×

Weather Today Update: महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट,हिमाचल और उत्तराखंड में भी आसमानी आफत की चेतावनी

Weather Today Update 20 July 2023: पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक कई नदियां उफान पर दिख रही हैं। कई नदियों के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने के कारण तमाम इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 20 July 2023 4:10 AM GMT
Weather Today Update: महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट,हिमाचल और उत्तराखंड में भी आसमानी आफत की चेतावनी
X
Weather Today Update (photo: social media )

Weather Today Update 20 July 2023: देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता का व्यापक असर दिख रहा है। लगभग पूरे देश में मानसून की सक्रियता के कारण झमाझम बारिश हो रही है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में बाढ़ भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक कई नदियां उफान पर दिख रही हैं। कई नदियों के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने के कारण तमाम इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग की ओर से आज भी देश के कई इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और दक्षिण गुजरात में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तर भारत के साथ ही दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भी झमाझम बारिश के आसार हैं।

मुंबई समेत कई इलाकों में होगी भारी बारिश

मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार के लिए महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मुंबई के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के दौरान काफी तेज गति से हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में रुक-रुक कर मध्यम से तेज बारिश होने की आशंका है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई महानगर क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे घर के अंदर ही रहे और सेल्फी लेने के लिए बाहर न निकलें। मुख्यमंत्री शिंदे ने मुंबई की स्थिति का आकलन करने के लिए बीएमसी नियंत्रण कक्ष का दौरा किया और अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ डटे रहने का निर्देश दिया। रेल सेवाएं और स्थानीय यातायात प्रभावित होने की आशंका के कारण मुख्यमंत्री ने दफ्तरों को जल्दी बंद करने का आदेश भी दिया है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग का कहना है कि आज देश के कई राज्यों में तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले तीन-चार दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से इन दोनों राज्यों में 23 जुलाई तक तेज बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इन दोनों राज्यों में पिछले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा है। आने वाले दिनों में भी इन राज्यों को भारी बारिश से निजात नहीं मिलने वाली है। इन दोनों राज्यों के अलावा राजस्थान के कई इलाकों में भी शनिवार तक मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के अनुसार मुंबई और इसके आसपास के इलाकों के साथ-साथ दक्षिण गुजरात में आज मदन से भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, दक्षिण मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण ओडिशा और दक्षिण पूर्व राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश आंतरिक कर्नाटक और बिहार में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story