×

Vice President Election 2022 : जगदीप धनखड़ बने नए उप राष्ट्रपति, 'धाखड़ जीत' पर PM मोदी ने घर जाकर दी बधाई

Vice President Election 2022: भारत के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। अगले उपराष्ट्रपति के लिए मतदान जारी है। आज ही नतीजे घोषित होंगे।

aman
Written By aman
Published on: 6 Aug 2022 1:45 PM GMT (Updated on: 6 Aug 2022 3:15 PM GMT)
vice president election 2022 voting result live updates jagdeep dhankhar margaret alva venkaiah naidu
X

जगदीप धनखड़ को बधाई देते पीएम मोदी 

Vice President Election 2022 : जगदीप धनखड़ देश के अगले उपराष्ट्रपति होंगे। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए शनिवार (06 अगस्त 2022) को मतदान हुआ। मतों की गिनती के बाद एनडीए प्रत्याशी जगदीप धनखड़ के विजयी होने की घोषणा कर दी गई। हालांकि, उपराष्ट्रपति पद की रेस में एनडीए के जगदीप धनखड़ शुरू से आगे रहे थे। क्योंकि, संसद के दोनों सदन का गुना-गणित उनके पक्ष में था। विपक्ष ने संयुक्त रूप से मार्गरेट अल्वा को अपने प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारा था।

उपराष्ट्रपति पद के लिए शनिवार सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ था, जो शाम 5 बजे समाप्त हुई। इसके बाद शाम छह बजे काउंटिंग शुरू हुई। उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA ने जगदीप धनखड़ को जबकि विपक्ष ने मार्गरेट अल्वा को अपना प्रत्याशी बनाया था। आपको बता दें कि, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त 2022 को समाप्त हो रहा है। वेंकैया नायडू के बाद देश के अगले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ होंगे।

गणित जगदीप धनखड़ के पक्ष में

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पास लोकसभा (Lok Sabha) में पूर्ण बहुमत है। जबकि, राज्यसभा (Rajya Sabha) में उसके 91 सांसद हैं। ऐसी स्थिति में जगदीप धनखड़ को अपनी प्रतिद्वंद्वी मार्गरेट अल्वा पर स्पष्ट बढ़त हासिल होती दिख रही है। धनखड़ के अगले उपराष्ट्रपति बनने की संभावना अधिक दिख रही है। नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त 2022 को समाप्त हो रहा है।

Live Updates

  • 6 Aug 2022 3:14 PM GMT

    राहुल गांधी ने एनडीए प्रत्याशी धनखड़ को दी बधाई

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जगदीप धनखड़ को देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने मार्गरेट अल्वा को विपक्ष के उम्मीदवार के तौर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए भी धन्यवाद कहा।


  • 6 Aug 2022 3:08 PM GMT

    'धनखड़ के अनुभव और कानूनी विशेषज्ञता से देश को होगा लाभ'

    उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त 2022 को समाप्त हो रहा है। नायडू ने धनखड़ की जीत पर ट्वीट किया। लिखा, 'जगदीप धनखड़ जी को भारत के 14वें उप राष्ट्रपति चुने जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपके विशाल अनुभव और कानूनी विशेषज्ञता से राष्ट्र को बहुत लाभ मिलेगा। एक सफल और फलदायी कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।'


  • 6 Aug 2022 3:06 PM GMT

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दी बधाई 

    नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने NDA उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद बधाई दी। उन्होंने कहा, 'धनखड़जी के सार्वजनिक जीवन के लंबे और समृद्ध अनुभव से राष्ट्र को लाभ होगा। एक उत्पादक और सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।'


  • 6 Aug 2022 2:59 PM GMT

    मार्गरेट अल्वा ने धनखड़ को दी बधाई 

    उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने अपने प्रतिद्वंद्वी जगदीप धनखड़ को जीत की बधाई दी।  उन्होंने ट्वीट किया,'श्री धनखड़ जी को उपराष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई ! मैं विपक्ष के सभी नेताओं और सभी दलों के सांसदों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस चुनाव में मुझे वोट दिया। साथ ही, हमारे छोटे लेकिन गहन अभियान के दौरान सभी स्वयंसेवकों को उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए।


  • 6 Aug 2022 2:56 PM GMT

    अमित शाह ने जगदीप धनखड़ को दी बधाई

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने देश के उपराष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर एनडीए के प्रत्याशी जगदीप धनखड़ को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'किसान पुत्र जगदीप धनखड़ जी का भारत के उप राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होना पूरे देश के लिए हर्ष का विषय है। धनखड़ जी अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में निरंतर जनता से जुड़े रहे हैं। जमीनी मुद्दों की बारीकी समझ व उनके अनुभव का उच्च सदन को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।'


  • 6 Aug 2022 2:53 PM GMT

    धनखड़ को बधाई देने पहुंचे पीएम मोदी

    एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को जीत की बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा उनसे मिलने पहुंचे।

  • 6 Aug 2022 2:34 PM GMT

    उपराष्ट्रपति चुनाव में जगदीप धनखड़ की जीत

    उपराष्ट्रपति चुनाव में जगदीप धनखड़ विजयी रहे। धनखड़ को कुल 528 वोट मिले हैं। वहीं, विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 182 वोट मिले। 15 वोट अवैध पाए गए। 

  • 6 Aug 2022 1:19 PM GMT

    सपा और शिवसेना के दो-दो तथा बसपा के 1 सांसद ने नहीं किया वोट

    उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए मतदान में आज समाजवादी पार्टी (SP) के दो, शिवसेना (Shiv Sena) के दो और बहुजन समाज पार्टी के एक सांसद ने वोटिंग नहीं की। वहीं, सत्ताधारी बीजेपी के सन्नी देयोल और संजय धोत्तरे ने स्वास्थ्य वजहों से मतदान नहीं किया। जबकि, टीएमसी (TMC) ने पहले ही चुनाव में मतदान नहीं करने का फैसला किया था। आज कुल 725 सांसदों ने वोटिंग की।

  • 6 Aug 2022 12:51 PM GMT

    जगदीप धनखड़ की जीत तय, बधाई देने जाएंगे पीएम मोदी

    उपराष्ट्रपति चुनाव के रिजल्ट थोड़ी देर में घोषित हो जाएंगे। जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी एनडीए प्रत्याशी जगदीप धनखड़ को बधाई देने 11 अकबर रोड जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी जगदीप धनखड़ से मिलने जाएंगे। उम्मीद है कि इस चुनाव में जगदीप धनखड़ की जीत सुनिश्चित है।

  • 6 Aug 2022 12:11 PM GMT

    725 सांसदों ने डाले वोट

    उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए मतदान का रिजल्ट थोड़ी देर में आ जाएगा। लेकिन, आज वोटिंग में 725 सांसदों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story