×

Weather Update: उत्तर भारत में अब शुष्क मौसम के साथ बढ़ेगी गर्मी, दिल्ली में जल्द 40 डिग्री पर पहुंचेगा पारा

Weather Update: मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में कुछ दिनों के भीतर ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।

Anshuman Tiwari
Published on: 11 April 2023 10:16 AM GMT
Weather Update: उत्तर भारत में अब शुष्क मौसम के साथ बढ़ेगी गर्मी, दिल्ली में जल्द 40 डिग्री पर पहुंचेगा पारा
X
Weather Today (photo: social media )

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अभी तक गर्मी से राहत पाने वाले राज्यों को अब भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग की ओर से अब उत्तर भारत में लंबे समय तक मौसम शुष्क बने रहने और तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में कुछ दिनों के भीतर ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी तापमान चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने की आशंका जताई गई है।

मौसम के जानकारों के मुताबिक पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल में भी कई स्थानों पर आज बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान और जम्मू कश्मीर में भी आज बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में 40 डिग्री पर पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में जल्द ही भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी गई है। सोमवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण अभी तक अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा था। अब तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और आगे चलकर तापमान और बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिनभर तेज धूप निकलने के कारण अब दिल्ली का तापमान तेजी से बढ़ेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों के दौरान राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाने की आशंका जताई है।

मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाता है तब लू की घोषणा की जाती है। अप्रैल से जून के दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। 15 से 16 अप्रैल के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।

राजस्थान में बेहाल करने लगी गर्मी

पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने के साथ ही राजस्थान में भी भीषण गर्मी का एहसास होने लगा है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गर्मी अब लोगों को बेहाल करने लगी है। स्थानीय मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के बांसवाड़ा में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 48 घंटे के दौरान राज्य अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि जोधपुर और बीकानेर संभाग में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और दोपहर बाद कुछ इलाकों में बादलों की गर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में आगामी दो-तीन दिनों के दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा।

ओडिशा में भीषण गर्मी की आहट

ओडिशा में एक बार फिर भीषण गर्मी की आहट सुनाई देने लगी है। भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा में कल अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन दोनों स्थानों पर सोमवार की दोपहर अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के विभिन्न इलाकों में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

इन इलाकों में बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। केरल में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान और जम्मू कश्मीर में एक-दो स्थानों पर बादलों के गरजने की आशंका है। पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि अगले दो-तीन दिनों के दौरान लू जैसी स्थिति नहीं दिखेगी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story