×

Lucknow Weather Today 9 June 2023: लखनऊ में दो दिन आसमान से बरसेगी 'आग', फिर छाएंगे बदरा...कब होगी बारिश?

Lucknow Weather Today 9 June 2023: राजधानी लखनऊ में इन दिनों सूरज की तल्खी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है।तपिश के साथ पछुआ हवाएं लोगों को बेहाल किए है। आंचलिक मौसम विभाग का कहना है प्रचंड गर्मी का प्रकोप बरक़रार रहेगा।

Aman Kumar Singh
Published on: 8 Jun 2023 10:30 PM GMT
Lucknow Weather Today 9 June 2023: लखनऊ में दो दिन आसमान से बरसेगी आग, फिर छाएंगे बदरा...कब होगी बारिश?
X
Lucknow Weather Today 9 June 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 9 June 2023: यूपी इन दिनों भीषणगर्मी और तपिश से जुझा रही है। तापमान लगातार ऊपर चढ़ता जा रहा है। गर्मी का ये आलम है कि, जेठ की दोपहरी में घर से बाहर निकलना मुहाल हो गया है। तेज धूप, तपन और लू के थपेड़ों ने शहरवासियों को अपने-अपने घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है। अलसुबह हल्की हवाएं थोड़ा सुकून जरूर देती हैं, लेकिन 8 बजे के बाद सूरज की रोशनी झुलसाने लगती है। आसमान साफ़ होने के कारण सूर्य का तेज लोगों के जनजीवन को खासा प्रभावित कर रहा है।

इस बीच, मौसम विभाग का कहना है कि, अभी दो दिन और गर्मी परेशान करेगी। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि, राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में 11 जून से बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। उसके बाद बारिश की संभावना है। भीषण गर्मी से निजात के लिए प्रदेश वासियों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।

तपिश के साथ पछुआ हवाओं ने किया बेहाल

राजधानी लखनऊ में इन दिनों सूरज की तल्खी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। साथ ही, तपिश के साथ पछुआ हवाएं लोगों को बेहाल किए हुए है। घरों में एसी और कूलर भले ही थोड़ी राहत दे देती है। पंखे बेअसर हैं। आंचलिक मौसम विभाग का कहना है प्रचंड गर्मी का प्रकोप बरक़रार रहेगा। मगर, सुखद बात ये है कि आने वाले दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक देने वाला है। जिसके बाद प्रदेश वासियों को राहत मिलेगी।

लखनऊ में आज भी झुलसाएगी गर्मी

लखनऊ का तापमान दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार (09 जून) को राजधानी का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में आसमान साफ रहेगा और 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी। दिन में आर्द्रता 43 प्रतिशत के करीब रहेगा। शाम होने पर मामूली राहत मिल सकती है। विभाग की मानें तो शनिवार को न्यूनतम तापमान में और इजाफा होगा, जिससे गर्मी बढ़ेगी। खासकर बच्चों और बूढ़ों को बढ़ती गर्मी से सावधान रहने की हिदायत दी गई है।

प्रदेश के कई जिलों में लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने 10 जून से एक बार फिर तराई क्षेत्र और उत्तरी जिलों में बारिश तो वहीं दक्षिणी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज धूल भरी हवाएं और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो रही है। हालांकि, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने के आसार हैं।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story