×

Rahul Gandhi News: अगले महीने यूरोप दौरे पर जाएंगे राहुल गांधी,सांसदों से मुलाकात के साथ पेरिस में छात्रों को करेंगे संबोधित

Rahul Gandhi Visit Europe: राहुल गांधी पेरिस में विश्वविद्यालय के छात्रों को भी संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का 9 सितंबर को पेरिस में श्रमिक संगठन के साथ बैठक का कार्यक्रम भी तय किया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 29 Aug 2023 2:59 AM GMT (Updated on: 29 Aug 2023 3:06 AM GMT)
Rahul Gandhi News: अगले महीने यूरोप दौरे पर जाएंगे राहुल गांधी,सांसदों से मुलाकात के साथ पेरिस में छात्रों को करेंगे संबोधित
X
Rahul Gandhi visit Europe (PHOTO: social media )

Rahul Gandhi Visit Europe: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सितंबर के पहले हफ्ते में विदेश दौरे पर रवाना होंगे। राहुल गांधी के यूरोप दौरे का पांच दिनों का कार्यक्रम तय किया गया है। अपनी विदेश यात्रा के दौरान राहुल गांधी 7 सितंबर को बेल्जियम में यूरोपीय आयोग के सांसदों के साथ मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी पेरिस में विश्वविद्यालय के छात्रों को भी संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का 9 सितंबर को पेरिस में श्रमिक संगठन के साथ बैठक का कार्यक्रम भी तय किया गया है।

राहुल गांधी का यह विदेश दौरा ऐसे समय में होगा जब राजधानी दिल्ली में जी-20 की महत्वपूर्ण बैठक चल रही होगी। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए दुनिया के कई ताकतवर देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली पहुंचने वाले हैं। राहुल गांधी के पूर्व के विदेश दौरों पर उनके भाषणों को लेकर विवाद पैदा होता रहा है। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि इस बार राहुल गांधी अपने संबोधन में क्या मुद्दे उठाते हैं।

कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी के विदेश दौरे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक वे 7 सितंबर को ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ के सदस्यों के साथ एक बैठक में भाग लेंगे। सूत्रों के अनुसार पूर्व कांग्रेस प्रमुख 8 सितंबर को पेरिस के एक विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करेंगे और वहां एक व्याख्यान देंगे। वे छात्रों के साथ विभिन्न मुद्दों को लेकर संवाद भी कर सकते हैं। उनका 9 सितंबर को पेरिस में फ्रांस के श्रमिक संघ की बैठक में भी भाग लेने का कार्यक्रम तय किया गया है।

इसके बाद राहुल गांधी का नॉर्वे जाने का कार्यक्रम है। वहां पर वे 10 सितंबर को प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित कर सकते हैं। माना जा रहा है कि संवाददाता सम्मेलन के दौरान राहुल विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी राय खुल कर रखेंगे।

अमेरिका यात्रा पर पैदा हुआ था विवाद

विदेश यात्रा के दौरान राहुल गांधी के संबोधन पर पहले भी विवाद होता रहा है। अपनी ब्रिटेन और अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने विभिन्न मुद्दों पर ऐसी बातें रखी थीं जिसे लेकर विवाद पैदा हो गया था और भाजपा ने राहुल पर पलटवार किया था। राहुल गांधी ने गत मई महीने के दौरान अमेरिका का लंबा दौरा किया था। कांग्रेस नेता ने इस दौरान सैन फ्रांसिस्को, वॉशिंगटन डीसी और न्यूयॉर्क शहरों में भारतीय प्रवासियों, उद्यमियों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बातचीत की थी।

अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल ने सुनीता विश्वनाथ से भी मुलाकात की थी। इसे लेकर भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता ने अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान ऐसे लोगों से मुलाकात की जो भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। भाजपा का कहना था कि सुनीता विश्वनाथ जॉर्ज सोरोस की ओर से फंडिंग की जाने वाली एक कंपनी से जुड़ी हुई हैं। हालांकि राहुल ने व्यक्तिगत तौर पर इस मामले में कोई सफाई नहीं दी थी।

मोदी सरनेम केस में सुप्रीम कोर्ट की ओर से राहत मिलने के बाद राहुल गांधी की सांसदी बहाल हो गई है। सांसदी बहाल होने के बाद राहुल गांधी पहली बार विदेश यात्रा पर रवाना होने वाले हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story