×

Weather Update Today: पश्चिमी यूपी में आज भारी बारिश के आसार,दिल्ली समेत कई इलाकों में जमकर बरसेंगे बादल

Weather Update Today 7 July 2023: प्रदेश में बारिश का दौर 12 जुलाई तक बने रहने की संभावना है। 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

Anshuman Tiwari
Published on: 7 July 2023 4:50 AM GMT
Weather Update Today: पश्चिमी यूपी में आज भारी बारिश के आसार,दिल्ली समेत कई इलाकों में जमकर बरसेंगे बादल
X
Weather Today (photo: Newstrack.com )

Weather Update Today 7 July 2023: देश के कई इलाकों में इन दिनों मानसून की सक्रियता के कारण तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से आज भी देश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में बारिश का दौर 12 जुलाई तक बने रहने की संभावना है। 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, पूर्वी राजस्थान, तटीय कर्नाटक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में आज भी झमाझम बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में गुरुवार को भी तेज बारिश हुई थी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होगी भारी बारिश

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान कन्नौज में सबसे ज्यादा 251 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के ऊपर बने चक्रवात की वजह से विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। बारिश का यह दौर 12 जुलाई तक बने रहने की संभावना है। 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और आकाशीय बिजली से लोगों की मौत होने की खबर है।

कई प्रदेशों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड में आज भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी दी है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

तूफानी हवाएं बनेगी मुसीबत

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम मध्य, दक्षिण-पश्चिम और पूर्व मध्य अरब सागर के आसपास के हिस्सों में आज काफी तेज गति से हवाएं चलेंगी हवाओं की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हो सकती है। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात तटों, मन्नार की खाड़ी और लक्षद्वीप क्षेत्र में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में मछुआरों को समुद्र की ओर न जाने की सलाह दी गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के अनुसार केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण-गोवा और गुजरात में आज भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम के कुछ हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर पूर्व भारत, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लद्दाख और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story