×

Rahul Gandhi Disqualified: प्रियंका के निशाने पर पीएम मोदी, कहा- 'हमारा खून कायर, तानाशाह के सामने नहीं झुकेगा'

Rahul Gandhi Disqualified:मानहानि केस में सजा मिलने के एक दिन बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई है। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारी रगों में जो खून दौड़ता है वह आप जैसे कायर, सत्तालोभी और तानाशाह के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा।

Hariom Dwivedi
Published on: 24 March 2023 5:36 PM GMT
Rahul Gandhi Disqualified: प्रियंका के निशाने पर पीएम मोदी, कहा- हमारा खून कायर, तानाशाह के सामने नहीं झुकेगा
X
फाइल फोटो- प्रियंका गांधी

Rahul Gandhi Disqualified: मानहानि केस में सजा मिलने के एक दिन बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई है। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। राहुल गांधी को शहीद प्रधानमंत्री का बेटा करार देते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हमारी रगों में जो खून दौड़ता है वह आप जैसे कायर, सत्तालोभी और तानाशाह के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा। आप कुछ भी कर लीजिए।

प्रियंका गांधी ने एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने लिखा, "नरेंद्र मोदी जी आपके चमचों ने एक शहीद प्रधानमंत्री के बेटे को देशद्रोही, मीर जाफर कहा। आपके एक मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी का पिता कौन है? कश्मीरी पंडितों के रिवाज निभाते हुए एक बेटा पिता की मृत्यु के बाद पगड़ी पहनता है, अपने परिवार की परंपरा कायम रखता है। भरी संसद में आपने पूरे परिवार और कश्मीरी पंडित समाज का अपमान करते हुए पूछा कि वह नेहरू नाम क्यों नहीं रखते। लेकिन आपको किसी जज ने दो साल की सजा नहीं दी...। आपको संसद से डिस्क्वालिफाई नहीं किया...।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट में लिखा, "राहुल जी ने एक सच्चे देशभक्त की तरह अडानी की लूट पर सवाल उठाया...। नीरव मोदी और मेहूल चौकसी पे सवाल उठाया…। क्या आपका मित्र गौतम अडानी देश की संसद और भारत की महान जनता से बड़ा हो गया है कि उसकी लूट पर सवाल उठा तो आप बौखला गए? आप मेरे परिवार को परिवारवादी कहते हैं, जान लीजिए, इस परिवार ने भारत के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा...। ...जिसे आप ख़त्म करने में लगे हैं। इस परिवार ने भारत की जनता की आवाज़ बुलंद की और पुश्तों से सच्चाई की लड़ाई लड़ी। हमारी रगों में जो खून दौड़ता है उसकी एक ख़ासियत है… आप जैसे कायर, सत्तालोभी तानाशाह के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा। आप कुछ भी कर लीजिए।"

Hariom Dwivedi

Hariom Dwivedi

Next Story