×

BJP की स्पेशल टीम: मिशन बंगाल में जुटी, नड्डा ने ममता सरकार को ललकारा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरह उन्होंने भी 200 सीटें जीतने का दावा किया और ममता सरकार पर अपराध के आंकड़े छिपाने का बड़ा आरोप लगाया। पार्टी ने मिशन पश्चिम बंगाल को पूरा करने के लिए 117 लोगों की बड़ी चुनावी टीम का गठन किया है। इस टीम की कमान शाह व नड्डा के हाथों में होगी।

Newstrack
Published on: 10 Dec 2020 4:59 AM GMT
BJP की स्पेशल टीम: मिशन बंगाल में जुटी, नड्डा ने ममता सरकार को ललकारा
X
 पश्चिम बंगाल की रैली में जेपी नड्डा ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला था और कहा था कि भाजपा को यहां पर 200 से अधिक सीटों पर विजय मिलने वाली है।

नई दिल्ली: भाजपा ने पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आज दौरे का दूसरा दिन है। बुधवार को उन्होंने कोलकाता में पार्टी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करने के साथ ही ममता सरकार पर बड़ा हमला बोला।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरह उन्होंने भी 200 सीटें जीतने का दावा किया और ममता सरकार पर अपराध के आंकड़े छिपाने का बड़ा आरोप लगाया। पार्टी ने मिशन पश्चिम बंगाल को पूरा करने के लिए 117 लोगों की बड़ी चुनावी टीम का गठन किया है। इस टीम की कमान शाह व नड्डा के हाथों में होगी।

ये भी पढ़ें: नड्डा की ललकार: CM ममता को दी बड़ी चुनौती, बंगाल में BJP जीतेगी इतनी सीटें

बंगाल की संस्कृति को जीवित रखेंगे

बिहार चुनाव के बाद भाजपा का सबसे ज्यादा फोकस पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों पर हैं। पार्टी अभी से ही अगले साल अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इन दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं।

bjp jp nadda

नड्डा ने राज्य की मुख्यमंत्री व टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर का भी बुधवार को दौरा किया। कोलकाता में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करते हुए नड्डा ने कहा कि हम बंगाल की संस्कृति को हमेशा जिंदा रखेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का राज्य से खास रिश्ता है।

ममता सरकार पर आंकड़े छुपाने का आरोप

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरह उन्होंने भी इस बार राज्य विधानसभा के चुनाव में 200 सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों का हमारी पार्टी को समर्थन मिल रहा है। ममता सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराधों के आंकड़े छुपाने में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने क्राइम ब्यूरो को आंकड़े देना बंद कर दिया है।उन्होंने कहा कि बंगाल में मानव तस्करी, बलात्कार और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से कोरोना के मामलों की भी जानकारी नहीं दी जा रही है।

चुनावी तैयारियों में तेजी के लिए बनी समिति

भाजपा की ओर से राज्य में चुनावी तैयारियों में तेजी लाने के लिए 117 लोगों की टीम का गठन किया गया है। राज्य के चुनाव में भाजपा की ओर से कभी भी इतनी बड़ी चुनावी टीम नहीं उतारी गई है। इस टीम को कई इकाइयों में बांटने की योजना है और यह टीम बूथ मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और डाटा कलेक्शन सहित कई क्षेत्रों में काम करेगी। यह टीम नड्डा और अमित शाह के निर्देशन में काम करेगी।

आज अभिषेक के गढ़ में पहुंचेंगे नड्डा

नड्डा का आज डायमंड हार्बर जाने का भी कार्यक्रम तय किया गया है। डायमंड हार्बर को तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माना जाता है क्योंकि यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का चुनाव क्षेत्र है। डायमंड हार्बर का दौरा करने के साथ ही नड्डा मछुआरों से मुलाकात करेंगे और प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।

Bjp Leader JP Nadda

ये भी पढ़ें: सपा-ओवैसी और शिवपाल: 2022 में होंगे एक साथ, बनेगा नया गठबन्धन

पश्चिम बंगाल को नहीं जानते नड्डा

दूसरी ओर टीएमसी ने भाजपा अध्यक्ष नड्डा पर हमला बोलते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल को सही तरीके से नहीं जानते। टीएमसी सांसद सौगत राय ने कहा कि यह एक लोकतांत्रिक देश है। इसलिए जेपी नड्डा या किसी भी सियासी दल के नेता को राज्य का दौरा करने का हक है। लेकिन सच्चाई यह है कि नड्डा हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। उन्हें कोलकाता और बंगाल की संस्कृति विरासत और इतिहास के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वे कितनी भी कोशिश कर लें मगर पश्चिम बंगाल में उनकी यात्रा का कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

अंशुमान तिवारी

Newstrack

Newstrack

Next Story