×

Weather Update: प्रचंड गर्मी और बढ़ते तापमान से लोग बेहाल, जानिए प्रदेश को कब मिल सकती है राहत

Weather Update: शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव की आशंका जताई गई है। हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

Anshuman Tiwari
Published on: 10 Jun 2023 7:10 AM GMT
Weather Update: प्रचंड गर्मी और बढ़ते तापमान से लोग बेहाल, जानिए प्रदेश को कब मिल सकती है राहत
X
Aaj Ka Mausam (photo: social media )

Weather Update: उत्तर प्रदेश समेत प्रदेश के कई इलाके इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को बेहाल कर रखा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में झांसी सबसे गर्म रहा। यहां पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया। प्रयागराज में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव की आशंका जताई गई है। हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मौसम के जानकारों के मुताबिक प्रदेश में 20 जून के बाद प्री मानसून की बारिश होने की उम्मीद है।

झांसी में पारा 45 डिग्री से ऊपर पहुंचा

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। झांसी प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा। यहां पर पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गोरखपुर और आगरा में भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पड़ रही प्रचंड गर्मी के कारण लोग सुबह दस बजे के बाद बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं।

मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 13 शहरों में शनिवार को भी हीटवेव का दौर जारी रहने का अलर्ट जारी किया गया है। वैसे राहत पहुंचाने वाली बात यह है कि मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 20 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम के जानकारों के मुताबिक अगर दक्षिण पश्चिमी हवाएं लगातार चलती रहीं तो प्रदेश में मानसून जल्द दस्तक दे सकता है। प्रदेश में 20 जून के बाद प्री मानसून की उम्मीद जताई गई है। पश्चिमी हवाओं में नमी आने के कारण कुछ जिलों में कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश होने की उम्मीद है।

राजधानी दिल्ली में कब दस्तक देगा मानसून

राजधानी दिल्ली के लोग भी इन दिनों भीषण गर्मी से बेहाल है। शुक्रवार को राजधानी में करीब दो हफ्ते बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। दक्षिण पश्चिम मानसून गुरुवार को केरल में दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 27 जून तक मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग का कहना है कि विभाग की ओर से जून के दूसरे पखवाड़े में मानसून के पहुंचने की सही तिथि का आंकलन किया जा सकता है। वैसे यदि पिछले 10 सालों का विश्लेषण किया जाए तो राजधानी दिल्ली में मानसून ने छह बार जुलाई में और चार बार जून में दस्तक दी है।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका है। कर्नाटक, तमिलनाडु, रायलसीमा और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी आने की आशंका है। इन इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story