Karnataka Assembly Election 2023: कांग्रेस की 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, खड़गे के बेटे प्रियांक को भी मिला टिकट

Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक में कांग्रेस के उम्मीदवार तय करने के लिए पार्टी की ओर से पहले से ही जोरशोर से प्रक्रिया चल रही थी। पार्टी की ओर से मजबूत उम्मीदवारों को तरजीह देने का फैसला किया गया था। कई स्तरों पर चर्चा के बाद आज पार्टी की ओर से 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी गई है। कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटें हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 25 March 2023 10:14 AM GMT (Updated on: 25 March 2023 10:16 AM GMT)
Karnataka Assembly Election 2023: कांग्रेस की 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, खड़गे के बेटे प्रियांक को भी मिला टिकट
X
Karnataka Assembly Election Congress (Photo: Social Media)

Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने में जुटी कांग्रेस ने आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। कांग्रेस की ओर से जारी की गई पार्टी सूची में 124 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक को भी चुनाव मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा सूची में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया का नाम भी शामिल है।

कर्नाटक चुनाव कांग्रेस के लिए काफी अहम
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म किए जाने के दूसरे दिन पार्टी की ओर से यह सूची जारी की गई है। कर्नाटक का विधानसभा चुनाव इस बार कांग्रेस के लिए काफी अहम माना जा रहा है। यही कारण है कि पार्टी ने कर्नाटक में पूरी ताकत लगा रखी है। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी भी किस्मत आजमाएगी और पार्टी की ओर से 80 उम्मीदवारों की पहली सूची पहले ही जारी की जा चुकी है।

खड़गे के बेटे को चितापुर से चुनाव मैदान में उतारा
कर्नाटक में कांग्रेस के उम्मीदवार तय करने के लिए पार्टी की ओर से पहले से ही जोरशोर से प्रक्रिया चल रही थी। पार्टी की ओर से मजबूत उम्मीदवारों को तरजीह देने का फैसला किया गया था। कई स्तरों पर चर्चा के बाद आज पार्टी की ओर से 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी गई है। कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटें हैं। इस तरह अभी भी काफी संख्या में उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि शेष सीटों पर भी पार्टी की ओर से जल्द ही उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे। शनिवार की सुबह पार्टी की ओर से जारी की गई इस सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे का नाम भी शामिल है। खड़गे के बेटे को चितापुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

सूची में शिवकुमार और सिद्धारमैया के भी नाम
कर्नाटक में पार्टी के दो बड़े नेताओं का नाम भी सूची में शामिल है। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को कनकपुरा विधानसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा गया है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया को वरुणा सीट से टिकट दिया गया है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले एमएलसी पुतुन्ना को भी पार्टी ने टिकट दिया है। उन्हें राजाजीनगर से टिकट देकर भाजपा को चुनौती देने की कोशिश की गई है। सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री के एच मुनियप्पा का नाम भी शामिल है। वे देवनहल्ली विधानसभा क्षेत्र में किस्मत आजमाने के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगे।

कर्नाटक का चुनाव भाजपा-कांग्रेस के लिए अहम
कर्नाटक का विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों सियासी दलों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। दक्षिण भारत में कर्नाटक एकमात्र ऐसा राज्य है जहां मौजूदा समय में भाजपा सत्तारूढ़ है। भाजपा कर्नाटक का विधानसभा चुनाव जीतकर दक्षिण भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता लगातार राज्य का दौरा करने में जुटे हुए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन का गृह राज्य
दूसरी ओर कांग्रेस कर्नाटक में भाजपा के मजबूत घेरेबंदी में जुटी हुई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का गृह राज्य होने के कारण कर्नाटक का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए भी सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। कर्नाटक में इस बार आम आदमी पार्टी भी भाजपा और कांग्रेस को चुनौती देने की कोशिश में जुटी हुई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने हाल में कर्नाटक का दौरा किया था। पार्टी की ओर से 80 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा चुकी है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story