×

Weather Update Today: दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में आज होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Weather Today Update 28 july 2023: मौसम विभाग की ओर से आज मुंबई में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। थाणे जिले के सभी स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 28 July 2023 5:08 AM GMT
Weather Update Today: दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में आज होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
X
Weather Today Update (photo: social media )

Weather Today Update 28 july 2023: देश के कई इलाकों में आज भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से इन सभी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग की ओर से आज मुंबई में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। थाणे जिले के सभी स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 52 जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। राजधानी लखनऊ और कानपुर समय प्रदेश के 32 जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है।

इन इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आज भारी बारिश होने की आशंका है। उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज आंधी और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी तेज आंधी के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

गुजरात में पिछले कई दिनों से आफत वाली बारिश हो रही है और राज्य के सौराष्ट्र और कच्छ इलाकों में आज भी तेज आंधी की चेतावनी दी गई है। आईएमडी ने गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाके में तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई है।

यूपी पर भी मेहरबान होगा मानसून

पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई दिनों से बारिश न होने के कारण लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं मगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के 52 जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का खासा असर दिखने की संभावना है।

लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट और उन्नाव समेत प्रदेश के 32 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है जबकि 20 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो दिनों के बाद भारी बारिश होने की आशंका है। हालांकि अगले 48 घंटे के दौरान भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मुंबई में आज भी भारी बारिश का येलो अलर्ट

मुंबई के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात काफी प्रभावित हुआ। रेल पटरियों पर पानी भर जाने के कारण भी लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। हालांकि पश्चिम रेलवे की ओर से रेल यातायात प्रभावित न होने का दावा किया गया है।

मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को भी मुंबई में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर ठाणे जिले के सभी स्कूलों को आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

राजधानी दिल्ली में बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को भी बारिश हुई। मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को भी राजधानी के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम के जानकारों के मुताबिक आज बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक तेलंगाना, विदर्भ, कोंकण व गोवा, मध्य प्रदेश और तटीय कर्नाटक में आज मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़,उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दक्षिणी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, केरल, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। गुजरात, झारखंड, दक्षिणी हरियाणा, बिहार, दक्षिणी पंजाब, लक्षद्वीप, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story