×

Patra Chawl Scam: कोर्ट ने शिवसेना MP संजय राउत को 4 अगस्त तक भेजा ED हिरासत में, जिरह में दी ये दलीलें

Patra Chawl scam: ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में शिवसेना सांसद राउत को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई के पात्रा चॉल घोटाला मामले में ईडी ने रविवार को संजय राउत के घर करीब 9 घंटे जांच अभियान चलाया।

aman
Written By aman
Published on: 1 Aug 2022 10:45 AM GMT (Updated on: 1 Aug 2022 11:02 AM GMT)
ed arrest shiv sena mp sanjay raut pmla court parliament bjp maharashtra latest news live update
X

शिवसेना MP संजय राउत (Social Media) 

Patra Chawl scam : शिवसेना सांसद संजय राउत (Shiv Sena MP Sanjay Raut) को पीएमएलए कोर्ट (PMLA Court) ने 4 अगस्त तक ईडी कस्टडी में भेज दिया है। ईडी ने अदालत से आठ दिन की रिमांड मांगी थी। मगर, कोर्ट ने 4 दिन की रिमांड की ही मंजूरी दी है। इससे पहले संजय राउत को मेडिकल टेस्ट के बाद अदालत में पेश किया गया। प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) या ईडी (ED) ने संजय राउत को रविवार को 'पात्रा चॉल घोटाले' (Patra Chawl scam) मामले में मनी लॉन्ड्रिंग (Sanjay Raut Money Laundering Case) से जुड़े केस में गिरफ्तार किया था।

दूसरी तरफ, शिवसेना सांसद संजय राउत की गिरफ्तारी को लेकर संसद में भी हंगामा हुआ। राज्यसभा (Rajya Sabha) और लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया गया। विपक्षी सांसदों ने जमकर बवाल काटा। जिसके बाद सदन की कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा।

गौरतलब है कि, ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में शिवसेना सांसद राउत को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई के पात्रा चॉल घोटाला मामले में ईडी ने रविवार को संजय राउत के घर करीब 9 घंटे जांच अभियान चलाया। इस दौरान, प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने संजय राउत के घर से 11.5 लाख रुपए भी बरामद किए थे।

Live Updates

  • 1 Aug 2022 11:02 AM GMT

    कोर्ट में दी गई ये दलील 

    संजय राउत के वकील मुंदरगी ने अपने मुवक्किल की तरफ से दलील में कहा, कि 'उन्हें कल सुबह 7:30 बजे हिरासत में लिया गया। कल उनकी (संजय राउत) स्वतंत्रता छीन ली गई। इस स्तर पर हमारे पास करने के लिए कोई अन्य सबमिशन नहीं है। लेकिन, दो आवेदन हैं, मेरा क्लाइंट हार्ट पेशेंट है।' इससे पहले पूछताछ के दौरान संजय राउत के वकील उनके साथ रहे। अदालत ने कहा कि, 'हां वकील बैठ सकते हैं। पूछताछ के दौरान, लेकिन कुछ दूरी बनाकर। इस पर ईडी (ED) ने कहा, 'हमें कोई ऑब्जेक्शन नहीं है कि उन्हें दवाई और घर का खाना देने के लिए।

  • 1 Aug 2022 10:44 AM GMT

    गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित 

    इस पर संजय राउत के वकील अशोक मुंदरगी ने अदालत से कहा कि, 'संजय राउत की गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित है। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि वो दिल से संबंधित बीमारी के मरीज हैं। उनकी सर्जरी भी हो चुकी है। इससे जुड़े कागजात अदालत के सामने पेश किए गए।'

  • 1 Aug 2022 10:42 AM GMT

    अलीबाग के किहिम बीच पर प्लॉट ख़रीदा

    कोर्ट में सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वकील हितेन वेनेगावकर ने बताया कि, 'जांच से पता चला कि 1.6 करोड़ रुपए में से अलीबाग के किहिम बीच (Alibaug's Kihim Beach) पर जमीन का एक टुकड़ा खरीदा गया था। जबकि, एक प्लॉट सपना पाटकर (Sapna Patkar) के नाम पर भी लिया गया। जांच में ये भी पता चला कि प्रवीण राउत शिवसेना सांसद संजय राउत का फ्रंट मैन रहा है। संजय राउत को अब तक 4 बार तलब किया गया। मगर, वो सिर्फ एक बार ही एजेंसी के सामने पेश हुए। ईडी के वकील ने कहा, इस दौरान संजय राउत ने सबूतों और अहम गवाहों (Evidence and Witnesses) से छेड़छाड़ की कोशिश की।'

