×

Weather Today Update: यूपी और बिहार में जमकर बरसेंगे बादल, प्रदेश के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Today Update 29 June 2023:देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और महाराष्ट्र के कई अन्य इलाकों में आज और कल भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 29 Jun 2023 4:12 AM GMT
Weather Today Update: यूपी और बिहार में जमकर बरसेंगे बादल, प्रदेश के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
X
Weather Today Update 29 June 2023 (photo: social media )

Weather Today Update 29 June 2023: मानसून की सक्रियता के बाद देश के अधिकांश राज्यों में अब झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक जोरदार बारिश होने की संभावना है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और महाराष्ट्र के कई अन्य इलाकों में आज और कल भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली में भी आज बारिश का दौर बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले तीन दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है जबकि अन्य जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के कई अन्य इलाकों में भी आज मानसून की सक्रियता का खासा असर दिखेगा।

यूपी के सभी जिलों में बरसेंगे बादल

उत्तर प्रदेश में मानसून ने अब जोरदार तरीके से दस्तक दे दी है। मौसम विभाग की ओर से जून महीने में पहली बार पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार की शाम से ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ,वाराणसी और नोएडा समेत कई इलाकों में सुबह भी अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 27 जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है जबकि शेष अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि 29 जून से 1 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का यह दौर बना रहेगा। मंगलवार की शाम से बुधवार तक सबसे ज्यादा बारिश हो गोरखपुर में हुई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि आज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है और यह सिलसिला 1 जुलाई तक बना रहेगा। इस दौरान कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है। जानकारों का कहना है कि यह बारिश खेती के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।

राजधानी दिल्ली में भी होगी झमाझम बारिश

राजधानी दिल्ली में बुधवार को हल्की बारिश होने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में गुरुवार को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मानसून ने अपने निर्धारित समय से दो दिन पहले रविवार को राजधानी में दस्तक दी थी। मानसून की दस्तक से पूर्व दिल्ली के लोग भीषण गर्मी से जूझ रहे थे मगर बारिश के बाद अब लोगों को काफी राहत मिली है।

कई अन्य प्रदेशों में भी बारिश के आसार

स्काईमेट वेदर के मुताबिक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा और तटीय कर्नाटक में आज मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार के पूर्वी हिस्सों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, केरल, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

उत्तर प्रदेश समेत कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में बिहार, झारखंड, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मराठवाड़ा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और राजस्थान के शेष हिस्से शामिल हैं। दिल्ली-एनसीआर, रायलसीमा, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश का दौर बना रहेगा।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story