×

Weather Update: यूपी और बिहार समेत नौ राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, इन इलाकों में बारिश से मिल सकती है राहत

Weather Update:उत्तर प्रदेश,ओडिशा, झारखंड और सिक्किम में भी हीटवेव की स्थिति दिखने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में भी आज लू जैसे हालात दिख सकते हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 18 April 2023 9:09 AM GMT
Weather Update: यूपी और बिहार समेत नौ राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, इन इलाकों में बारिश से मिल सकती है राहत
X
Weather Today Update (photo: social media ))

Weather Update: देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप ने लोगों को बेहाल कर रखा है। गर्मी का तल्ख तेवर लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से नौ राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश,ओडिशा, झारखंड और सिक्किम में भी हीटवेव की स्थिति दिखने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में भी आज लू जैसे हालात दिख सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

इस बीच देश के कई राज्यों में आज से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। राजधानी दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का तेवर बदलने की संभावना है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, कोकण और गोवा में बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर आंधी-तूफान और ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।

यूपी और दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बेहाल दिख रहे हैं। वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। डॉक्टरों का कहना है कि गर्म हवाओं के साथ मौसम में हो रहे बदलाव से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है।

राजधानी दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप दिख रहा है और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी के लोगों को आज भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग की ओर से आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से गुरुवार के बीच राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे दिल्ली के लोगों को हल्की राहत मिल सकती है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिहार में चिलचिलाती धूप ने किया बेहाल

बिहार में पिछले कई दिनों से लोग भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। रोहतास राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा क्योंकि यहां पर अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना में भी भीषण गर्मी पड़ रही है और यहां पर अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य के लोगों को चिलचिलाती धूप से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों के दौरान बिहार में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

झारखंड, सिक्किम और ओडिशा में अगले दो-तीन दिनों के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। झारखंड में भीषण गर्मी की वजह से रांची स्थित मौसम केंद्र की ओर से येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई इलाकों में हीटवेव लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। 19 अप्रैल को राज्य के कई इलाकों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है जबकि 20 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में होगी बारिश और ओलावृष्टि

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर आज भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम राजस्थान में भी कई स्थानों पर तेज आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में भी तेज हवा के साथ कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में कल से अगले चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां दिख सकती हैं। इस कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अगले पांच दिनों तक आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में 18 से 20 अप्रैल तक आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में आज और कल और उत्तराखंड में 19 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पश्चिमी हिमालय पर कम से कम अगले दो से तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश होने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 18 से 20 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।19 से 20 अप्रैल के बीच दिल्ली और एनसीआर में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story