  • 1 Aug 2022 10:36 AM GMT

    ED के वकील ने ये कहा 

    सोमवार को अदालत में हुई सुनवाई में संजय राउत की ओर से उनके वकील अशोक मुंदरगी (Advocate Ashok Mundargi) और ED की तरफ से हितेन वेनेगावकर (Hiten Venegaonkar) ने जिरह की। अदालत में प्रवर्तन निदेशालय के वकील ने तर्क दिया कि, 'गुरु आशीष कंस्ट्रक्शन प्रा लिमिटेड के पूर्व निदेशक प्रवीण राउत (Praveen Raut) ने एक पैसा भी निवेश नहीं किया। जबकि उन्हें 112 करोड़ रुपए मिले। तफ्तीश में पता चलता कि संजय राउत और वर्षा राउत (Varsha Rout) के खाते में 1.6 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए थे। इस प्रकार संजय राउत और उनका परिवार 1.6 करोड़ रुपए का लाभार्थी रहा है।

  • 1 Aug 2022 10:29 AM GMT

    संजय राउत 04 अगस्त तक ED हिरासत में 

    पात्रा चॉल घोटाला मामले में कोर्ट ने सोमवार को शिवसेना सांसद संजय राउत को 04 अगस्त तक ईडी हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से संजय राउत की आठ दिनों की हिरासत मांगी गई थी। 

  • 1 Aug 2022 9:57 AM GMT

    गरजे उद्धव- 'मरना मंजूर, मगर किसी की शरण में नहीं जाऊंगा'

    अपनी पार्टी के सांसद संजय राउत के खिलाफ ईडी द्वारा की जा रही कार्रवाई के बीच महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे का बयान आया है। उद्धव ठाकरे ने खुलकर संजय राउत का समर्थन किया। उन्होंने कहा, उन्हें राउत पर गर्व है। इतना ही नहीं, उद्धव बोले, 'वक्त हमेशा बदलता रहता है। जब हमारा वक्त आएगा तो सोचिए आपका (बीजेपी) क्या होगा। उन्होंने आगे कहा कि, अब महाराष्ट्र की जनता फैसला करेगी। मुझे मरना मंजूर है, मगर किसी की शरण में नहीं जाऊंगा।' 

  • 1 Aug 2022 9:51 AM GMT

    संजय राउत कोर्ट में हुए पेश, मुंदरगी हैं वकील

    सांसद संजय राउत को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट पहुंचते ही उनके भाई सुनील राउत (Sunil Raut) ने उनसे बातें की। शिवसेना सांसद के कोर्ट रूम में प्रवेश करते समय बाहर उनके समर्थकों ने नारेबाजी की। इस बीच संजय राउत ने हाथ जोड़कर अपने समर्थकों का अभिवादन किया। कोर्ट रूम के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। राउत और उनके वकीलों को ईडी के अधिकारियों के साथ अदालत के अंदर ले जाया गया। उसके बाद दरवाजे बंद कर दिए गए। संजय राउत की तरफ से वरिष्ठ वकील अशोक मुंदरगी पेश हुए हैं।

  • 1 Aug 2022 8:48 AM GMT

    'महाराष्ट्र में पॉलिटिकल सर्कस चालू आहे'

    शिवसेना सांसद संजय राउत की गिरफ्तारी के बाद आदित्य ठाकरे ने कहा, कि 'जो कुछ भी महाराष्ट्र में हो रहा है, यह लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने इसे 'पॉलिटिकल सर्कस' बताया।

  • 1 Aug 2022 8:46 AM GMT

    राउत के घर पहुंचे उद्धव ठाकरे

    अपनी पार्टी के सांसद की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे संजय राउत के परिवार से मुलाकात करने उनके घर पहुंचे हैं।

  • 1 Aug 2022 8:44 AM GMT

    सीएम शिंदे ने राउत का बताया 'भोपू'  

    वहीं, शिवसेना के बागी गुट के नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Maharashtra CM Eknath Shinde) ने संजय राउत की गिरफ्तारी पर करारा तंज कसा है। उन्होंने संजय राउत को 'भोपू' बताते हुए कहा कि, 'राउत की गिरफ्तारी के साथ रोज सुबह 8 बजे बजने वाला भोंपू अब बंद हो गया है।' शिंदे का कहना है कि यदि राउत ने कुछ गलत नहीं किया है, तो उन्हें डरने की क्या जरूरत है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story