×

WFI Election 2023: भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव पर हरियाणा HC की रोक, कल नहीं होंगे इलेक्शन, जानें पूरा मामला?

WFI Election 2023: पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। कुश्ती संघ के लिए कल यानी 12 अगस्त को चुनाव होना था।

Aman Kumar Singh
Published on: 11 Aug 2023 12:04 PM GMT (Updated on: 11 Aug 2023 12:29 PM GMT)
WFI Election 2023: भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव पर हरियाणा HC की रोक, कल नहीं होंगे इलेक्शन, जानें पूरा मामला?
X
WFI Election 2023 (Social Media)

WFI Election 2023: पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (Punjab-Haryana High Court) ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के चुनाव पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। कुश्ती संघ के लिए कल यानी शनिवार (12 अगस्त) को चुनाव होना था।

दरअसल, 4 उम्मीदवार अध्यक्ष पद पर, जबकि 3 वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 6 उपाध्यक्ष, 3 महासचिव, 2 कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और 9 उम्मीदवार कार्यकारी सदस्य पद के लिए मैदान में हैं। जानकारी के अनुसार, 15 पदों पर 30 कैंडिडेट ने नामांकन किया है। अध्यक्ष पद पर एक महिला उम्मीदवार ने भी आवेदन किया है।

हाईकोर्ट ने क्यों लगाई रोक?

हरियाणा रेसलिंग एसोसिएशन (Haryana Wrestling Association) ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। जिस पर आज सुनवाई हुई है। दायर याचिका में बताया गया है कि भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव (WFI Election 2023) में उनके स्थान पर किसी अन्य एसोसिएशन को प्राथमिकता दी गई है। वहीं, विरोधी एसोसिएशन की इस पर सफाई आई है। उनका मानना है कि वो WFI से एफिलिएटेड हैं। इस विवाद की वजह से पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 28 अगस्त तक चुनाव पर रोक लगाने का फैसला किया है।

बृजभूषण के करीबी पर ऐतराज

दरअसल, अध्यक्ष पद पर संजय सिंह (Sanjay Singh) के नामांकन का मामला अदालत पहुंचा था। संजय सिंह को कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का करीबी बताया जाता है। उनकी उम्मीदवारी के खिलाफ बजरंग पुनिया सहित प्रदर्शनकारी पहलवानों ने ऐतराज जाहिर किया था। नाराज पहलवानों ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से भेंट कर भी इस मुद्दे को उठाया था। गौरतलब है कि, WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न आरोपों में घिरे हैं।

अनीता श्योराण के सपोर्ट में प्रदर्शनकारी पहलवान

WFI का चुनाव महिला पहलवानों के प्रदर्शन की वजह से भी सुर्ख़ियों में रहा है। वहीं, प्रदर्शनकारी पहलवान अध्यक्ष पद की एकमात्र महिला कैंडिडेट अनीता श्योराण (Anita Sheoran) को सपोर्ट कर रहे हैं। अनीता राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) की स्वर्ण पदक विजेता रही हैं। साथ ही, बृज भूषण शरण के खिलाफ यौन उत्पीड़न केस में वो गवाह भी हैं। WFI कार्यकारी समिति के सदस्यों की सूची में अनीता श्योराण ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

पहलवानों को प्रेस कॉन्फ्रेंस से रोका जा रहा !

इस चुनाव को लेकर पहलवानों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का फैसला किया था। वो दिल्ली में राजघाट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने वहां धारा-144 लगा दी। इस बात की जानकारी विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने ट्विटर के माध्यम से दी। उन्होंने कहा, हमें प्रेस कॉन्फ्रेंस से रोका जा रहा है। नाराज पहलवान विनेश फोगाट ने ट्वीट किया, 'पुलिस ने राजघाट पर धारा-144 लागू कर दी है। हमें प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से रोक दिया है। अगली प्रेस कॉन्फ्रेंस का टाइम और जगह जल्दी फाइनल करेंगे।'कयास लगाए जा रहे थे कि, इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में WFI चुनाव को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है। लेकिन, पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं हुई और अब चुनाव पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी।

पुलिस ने राजघाट पर धारा 144 लगा दी है और हमें प्रेस कांफ्रेंस करने से रोक दिया है।

अगली प्रेस कांफ्रेंस का टाइम और जगह जल्दी फाइनल करेंगे। ?

— Vinesh Phogat (@Phogat_Vinesh) August 10, 2023

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story