×

Weather Today: दिल्ली और यूपी में गर्मी का कहर, अब लू चलने का अलर्ट, इन राज्यों में बारिश की संभावना

Weather Today: मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Anshuman Tiwari
Published on: 15 April 2023 9:32 AM GMT
Weather Today: दिल्ली और यूपी में गर्मी का कहर, अब लू चलने का अलर्ट, इन राज्यों में बारिश की संभावना
X
Weather Today (photo: social media )

Weather Today: देश के कई राज्यों में भीषण कर्मी लोगों को बेहाल करने लगी है। सुबह से निकलने वाली खिली धूप दोपहर में काफी तीखी हो जा रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में अब प्रचंड गर्मी का कहर दिखने लगा है। मौसम विभाग की ओर से आज राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के कई राज्यों में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। राजधानी दिल्ली में भी 18 अप्रैल से मौसम का तेवर बदल सकता है जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 18 और 19 अप्रैल को छिटपुट बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

राजधानी दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में हाल के दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को राजधानी दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और कई इलाकों में लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है।

वैसे 18 अप्रैल से दिल्ली के मौसम में बदलाव होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। 18 अप्रैल को दोपहर बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। 19 अप्रैल को राजधानी में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 20 अप्रैल को भी राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में देश के कुछ इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान भी लगाया गया है। पंजाब उत्तरी हरियाणा और पश्चिमी राजस्थान में 16 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा और कोंकण व गोवा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेलंगाना के कुछ हिस्सों और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 15 से 17 अप्रैल के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी दी गई है। जम्मू-कश्मीर में 17 अप्रैल और हिमाचल प्रदेश में उत्तराखंड में 18 अप्रैल को ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में भीषण गर्मी से लोग बेहाल

बिहार के लोगों को अब भीषण गर्मी बेहाल करने लगी है। राज्य के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए राजधानी पटना के स्कूलों में समय घटा दिया गया है। मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों में राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। पटना जिला प्रशासन की ओर से छात्रों को लू से बचाने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

राजस्थान में चढ़ने लगा पारा

राजस्थान में बढ़ता तापमान लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि मौजूदा समय में राज्य के अधिकांश स्थानों पर पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस चल रहा है।

एक दिन पूर्व बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था यहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। राज्य के कुछ इलाकों में आज गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जिससे इन इलाकों के लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

ओडिशा में तापमान 44 डिग्री पर पहुंचा

ओडिशा के विभिन्न इलाकों में अब शरीर को तपाने वाली गर्मी पड़ने लगी है। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि राज्य के उत्तरी हिस्से में स्थित बारीपदा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। बारीपदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।

राज्य के 25 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जबकि नौ स्थानों का तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में राज्य के लोगों को गर्मी और बेहाल करेगी क्योंकि मौसम विभाग की ओर से जल्द ही तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक महाराष्ट्र के कई हिस्सों और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल के कुछ हिस्सों और गुजरात में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय में आज शाम से छिटपुट बारिश शुरू हो सकती है। बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में हीटवेव की स्थिति दिख सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story