Prayagraj News: अतीक के काले साम्राज्य पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति पर ईडी की नजर

Prayagraj News: माफिया अतीक अहमद के मर्डर के बाद उसके काले साम्राज्य पर शिकंजा कसा जा रहा है। उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन फरार चल रही है। दूसरी तरफ उसकी संपत्तियों का ब्योरा ईडी के हाथ लग चुका है।

Syed Raza
Published on: 8 May 2023 4:57 PM GMT
Prayagraj News: अतीक के काले साम्राज्य पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति पर ईडी की नजर
X
अतीक अहमद के 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति पर ईडी करेगी कार्रवाई: Photo- Newstrack

Prayagraj News: माफिया अतीक अहमद के मर्डर के बाद उसके काले साम्राज्य पर शिकंजा कसा जा रहा है। उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन फरार चल रही है। दूसरी तरफ उसकी संपत्तियों का ब्योरा ईडी के हाथ लग चुका है। अतीक के अवैध साम्राज्य पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

प्रयागराज, लखनऊ और नोएडा में बेनामी संपत्ति

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ईडी ने अतीक अहमद गैंग से जुड़ी 100 करोड़ से ज्यादा की सम्पत्ति को चिन्हित कर रखा है। प्रयागराज में चिन्हित संपत्ति की कीमत 50 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। जबकि लखनऊ की चिन्हित संपत्ति की कीमत 20 करोड़ से ज्यादा है। इसी तरह नोएडा में भी अतीक के काले साम्राज्य से जुड़ी बेनामी संपत्तियां होने की बात सामने आई है। इसकी कीमत 30 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक ये संपत्तियां अतीक के करीबियों के नाम से दर्ज हैं। अतीक के करीबियों के घर पर हुई ईडी की छापेमारी में यह खुलासा हुआ है। छापेमारी में मिले दस्तावेजों के आधार पर हुआ ईडी बड़ी कार्रवाई कर सकती है। इससे पहले वो राजस्व विभाग से संपत्तियों का सत्यापन करा रही है। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इन संपत्तियों को ईडी मनी लॉड्रिंग के तहत अटैच कर लेगी।

काले साम्राज्य से उठेगा पर्दा

अतीक अहमद ने जिंदा रहते अपराध और राजनीति से बहुत बड़े पैमाने बेनामी संपत्तियां अर्जित कर रखी थीं। सूत्र बताते हैं कि ईडी के हाथ लगी जानकारी उसका महज एक हिस्सा भर है। अतीक के परिवार, रिश्तेदार, दोस्तों और गैंग के सदस्यों के नाम पूरे देश के कई हिस्सों में संपत्तियों के होने की बात सामने आती रही है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाने की वजह से जांच एजेंसियां इसपर हाथ डालने से कतराती रही हैं। बेहद शातिराना ढंग से अवैध संपत्तियों को वैध की शक्ल देने की कोशिश अतीक अहमद के गैंग से जुड़े लोग करते रहे हैं।

Syed Raza

Syed Raza

Next Story