×

Harjot Singh Bains Wedding: मुख्यमंत्री के बाद अब पंजाब के शिक्षा मंत्री ने रचाई शादी, IPS अधिकारी है दुल्हन

Harjot Singh Bains Wedding: कैबिनेट मंत्री बैंस ने पंजाब में ही तैनात एक महिला आईपीएस अधिकारी से शादी रचाई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 25 March 2023 2:52 PM GMT
Harjot Singh Bains Wedding: मुख्यमंत्री के बाद अब पंजाब के शिक्षा मंत्री ने रचाई शादी, IPS अधिकारी है दुल्हन
X
Harjot Singh Bains weds jyoti yadav (photo: social media )

Harjot Singh Bains Wedding: कट्टरपंथी सिख संगठन वारिस पंजाब दे प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर पंजाब पिछले काफी दिनों से चर्चा में है। फरार अमृतपाल को अब तक पुलिस दबोच नहीं पाई है। इस तनाव भरे माहौल के बीच पंजाब से एक सुखद खबर आई है। राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस शादी के बंधन में बंध गए हैं।

भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री बैंस ने पंजाब में ही तैनात एक महिला आईपीएस अधिकारी से शादी रचाई है। शनिवार को नंगल के गुरूद्वारे में उनके आनंद कारज हुए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनकी पत्नी लाल सूट में दिख रही हैं। उनकी शादी हरियाणा के गुरूग्राम निवासी राकेश यादव की बेटी ज्योति यादव के साथ हुई।

जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह में आम आदमी पार्टी सरकार के कई मंत्री और विधायक शामिल हुए। दिल्ली के सीएम और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का भी आने का प्रोग्राम था लेकिन खराब मौसम के कारण वह नहीं आ सके।

पिछले दिनों हुई थी सगाई

पंजाब के स्कूली शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और आईपीएस अधिकारी ज्योति यादव की सगाई पिछले दिनों ही हुई थी। दोनों की एकसाथ एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर देखी गई थी। आईपीएस ज्योति यादव फिलहाल मानसा जिले में एसपी के पद पर तैनात हैं।

अन्ना आंदोलन के दौरान हुई थी पहली मुलाकात

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और आईपीएस अधिकारी ज्योति यादव की पहली मुलाकात 2012 में अन्ना आंदोलन के दौरान हुई थी। जाहिर तौर पर दोनों उस दौरान किसी पद पर नहीं थे। लेकिन दोनों की आंदोलन में सक्रिय भूमिका थी। बैंस तो आम आदमी पार्टी बनने के बाद पंजाब के पहले कन्वीनर भी बनाए गए थे। बताया जाता है कि दिल्ली के एक नेता की मध्यस्थता के बाद दोनों ने शादी का निर्णय लिया।

ज्योति यादव आईपीएस बनने से पहले पेशे से डॉक्टर थीं। उन्होंने बीडीएस की डिग्री ली हुई है। साल 2019 में सिविल सर्विस के एग्जाम में अखिल भारतीय स्तर पर 437वीं रैंक हासिल हुई थीं। उन्हें भारतीय पुलिस सेवा में पंजाब कैडर मिला। ज्योति सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 70 हजार और ट्विटर पर 10 हजार से अधिक से फॉलोअर्स हैं।

भगवंत मान ने भी रचाई थी शादी

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद सबसे पहले सरकार के मुखिया भगवंत मान ने ही शादी रचाई थी। उन्होंन हरियाणा की रहने वाली डॉ गुरप्रीत कौर से शादी की। ये उनकी दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी का नाम इंदरप्रीत कौर है, जिनसे उनका तलाक हो चुका है। पहली पत्नी से उनके दो बच्चे भी हैं, जो भगवंत मान के शपथग्रहण समारोह में आए भी थे।

भगवंत मान के अलावा संगरूर से आम आदमी पार्टी की विधायक नरिंदर कौर भराज ने भी पिछले दिनों शादी रचाई थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी के ही एक कार्यकर्ता मनदीप सिंह से शादी की।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story