×

बड़ी चुनौतियों में घिरीं ममता: BJP ने लॉन्च किया चुनावी कैंपेन, दिया ये बड़ा नारा

तमाम चुनौतियों से जूझ रहे पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के लिए कैंपेन लॉन्च कर दिया है।

Dharmendra kumar
Published on: 27 May 2020 5:07 PM GMT
बड़ी चुनौतियों में घिरीं ममता: BJP ने लॉन्च किया चुनावी कैंपेन, दिया ये बड़ा नारा
X

कोलकाता: तमाम चुनौतियों से जूझ रहे पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के लिए कैंपेन लॉन्च कर दिया है। भाजपा ने आर नोई ममता (और नहीं ममता) कैंपेन की शुरुआत करते हुए राज्य के लोगों से 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में ममता सरकार को सत्ता से बेदखल करने की अपील की है।

ममता के सामने ये हैं बड़ी चुनौतियां

भाजपा की ओर से यह कैंपेन ऐसे समय में लांच किया गया है जब पश्चिम बंगाल की ममता सरकार विभिन्न मोर्चों पर जूझ रही है। राज्य में गहराते कोरोना संकट के बीच प्रवासी मजदूरों का मुद्दा भी महत्वपूर्ण चुनौती बनकर उभरा है। सरकार के सामने राज्य में काफी संख्या में लौटे प्रवासी मजदूरों को काम मुहैया कराने की बड़ी चुनौती सामने आ गई है। इन दो बड़े संकटों के अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में आए अम्फान तूफान की वजह से भी सरकार को विकट स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इस तूफान के कारण जन-धन की व्यापक स्तर पर क्षति हुई है और तमाम लोगों का आशियाना उजड़ गया है। ऐसे में सरकार के सामने इंफ्रास्ट्रक्चर को दोबारा दुरुस्त करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।



यह भी पढ़ें...योगी सरकार ने ऋण सुविधा के लिए उठाया बड़ा कदम, मंत्री ने किया शुभारंभ

भाजपा का नारा आर नोई ममता

ममता सरकार के सामने मौजूद इन बड़ी चुनौतियों के बीच भाजपा की ओर से बुधवार को 57 सेकंड की एक वीडियो क्लिप जारी की गई। इस वीडियो क्लिप में ममता सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की गई है और इसे आरनोईममता हैशटैग के साथ ट्विटर पर चलाया जा रहा है।

लोगों पर दमनकारी शासन का आरोप

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने इस हैशटैग के साथ बुधवार को ट्वीट करते हुए कहा कि ममता सरकार ने सत्ता में नौ साल पूरे कर लिए हैं मगर इस दौरान उसका काम ऐसा नहीं रहा है कि उसे बधाई दी जाए। उन्होंने ट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि 9 सालों के दौरान लोगों को दमनकारी शासन झेलना पड़ा है और ये नौ साल लोगों का विश्वास और जनमत तोड़ने वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि नौ साल तक पुरानी शराब नई बोतल में दिखी और अब पश्चिम बंगाल परिवर्तन चाहता है।



यह भी पढ़ें...पूर्व सांसद को सिंधिया का विरोध करना पड़ा भारी, BJP ने पार्टी से निकाला

लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं

पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मुकुल राय ने भी ट्वीट किया कि ममता ने पश्चिम बंगाल के अपने लोगों को विफल कर दिया है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि ममता बनर्जी खुद राज्य की गृह मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री भी हैं। छह दिनों से कोलकाता महानगर के लोग सड़कों पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं मगर सरकार इस मामले में विफल साबित हुई है।

यह भी पढ़ें...MLA अदिति सिंह ने कांग्रेस को दिया तगड़ा झटका, लिया ये बड़ा फैसला

हर मोर्चे पर विफलता का बड़ा आरोप

केंद्रीय मंत्री देबाश्री चौधरी ने भी ममता सरकार पर हर मोर्चे पर विफल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की उम्मीदें पूरा करने में नाकामयाब साबित हुई है। भाजपा की महिला विंग की राज्य प्रमुख और हुगली सीट से सांसद लॉकेट चटर्जीने कहा कि पहले 34 साल तक राज्य के लोगों को सीपीएम का कुशासन झेलना पड़ा और अब उसमें ममता सरकार के नौ साल का कुशासन भी जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की इच्छाओं को पूरा करने के लिए 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने की जरूरत है।

Dharmendra kumar

Dharmendra kumar

Next Story