×

Karnataka Elections 2023: चुनावी रैली में जमकर गरजे PM मोदी, शाह, CM योगी और हिमंता,...तो कर्नाटक 'PFI की घाटी' बन जाएगा

Karnataka Elections 2023: कर्नाटक में बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पीएम मोदी, अमित शाह, सीएम योगी और हिमंता बिस्वा सरमा के अलावा कई अन्य शीर्ष नेताओं ने राज्य में कई रैलियां की। बीजेपी नेताओं के निशाने पर कांग्रेस, मुस्लिम आरक्षण, PFI और बजरंगबली रहे।

Aman Kumar Singh
Published on: 6 May 2023 7:39 PM GMT
Karnataka Elections 2023: चुनावी रैली में जमकर गरजे PM मोदी, शाह, CM योगी और हिमंता,...तो कर्नाटक PFI की घाटी बन जाएगा
X
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Karnataka Elections 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सहित कई अन्य शीर्ष नेताओं ने शनिवार (06 मई) को दक्षिणी राज्य कर्नाटक में धुआंधार रैली की। बादामी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने देश की सबसे पुरानी पार्टी 'कांग्रेस' पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, BJP आपके सामने कर्नाटक को नंबर-1 बनाने के लिए रोडमैप लेकर आई है। जबकि, कांग्रेस ने तय किया है कि वो अपनी पुरानी आदतें नहीं छोड़ेगी। वो तुष्टीकरण, तालाबंदी और गाली को ही चुनावी मुद्दा बनाएगी।'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'तुष्टिकरण वोट बैंक का, तालाबंदी बीजेपी की गरीब कल्याण नीतियों पर, गाली ओबीसी और लिंगायत समाज को... कांग्रेस की इस कूटनीति से पूरा कर्नाटक नाराज है। इस वजह से कांग्रेस आज लोगों की पहली पसंद नहीं बन पा रही।'

'बीजेपी के लिए कर्नाटक की जनता लड़ रही चुनाव'

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कर्नाटक के लोगों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, 'आज जो मैंने बेंगलुरु में देखा, उसके बाद मैं विश्वास से कहता हूं कि ये चुनाव ना मोदी लड़वा रहा है, ना हमारे नेता लड़वा रहे हैं और ना ही हमारे उम्मीदवार लड़ रहे हैं। कर्नाटक का ये चुनाव बीजेपी के लिए कर्नाटक की जनता लड़ रही है। उन्होंने आगे कहा, कि इस राज्य का उत्साह देखने से पता चलता है कि कर्नाटक में फिर से 'डबल-इंजन' सरकार ही बनेगी।'

PM मोदी- लोकतंत्र पर हमला करते हैं कांग्रेसी

पीएम मोदी का हमला कांग्रेस पार्टी पर जारी रहा। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के लोग आज भी देश-दुनिया में भारत को 'लोकतंत्र की जननी' कहने की हिम्मत नहीं करते। ये सिर्फ भारत के लोकतंत्र पर हमला करते हैं। यही गुलामी की मानसिकता है जिससे आज भारत बाहर आ रहा है।'

CM योगी- कांग्रेस-जेडीएस के 'अधर्म' को रोकना होगा

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली चिकमंगलुरु जिले में थी। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा, 'हनुमान जी की जन्मभूमि पर आया हूं। जैसे हनुमान जी ने रावण की लंका में जाकर रावण के सभी अधर्म कार्यों को खत्म करने में योगदान दिया था। वैसे ही, कर्नाटक की राष्ट्रभक्त जनता को कांग्रेस (Congress) और जनता दल सेक्युलर (JDS) के अधर्म कार्यों को रोकना होगा। इनकी वजह से PFI को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा, इनके पापों को खत्म करने के लिए बीजेपी की 'डबल इंजन' सरकार को कर्नाटक में फिर से लाना होगा।'

अमित शाह- कांग्रेस मुस्लिम के लिए फिर लाएगी 6% आरक्षण

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कर्नाटक के बेलगावी के चिक्कोडी में चुनावी रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में शाह ने मुस्लिम आरक्षण (Muslim Reservation) को लेकर बड़ा बयान दिया। अमित शाह ने कहा, बीजेपी ने 4 प्रतिशत मुस्लिम आरक्षण हटा दिया था। लिंगायतों (Lingayats) और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के आरक्षण में वृद्धि की थी। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि अगर वो सत्ता में आती है तो मुसलमानों के लिए 6 फीसदी आरक्षण वापस लाएंगे। इससे, लिंगायतों और अनुसूचित जाति के आरक्षण में कमी आएगी। अगर, कर्नाटक ऐसा नहीं चाहता है तो उन्हें बीजेपी सरकार को वोट देना चाहिए। अमित शाह कर्नाटक में बीजेपी की जीत के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं।

हिमंत बिस्वा-...कर्नाटक 'PFI की घाटी' बन जाएगा

इसी कड़ी में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने भी कर्नाटक में चुनावी रैली को संबोधित किया। कर्नाटक के कोडागु में उन्होंने भी कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। हिमंत बिस्वा ने कहा कि, डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया, टीपू सुल्तान (Tipu Sultan) के परिवार के हैं। सिद्धारमैया कहते हैं कि टीपू सुल्तान की जयंती मनाएंगे। अगर, आपको जयंती मनानी है तो पाकिस्तान और बांग्लादेश में जाकर मनाएं। असम के सीएम ने लोगों से कहा, अगर कांग्रेस राज्य की सत्ता में वापस आती है तो कर्नाटक 'PFI की घाटी' बन जाएगा।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story