×

एक सिपाही से डर गए मोदी - पूर्व सीएम अखिलेश

उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं पर तंज कसते हुए कहा कि गरीबों को खाद बांटी जाती है उसमें भी पांच किलो निकाल ली जाती है। रसोई गैस सिलेंडर से गैस चोरी हो जाती है।

SK Gautam
Published on: 4 May 2019 12:39 PM GMT
एक सिपाही से डर गए मोदी - पूर्व सीएम अखिलेश
X

बहराइच/बलरामपुर : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शहर के गेंदघर मैदान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनसभा की। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में लोगों का उत्साह बता रहा है कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले कहते हैं कि सपा-बसपा का मिलावटी गठबंधन है, जबकि भाजपा 38 दलों से मिली हुई है। सबसे बड़ी मिलावट तो बीजेपी में है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014 के चुनाव में जो वादे जनता से किए थे। एक भी पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने सवाल किया कि अच्छे दिन नहीं आए, कब आएंगे? किसान कड़ी मशक्कत करने के बाद भी उपज का उचित मूल्य नहीं पा रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं पर तंज कसते हुए कहा कि गरीबों को खाद बांटी जाती है उसमें भी पांच किलो निकाल ली जाती है। रसोई गैस सिलेंडर से गैस चोरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने शौचालय के लिए एक गड्ढा खोदने का फरमान जारी किया था। भाजपा ने इसे दो गड्ढा कर दिया, लेकिन किसी ने शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं की।

सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि लोहिया आवास, समाजवादी पेंशन समेत अन्य योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर पात्रों को मिल रहा था। इसे भाजपा ने बंद कर दिया। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि एक लाख बीस हजार रुपये में क्या घर बनाया जा सकता है? उन्होंने वादा किया कि गठबंधन सरकार होने पर पात्रों को घर बनाने के लिए चार से पांच लाख रुपये धन दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से न तो काला धन पता और न ही सफेद। रुपया काला व सफेद नहीं होता, हमारा लेनदेन काला व सफेद होता है। नोटबंदी से कोई फायदा नहीं हुआ। उद्योगपति देश से पैसा लेकर भाग गए।

उन्होंने कहा कि 36 हजार ऐसे उद्योगपति हैं जो रुपया लेकर देश छोड़कर चले गए हैं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी डराकर व नफरत फैला कर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन नफरत की इस दीवार को ढहाने का काम करेगा। भाजपा ने संविधान से जो अधिकार गरीब, पिछड़ों, दलितों व अन्य लोगों को मिले थे। उसे छीन लिया। इससे युवाओं को नौकरी व रोजगार में फायदा नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की नशे वाली चाय से बहुत लोग धोखा खा जाते हैं। बीजेपी सभी जाति के लोगों को आपस में बांटने का काम करती है। उन्होंने यूपी के सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि सीएम एक दिन कह रहे थे कि संविधान न होता तो अखिलेश भैंस चरा रहे होते। उनके इस बयान से किसान, पिछड़े व अन्य लोग क्या सोंच रहे होंगे ?

भाजपा सरकार ने ठोंको नीति अपनाई हुई है। पुलिस जनता को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान सरकार की गलत नीतियों के कारण खेतों की रखवाली करने को विवश हैं। पांच वर्ष की केंद्र सरकार ने आतंकवाद पर अंकुश लगाने में कोई कार्य नहीं किया है। हर दिन एक न एक जवान शहीद हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार से कोई भी सवाल करने पर राष्ट्रविरोधी होने का तमगा लगा दिया जाता है। सरकार किसानों की आत्महत्या व बेरोजगारों के आंकड़े नहीं देना चाहती।

उन्होंने वादा किया कि गठबंधन सरकार आने पर बीटीसी, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों को पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समाजवादियों को कहती है कि आतंकवादी झंडा लेकर चलते हैं। जबकि यूपी के सीएम खुद कई झंडा लेकर चल रहे हैं। उनके ऊपर कई बड़े मुकदमे भी दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि मौका मिला तो सीएम पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि सांड के हमले में मौत होने पर किस पर मुकदमा दर्ज कराया जाए? उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री पर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।

उन्होंने कहा कि बहराइच-लखनऊ हाईवे, चहलारीघाट पुल निर्माण व कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के विकास के लिए सपा सरकार ने ठोस कदम उठाए थे।

अगर हम मिलावटी है तो, भजपा का 38 दलों से मिलकर जो गठबन्धन है वो क्या है -अखिलेश यादव

बलरामपुर के रेहरा बाजार के डीपीएस इंटर कालेज में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए उपस्थित जनसमूह से पंडित सिंह को जिताने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जो भाजपा के लोग हमें महा मिलावटी कह रहे हैं उनको बता देना चाहता हूँ ये सपा बसपा का गठबंधन देश की राजनीति में बड़ा परिवर्तन लाने वाला है।

अगर हमारा दो दलों का मिलना मिलावट है, तो बताये बीजेपी वाले वो जो 38 दलों से मिले है वो कौन सी मिलावट है, जिसका नाम भी हम नही जानते।

उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो आतंकवाद हटाने की बात कर रहे हैं "वह प्रदेश से जानवर तक नहीं हटा पा रहे हैं वह आतंकवाद कैसे हटाएंगे"।

ये भी देखें : अक्षय कुमार अव्वल दर्जे के झूठे, मक्कार हैं और देशभक्त तो हैं ही नहीं

पूर्व सीएम अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके उन्होंने मंच से भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि "किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में दो जो 2000 भेजा गया है वह बोरी की चोरी का पैसा है।" अखिलेश यादव ने कहा कि सिर्फ चौकीदार को ही नहीं हटाना है यहां ठोकदारों को भी हटाना है।

अखिलेश यादव ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो गरीबों को ₹3000 महीना पेंशन दिया जाएगा।

अखिलेश यादव ने शिक्षा मित्रों, ग्राम रोजगार सेवको व बीटीसी शिक्षकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जब कभी भी सपा की सरकार आएगी तो सबका समाधान किया जाएगा।

SK Gautam

SK Gautam

Next Story