×

Weather Update: देश के कई हिस्सों में अब लू चलने की चेतावनी, प्रचंड गर्मी लोगों को करने लगी बेहाल

Weather Update: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी है।

Anshuman Tiwari
Published on: 14 April 2023 10:19 AM GMT
Weather Update: देश के कई हिस्सों में अब लू चलने की चेतावनी, प्रचंड गर्मी लोगों को करने लगी बेहाल
X
Weather Today (photo: social media )

Weather Update: उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी गर्मी अब लोगों को बेहाल करने लगी है। मध्य और उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी है।

इस बीच नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से देश के 11 राज्य प्रभावित होंगे। गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

इन प्रदेशों में चार दिनों तक चलेगी लू

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल के मैदानी हिस्सों, बिहार के कुछ भागों, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अगले चार दिनों तक लू चलने की आशंका है। उत्तर पश्चिम भारत के कुछ राज्यों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल से जून के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। मध्य, पूर्वी और उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में लू का प्रकोप भी ज्यादा दिनों तक दिखेगा। मध्य और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इस कारण प्रचंड गर्मी लोगों को बेहाल करने लगी है।

उत्तर प्रदेश में पड़ने लगी भीषण गर्मी

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अब प्रचंड गर्मी का एहसास होने लगा है। प्रदेश के कुछ जिलों में बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि मई का महीना शुरू होने के साथ ही प्रदेश के कई जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश में दिन और रात के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इस दौरान 25-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है। बुधवार को सोनभद्र के चुर्क में सबसे अधिक तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर, सुल्तानपुर और रायबरेली में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। गुरुवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी दिल्ली में पारा 40 डिग्री के पार

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान तेज धूप निकलने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। गुरुवार को सुबह से ही दिल्ली में तेज धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ धूप के तेवर और तल्ख हो गए। इस कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अगले दो-तीन दिनों के दौरान मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। मिट्टी में नमी कम होने के साथ ज्यादा धूल उड़ने से राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।

मुंबई में झमाझम बारिश

मुंबई में गुरुवार को आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। बेमौसम हुई इस बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे के दौरान मुंबई में 15.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई के पूर्वी इलाकों में देर रात हल्की से मध्यम बारिश हुई जबकि पश्चिमी उपनगरों में झमाझम बारिश हुई। इस बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव भी हो गया।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इस कारण पश्चिमी हिमालय पर 15 अप्रैल की रात से बारिश और गरज के साथ बौछारों का नया दौर शुरू हो सकता है। गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story