×

गौरव की बात है राम मंदिर का शिल्पकार होना : सीबी सोमपुरा

seema
Published on: 15 Nov 2019 9:21 AM GMT
गौरव की बात है राम मंदिर का शिल्पकार होना :  सीबी सोमपुरा
X

अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद अब लोगों में चर्चा है कि मंदिर किस प्रकार बनेगा उसका प्रस्तावित मॉडल क्या होगा? प्रस्तावित मॉडल दो मंजिला है, जो यहां के कारसेवक पुरम में लगा हुआ है। अयोध्या स्थित कार्यशाला में पत्थर तराशने के काम में दो तीन मजदूर लगे हुए हैं। शिल्पकार सीबी सोमपुरा के पुत्र अनु सोमपुरा वहां पर काम देख रहे हैं। मंदिर का निर्माण जैसे जैसे आगे बढ़ता चलेगा पत्थर तराशने का काम बढ़ता रहेगा। मंदिर के मॉडल पर हमारे सहयोगी त्रियुग नरायन तिवारी ने शिल्पकार सीबी सोमपुरा से लंबी बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के अंश :

आपने यह मॉडल किस के कहने पर बनाया?

विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल के अनुरोध पर यह मॉडल बनाया गया था। मैंने उनके आदेश पर यह डिजाइन बनाई थी।

यह भी पढ़ें : Interview : जल्द ही अयोध्या जाऊंगा : कल्याण सिंह

सर्वोच्च अदालत ने मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया है, आप कैसा महसूस कर रहे हैं?

मैं राम जन्म भूमि मंदिर का डिजाइन तैयार कर चुका हूं। इस काम में मुझे बड़ी खुशी मिली थी और अब भी मिल रही है।

मंदिर की क्या खूबियां हैं?

श्रीराम विष्णु के अवतार थे। मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु को अष्टकोण पसंद है। उसी को देखते हुए मंदिर को अष्टकोणीय स्वरूप दिया गया है। पिलर से लेकर मंदिर के स्वरूप तक में इसका ध्यान रखा गया है। इसके अलावा मंदिर में वास्तु शास्त्र का भी ध्यान रखा गया है। श्री राम के मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे देश से आएंगे। मंदिर में मंडप इतना बड़ा होगा कि एक साथ 500 से 600 लोग दर्शन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें : रामलला के सखा त्रिलोकी नाथ पांडेय ने निभाई मित्रता

कितने दिनों में मंदिर के बनने की उम्मीद की जानी चाहिए?

डिजाइन के मुताबिक मंदिर निर्माण में ढाई से 3 साल का समय लग सकता है। हालांकि परिस्थितियां जैसी होंगी वैसा ही समय लगेगा। पहले तो इसकी लागत 50 करोड़ रुपए आंकी गई थी। पर अब ये बढ़ सकती है। मूर्तियों और पत्थरों पर लगी काई को साफ करने का काम समय लेने वाला है।

अब आपकी क्या ख्वाहिश है?

अयोध्या पहले अशोक सिंघल जी के साथ काफी आता जाता रहा। अब इधर काफी दिन से नहीं गया हूं। लेकिन मेरी इच्छा है जब मंदिर निर्माण शुरू हो तो मैं वहां रहूं और देखूं। जो काम चल रहा है उस पर मेरी निगाह रहेगी।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story