×

Weather Update: दिल्ली समेत उत्तर भारत को बेहाल करेगी गर्मी, इन राज्यों में अभी भी बारिश का माहौल

Weather Update: मौसम विभाग की ओर से इन इलाकों में अब आगे मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है जिससे तापमान में वृद्धि होगी।

Anshuman Tiwari
Published on: 12 April 2023 9:36 AM GMT
Weather Update: दिल्ली समेत उत्तर भारत को बेहाल करेगी गर्मी, इन राज्यों में अभी भी बारिश का माहौल
X
Weather Today Update (photo: social media ))

Weather Update: उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में मौसम साफ होने के बाद अब तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई अन्य इलाकों के लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी और बेहाल करेगी। मौसम विभाग की ओर से इन इलाकों में अब आगे मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है जिससे तापमान में वृद्धि होगी। ओडिशा और दिल्ली में जल्द ही तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाने की आशंका है।

दूसरी और देश के कई इलाकों में अभी भी बारिश का माहौल बना हुआ है। मौसम के जानकारों के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजधानी दिल्ली में बढ़ने लगा तापमान

आईएमडी के क्षेत्रीय केंद्र का कहना है कि राजधानी दिल्ली में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने के कारण 15-16 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। 17 अप्रैल के बाद राजधानी के लोगों को गर्मी बेहाल करना शुरू कर देगी क्योंकि तब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।

वैसे राजधानी में अभी लू चलने की संभावना नहीं है। मौसम के जानकारों के मुताबिक राजधानी में अगले 10 दिनों तक मानसून पूर्व की गतिविधि की संभावना न होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अप्रैल महीने के अंत के दौरान राजधानी के लोगों को लू के थपेड़े सहने पड़ सकते हैं।

ओडिशा में 40 डिग्री पर पहुंचेगा पारा

भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि ओडिशा के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई इलाकों में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाने की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

बढ़ती गर्मी के मद्देनजर राज्य सरकार की ओर से स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों का समय सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक होगा। स्कूली बच्चों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए सरकार की ओर से यह कदम उठाया गया है। राज्य में 35 स्थानों पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है। बारीपदा में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक राजस्थान के पश्चिमी भागों में आज धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और केरल में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।

पश्चिमी हिमालय, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। देश के अधिकांश हिस्सों के अधिकतम तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के गंगा के मैदानी इलाकों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान मध्यम से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।

देश में इस साल सामान्य रहेगा मानसून

इस बीच मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक इस साल मानसून सामान्य रहने की संभावना है। एक बार जून से सितंबर महीने के दौरान देश में 83.5 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। जून से सितंबर तक 96 फ़ीसदी बारिश रिकॉर्ड होने की संभावना है। यह सामान्य बारिश की कैटेगरी में आता है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून के दौरान इस साल उत्तर पश्चिम भारत, पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में सामान्य से लेकर कम बारिश हो सकती है। दूसरी ओर प्रायद्वीपीय क्षेत्र, इससे सटे पूर्वी, पूर्वोत्तरी क्षेत्रों के कई हिस्सों में तथा उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम रविचंद्रन का कहना है कि इस साल अलनीनो का प्रभाव भी देखने को मिल सकता है। वैसे मौसम विभाग की ओर से मानसून सामान्य रहने का पूर्वानुमान किसानों के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है। इससे पूर्व निजी पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर ने इस साल देश में मानसून के सामान्य से कम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया था। एजेंसी ने 20 फ़ीसदी सूखे की आशंका जताई थी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story