TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Weather Update Today : यूपी के 36 जिलों में आज आंधी-पानी का अलर्ट,प्रदेश में जल्द होगी झमाझम मानसूनी बारिश

Weather Update Today 23 June 2023: आज भी प्रदेश के 36 जिलों में आंधी और पानी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का दौर जारी है।

Anshuman Tiwari
Published on: 23 Jun 2023 4:57 AM GMT
Weather Update Today : यूपी के 36 जिलों में आज आंधी-पानी का अलर्ट,प्रदेश में जल्द होगी झमाझम मानसूनी बारिश
X
Weather Update Today (photo: social media )

Weather Update Today 23 June 2023: कमजोर पड़ चुके चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर अभी भी उत्तर प्रदेश में बना हुआ है। गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। आज भी प्रदेश के 36 जिलों में आंधी और पानी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी पश्चिमी मानसून की रफ्तार को देखते हुए शनिवार तक उसके पूरे प्रदेश में छा जाने की संभावना है।

दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का दौर जारी है। दिल्ली में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय दिख रहा है और आज देश के 26 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

यूपी के 36 जिलों में येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश में अभी भी चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर दिख रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग की ओर से आज भी प्रदेश के 36 जिलों में आंधी और पानी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई इलाकों में 26 जून तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। गुरुवार को कानपुर में सबसे ज्यादा 115 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम के जानकारों का कहना है कि कमजोर पड़ने के बावजूद बिपरजॉय को बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण ताकत मिल रही है। इसी कारण प्रदेश के कई जिलों में बारिश का माहौल बना हुआ है।

कल दस्तक दे सकता है मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिमी मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। इसकी रफ्तार को देखते हुए आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार तक इसके पूरे प्रदेश में छा जाने की संभावना जताई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल दिख रही हैं। अगर परिस्थितियां ऐसी ही बनी रहीं तो शनिवार तक मानसूनी बारिश पूरे प्रदेश को भिगोएगी।

इन इलाकों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग की ओर से मानसून के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, दक्षिण भारत के कुछ और हिस्सों, ओडिशा के शेष हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल दिख रही हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और तेलंगाना में अलग-अलग जगहों पर भारी वर्षा हो सकती है। ओडिशा के कई इलाकों में भी भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज आंधी चलने की आशंका जताई है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।।

तेज गति से हवाएं चलने की आशंका

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, विदर्भ, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम, मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर और मन्नार की खाड़ी में आज काफी तेज गति से हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने केरल-कर्नाटक-गोवा-कोंकण और आंध्र प्रदेश के तटों, लक्षद्वीप, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में भी तूफानी गति से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को समुद्री तटों की ओर न जाने की सलाह दी गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक सिक्किम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी बिहार, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बारिश होने के आसार हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story