×

Weather Update: अब प्रचंड गर्मी का फुल टॉर्चर झेलने को हो जाइए तैयार, दो राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

Weather Update:उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है और जल्द ही इसके 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाने की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Published on: 13 April 2023 9:10 AM GMT
Weather Update: अब प्रचंड गर्मी का फुल टॉर्चर झेलने को हो जाइए तैयार, दो राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
X
Weather Today Update (photo: social media )

Weather Update: देश के मैदानी इलाके भीषण गर्मी में तपने लगे हैं। आईएमडी का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में जल्द ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच जाएगा। उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाने लगी है। गंगीय पश्चिम बंगाल में कल से हीटवेव की शुरुआत हो गई है जबकि ओडिशा में भी आज से ही हीटवेव की चेतावनी दी गई है। अगले पांच दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

इस बीच मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर यह है कि 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इस पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही दक्षिण गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, केरल और अरुणाचल प्रदेश में आज हल्की बारिश होने की संभावना है।

यूपी में तेज गति से चलेंगी हवाएं

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है और जल्द ही इसके 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाने की संभावना है। राजधानी लखनऊ समेत राज्य के प्रमुख शहरों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश के विभिन्न जिलों में तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी, आगरा, कानपुर, बरेली और मेरठ आदि जिलों में इन हवाओं का असर दिख सकता है। इस दौरान धूल का गुबार उठने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली में भीषण गर्मी की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अब रात के वक्त भी लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग की ओर से आज राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 4 दिनों में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को सुबह के समय हल्के बादल छाए रहे मगर इसके बावजूद गर्मी के तेवर ढीले नहीं पढ़े। बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री अधिक है।

ओडिशा में अभी और चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग की ओर से ओडिशा के तापमान में 16 अप्रैल तक लगातार बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कई स्थानों पर तापमान जल्द ही 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाएगा। बारीपदा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राज्य में बढ़ती गर्मी के कारण कक्षा 1 से 12 तक के स्कूली बच्चों का समय पहले ही बदला जा चुका है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि आंधी-तूफान की गतिविधियों में कमी आने के बाद अगले दो-तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वैसे आईएमडी की ओर से राज्य के दक्षिणी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

विदर्भ में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा

महाराष्ट्र के कई इलाकों में भीषण गर्मी का एहसास होने लगा है। खास तौर पर विदर्भ में प्रचंड गर्मी अब लोगों को बेहाल करने लगी है। विदर्भ क्षेत्र में स्थित चंद्रपुर जिले में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक चंद्रपुर जिले में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अगले 24 से 48 घंटे के दौरान हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की मेघ गर्जना हो सकती है। दक्षिण गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है। केरल के दक्षिणी हिस्सों में भी गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story