोदी सरकार और भाजपा संगठन में बड़े फेरबदल की चर्चाओं ने तेजी पकड़ ली है। इससे पहले कैबिनेट में फेरबदल दो साल पूर्व जुलाई 2021 में हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 28 जून को गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक के दौरान अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव और कई राज्यों में जल्द होने वाले विधानसभा चुनावों पर गहराई से मंथन किया गया था।

यह बैठक शाह और नड्डा की कई बैठकों के बाद आयोजित की गई थी। इसलिए माना जा रहा है कि कई बदलावों को लेकर पीएम मोदी की मंजूरी के लिए इस बैठक में चर्चा की गई। प्रधानमंत्री आवास पर वही इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गईं।

चुनावी राज्यों में पार्टी को मजबूत बनाने की तैयारी

हिमाचल के बाद कर्नाटक में मिली हार के बाद भाजपा नेतृत्व भी सतर्क हो गया है। अब पार्टी को राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के साथ ही कई अन्य राज्यों में भी विधानसभा चुनाव लड़ना है। इसके साथ ही पार्टी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में भी जुटी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि उन राज्यों को मोदी कैबिनेट में ज्यादा मौका दिया जा सकता है जहां चुनाव होने वाले हैं। इसके साथ ही पार्टी का शीर्ष नेतृत्व क्षेत्रीय दलों को साधने की कोशिश में भी जुटा हुआ है। क्षेत्रीय दलों के प्रमुख चेहरों को भी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

महाराष्ट्र से भी दो प्रमुख नाम चर्चा में

महाराष्ट्र में रविवार को हुए बड़े सियासी घटनाक्रम की छाप भी फेरबदल में दिख सकती है। महाराष्ट्र के सियासी उलटफेर के बाद एनसीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल को भी संभावित दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। प्रफुल्ल पटेल को शरद पवार का काफी करीबी माना जाता रहा है मगर वे खुलकर एनडीए के समर्थन में आ गए हैं। अब उनका नाम भी संभावित मंत्री के रूप में जोर-शोर से लिया जा रहा है।
महाराष्ट्र में अजित पवार के डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस को केंद्रीय मंत्री के रूप में दिल्ली लाए जाने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। भाजपा सूत्रों का भी कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी जब भी मंत्रिमंडल में फेरबदल करेंगे तब सहयोगी दलों को काफी अहमियत दिए जाने की संभावना है। शिंदे गुट के नेताओं को भी इस फेरबदल में बड़ा मौका मिल सकता है। इसके जरिए भाजपा महाराष्ट्र में अपने सियासी समीकरण दुरुस्त करना चाहती है।

बिहार में एनडीए को मजबूत बनाने पर जोर

बिहार में भी भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हिसाब चुकाने के लिए एनडीए के कुनबे को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। पार्टी नेतृत्व की ओर से चिराग पासवान को एनडीए में लाने का प्रयास किया जा रहा है और इस कारण चिराग पासवान का नाम भी चर्चाओं में है। इस कदम के जरिए पार्टी बिहार में दलित वोटों के समीकरण को साधने की कोशिश में जुटी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री और हम के नेता जीतन राम मांझी ने पहले ही एनडीए में शामिल होने का ऐलान कर दिया है।

संगठन में भी होगा बड़ा फेरबदल

भाजपा सूत्रों का कहना है कि आने वाले चुनावों के मद्देनजर कुछ राज्यों और केंद्रीय संगठन में भी बड़ा बदलाव किया जा सकता है। गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बीच इस बाबत कई दौर की बातचीत हो चुकी है। कुछ राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष तैनात करके पार्टी की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की तैयारी है। इसके साथ ही केंद्रीय स्तर पर भी फेरबदल करके 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देने का प्रयास किया जा रहा है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story