×

Weather Update Today: मौसम का अलर्ट! चक्रवात बिपरजॉय का राजस्थान में असर, रेल और विमान सेवाएं प्रभावित

Weather Update Today 17 June 2023: मौसम विभाग की ओर से राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उदयपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाली दो फ्लाइटों को कैंसिल करने के साथ ही बाड़मेर से गुजरने वाली 14 ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 17 Jun 2023 2:45 AM GMT (Updated on: 17 Jun 2023 2:57 AM GMT)
Weather Update Today: मौसम का अलर्ट! चक्रवात बिपरजॉय का राजस्थान में असर, रेल और विमान सेवाएं प्रभावित
X
Weather Update Today (photo: social media )

Weather Update Today 17 June 2023: चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने गुजरात में भारी तबाही मचाने के बाद अब राजस्थान में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान के कई जिलों में शनिवार सुबह से ही काफी तेज गति से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की ओर से राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उदयपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाली दो फ्लाइटों को कैंसिल करने के साथ ही बाड़मेर से गुजरने वाली 14 ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है।

दूसरी ओर उत्तर भारत के लोग अभी भी भीषण गर्मी से बेहाल हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई इलाकों में लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। हीटवेव के कारण लोगों का दिन में घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी भारत और उत्तर पश्चिमी भारत में 19 जून तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पूर्वी भारत के आसपास के कुछ क्षेत्रों और दक्षिणी प्रायद्वीप में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं।

अब राजस्थान में चक्रवाती तूफान का कहर

सौराष्ट्र और कच्छ में भारी तबाही मचाने के बाद अब चक्रवाती तूफान बिपरजॉय राजस्थान के लिए मुसीबत बनता दिख रहा है। इस चक्रवाती तूफान ने शुक्रवार की रात राजस्थान में दस्तक दी। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में इसका असर रविवार तक बना रहेगा।

शनिवार सुबह से ही राजस्थान के जोधपुर, उदयपुर, सिरोही, बाड़मेर और जालोर आदि जिलों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग की ओर से जालोर, सिरोही, बाड़मेर और पाली जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवाओं के साथ भारी बारिश

पाकिस्तानी सीमा से सटे बाड़मेर के पांच गांवों से करीब पांच हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। बारिश के साथ ही विभिन्न जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं भी चल रहे हैं। शुक्रवार को भी राजस्थान के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई थी।

राजस्थान में बदले हुए मौसम का रेल और विमान सेवा पर भी असर पड़ा है। बाड़मेर से गुजरने वाली 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जबकि उदयपुर से दिल्ली मुंबई जाने वाली दो उड़ानों को भी कैंसिल किया गया है। चक्रवाती तूफान के कारण बाड़मेर के कई इलाकों से पेड़ों के गिरने की सूचना भी मिली है।

राजधानी दिल्ली में बरसेंगे बादल

इस बीच राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है राजधानी में बारिश का दौर जारी रहेगा। राजधानी दिल्ली में बिपरजॉय के असर के कारण कल भी बारिश हुई थी। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा।

इसके साथ ही दिल्ली के अधिकतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि 18 और 19 जून को राजधानी का मौसम सुहाना बना रहेगा। तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यूपी में देरी से दस्तक देगा मानसून

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के लोगों को अभी मानसून के लिए इंतजार करना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। धूप की तपिश और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने मानसून की गति को कमजोर कर दिया हो। इस कारण राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मानसून के देरी से दस्तक देने की संभावना जताई गई है। वैसे स्काईमेट वेदर के मुताबिक राजस्थान में भारी वर्षा के बाद मध्य और पूर्वी यूपी के साथ मध्य प्रदेश में 20 जून से बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी का कहना है कि पश्चिम बंगाल,ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले सप्ताह लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में लू चलने की आशंका है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story