×

पंजाब ने खोला केंद्र के खिलाफ मोर्चा, एक मई को इस तरह विरोध जताने की तैयारी

कोरोना संकट के बीच वित्तीय पैकेज देने की मांग पूरी न होने पर पंजाब सरकार ने केंद्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब कांग्रेस का आरोप है की मदद देने के मामले में गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

Dharmendra kumar
Published on: 29 April 2020 7:06 AM GMT
पंजाब ने खोला केंद्र के खिलाफ मोर्चा, एक मई को इस तरह विरोध जताने की तैयारी
X

नई दिल्ली: कोरोना संकट के बीच वित्तीय पैकेज देने की मांग पूरी न होने पर पंजाब सरकार ने केंद्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब कांग्रेस का आरोप है की मदद देने के मामले में गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। कांग्रेस ने राज्य के लोगों से केंद्र के इस रवैए के खिलाफ एक मई को अपने घरों में तिरंगा झंडा फहराने की अपील की है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी की राज्य शाखा की इस अपील का पूरा समर्थन किया है।

20000 करोड़ का तत्काल पैकेज मांगा

पंजाब सरकार ने कोरोना संकट से निपटने के लिए केंद्र की मोदी सरकार से 20 हजार करोड़ रुपए का तत्काल पैकेज देने की मांग की है। सरकार का कहना है कि कोरोना संकट के कारण घोषित लॉकडाउन ने राज्य सरकार के लिए आर्थिक दिक्कतें खड़ी कर दी हैं। विभिन्न स्रोतों से होने वाली राज्य सरकार की कमाई पूरी तरह बंद हो गई है।

यह भी पढ़ें...CBSE बोर्ड: जानिए कब होंगे 10वीं और 12वीं क्लास के पेपर

केंद्र के रवैए से सरकार खफा

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पिछले दिनों केंद्र सरकार से शराब की दुकानों को खोलने के लिए छूट मांगी थी। उनका कहना था कि शराब की दुकानें बंद होने के कारण राज्य सरकार को हजारों करोड़ का झटका लग चुका है। केंद्र सरकार की ओर से अभी तक राज्य को कोई पैकेज दिए जाने का ऐलान नहीं किया गया है। इसे लेकर पंजाब कांग्रेस केंद्र सरकार से काफी खफा है और पार्टी ने अपना विरोध जताने का फैसला किया है।

पैकेज न मिलने से बढ़ रहा संकट

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का कहना है कि कोरोना संकट कारण राज्य को हर महीने 3360 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। लॉकडाउन ने सरकार की मुसीबत काफी बढ़ा दी है। यह घाटा एक साल में करीब 50000 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। अभी तक राज्य सरकार को केंद्र की ओर से किसी प्रकार की मदद नहीं मिली है और इससे राज्य सरकार का संकट बढ़ता जा रहा है।

यह भी पढ़ें...दुर्भाग्य देश का: लापरवाही ने ले ली बच्चे की जान, परिवार में मातम

तिरंगा फहराकर विरोध जताने की तैयारी

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को राज्य के वित्तीय संकट के बारे में पार्टी विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। उन्होंने कहा कि हम 1 मई को घरों में तिरंगा झंडा फहराकर केंद्र के इस रवैए के खिलाफ विरोध जताएंगे। उन्होंने कहा कि यह संयोग ही है कि मजदूर दिवस के दिन इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

बड़ी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप

उन्होंने कहा कि पंजाब भारत का अभिन्न अंग है और केंद्र सरकार हमारे खिलाफ भेदभाव की नीति नहीं अपना सकती। इस कार्यक्रम के जरिए हम किसानों, श्रमिकों और सभी कोरोना योद्धाओं के साथ एकजुटता दिखाएंगे जो इस संकट की घड़ी में सबसे आगे खड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों को मदद देने के बजाय बड़ी कंपनियों को फायदा पहुंचाने में जुटी हुई है। जिओ और फेसबुक के बीच हुआ समझौता छोटे व्यापारियों व लघु उद्योगों की तबाही का कारण बनेगा।

यह भी पढ़ें...इस खिलाड़ी ने लॉकडाउन तोड़ने वालों को दी ये सलाह, बताया-घर पर रहने का महत्व

रोज उठाना पड़ रहा भारी नुकसान

इस बीच राज्य टास्क फोर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि लॉकडाउन के कारण राज्य को प्रतिदिन 1200-1700 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कृषि, निवेश, व्यापार और विनिर्माण के क्षेत्र को लॉकडाउन के कारण भारी झटका लगा है। आने वाले दिनों में भी यह नुकसान जारी रहने की आशंका है।

Dharmendra kumar

Dharmendra kumar

Next Story