×

Karnataka Election 2023: कर्नाटक में कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, चार बागियों को भी चुनावी अखाड़े में उतारा

Karnataka Election 2023: कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। कांग्रेस की दूसरी सूची में 42 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इससे पूर्व कांग्रेस की ओर से गत 25 मार्च को 124 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था।

Anshuman Tiwari
Published on: 6 April 2023 12:58 PM GMT
Karnataka Election 2023: कर्नाटक में कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, चार बागियों को भी चुनावी अखाड़े में उतारा
X
Karnataka Election 2023 Congress Party (Photo: Social Media)

Karnataka Election 2023: कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। कांग्रेस की दूसरी सूची में 42 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इससे पहले कांग्रेस ने गत 25 मार्च को 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस तरह पार्टी की ओर से अभी तक 166 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जा चुका है।

कर्नाटक विधानसभा में 224 सीटें हैं और अब सिर्फ 58 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा की जानी बाकी है। कांग्रेस की दूसरी सूची में एक उल्लेखनीय बात यह है कि इस सूची में चार बागियों के नाम भी शामिल हैं। भाजपा छोड़ने वाले तीन और जनता दल सेक्युलर से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल होने वाले एक बागी को भी कांग्रेस की ओर से टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने चार बागियों को भी दिया टिकट

कांग्रेस की ओर से आज जिन नामों का ऐलान किया गया है उनमें भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले पूर्व विधायक गोपालकृष्ण का नाम भी शामिल है। उन्हें मोलकालमुरू विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। भाजपा से इस्तीफा देने वाले दो और नेताओं पूर्व एमएलसी बाबूराव चिंचनसुर को गुरमिटकल और एक अन्य एमएलसी को भी कांग्रेस की ओर से टिकट दिया गया है। जनता दल सेक्युलर से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल होने वाले पूर्व विधायक श्रीनिवास को गुब्बी विधानसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा गया है।


कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में भी कोलार विधानसभा सीट से किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। कोलार विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में कांग्रेस के नेता सिद्धारमैया का नाम चर्चाओं में है। पहली सूची में सिद्धारमैया को वरुणा सीट से उतारने की घोषणा की गई थी मगर सिद्धारमैया कोलार सीट से भी लड़ने के इच्छुक बताए जा रहे हैं।

पहली सूची में 124 प्रत्याशियों के नाम

इससे पूर्व कांग्रेस की ओर से गत 25 मार्च को 124 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था। कांग्रेस की ओर से घोषित की गई पहली सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे का नाम भी शामिल था। खड़गे के बेटे को चितापुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। पहली सूची में कर्नाटक में पार्टी के दो बड़े नेताओं का नाम भी सूची में शामिल था। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को कनकपुरा विधानसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा गया है।

जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया को वरुणा सीट से टिकट दिया गया है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले एमएलसी पुतुन्ना को भी पार्टी ने टिकट दिया था। उन्हें राजाजीनगर से टिकट देकर भाजपा को चुनौती देने की कोशिश की गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री के एच मुनियप्पा देवनहल्ली विधानसभा क्षेत्र में किस्मत आजमाने के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगे।

भाजपा और कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत

कर्नाटक का विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इन दोनों दलों के अलावा जनता दल सेक्युलर ने भी इस बार के चुनाव में पूरी ताकत लगा रखी है। आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी कर्नाटक में सक्रिय हैं और आप उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा चुकी है। कर्नाटक में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं हासिल हुआ था। हालांकि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।

भाजपा ने 104 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि बहुमत के लिए 113 सीटें जीतने की जरूरत थी। कांग्रेस को 80 और जनता दल एस को 37 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। दोनों दलों ने मिलकर सरकार बनाई थी और जद एस के नेता कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। हालांकि बाद में उनकी सरकार गिर गई थी और भाजपा राज्य में अपनी सरकार बनाने में कामयाब हो गई थी। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने इस बार बहुमत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रखा है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story