×

Sonbhadra: डिप्टी सीएम ने कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना, बेहतरी के दिखाए सपने, कहा-नगरों को दी जाएंगी उच्चस्तरीय सुविधाएं

Sonbhadra News:डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सोनभद्र उनके एजेंडे में सबसे ऊपर है।

Kaushlendra Pandey
Published on: 8 May 2023 3:11 PM GMT
Sonbhadra: डिप्टी सीएम ने कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना, बेहतरी के दिखाए सपने, कहा-नगरों को दी जाएंगी उच्चस्तरीय सुविधाएं
X
Deputy CM Brijesh Pathak (photo: social media )

Sonbhadra News: जिला मुख्यालय स्थित आरटीएस क्लब में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सोमवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते समय जनता को बेहतरी के सपने दिखाए। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सोनभद्र उनके एजेंडे में सबसे ऊपर है। नगर निकायों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले की एकमात्र नगर पालिका और नगर पंचायतों में भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के तरफ से दी जाने वाली धनराशि का सही इस्तेमाल और समुचित लाभ लोगों को तभी मिल पाएगा जब निकायों में भाजपा का चेयरमैन हो।

कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

दोपहर 11.55 पर पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद बारी-बारी से पार्टी के प्रमुख लोगों ने उनसे मुलाकात की। दोपहर 12.05 पर उन्होंने सोनभद्र से घर का रिश्ते बताते हुए संबोधन की शुरुआत की। कहा कि 2014 से लेकर अब तक केंद्र में मोदी और 2017 से यूपी में योगी की सरकार है। तब से लेकर अब तक देश-प्रदेश में काफी बदलाव आया है। मोदी ने देश की कमान संभालने के बाद देश की छवि सुधारी, गरीबों के लिए सैकड़ों योजनाएं चलाई। गरीब-अमीर की खाईं पाटने का काम किया, हर गरीब को पक्का मकान देने का काम किया। शौचालय के जरिए इज्ज़त बख्शी। दुनिया की सबसे बड़ी योजना जल जीवन मिशन के जरिए दूषित पेयजल से होने वाली बीमारी से निजात दिलाने का काम किया।

भाजपा राज में सेना पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को देती है जवाब

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि जून-जुलाई तक घर-घर नल से शुद्ध पानी पहुंचने का काम शुरू हो जाएगा। आयुष्मान योजना के जरिए बीमारी से सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया गया। देश के 1.19 करोड़, यूपी के 15 लाख को मुफ्त राशन दिया गया। कहा कि पड़ोसी देश चीन में कोरोना से हाहाकार लेकिन भारत ने देश के लोगों को कोरोना से वैक्सीन सुरक्षा देने के साथ ही दूसरे देशों को भी मदद दी। देश की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस राज में पाकिस्तान को सिर्फ चेतावनी दी जाती थी। वहीं भाजपा राज में सेना पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मारने का काम कर रही है। अभिनंदन के जिक्र के जरिए भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और सूडान गृहयुद्ध के समय भारतीयों की सकुशल वापसी ने यह साबित कर दिया है कि भारत अब पहले वाला भारत नहीं रह गया है। अब भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन चुका है। आजादी के सौ वर्ष पूरे होने तक देश दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बना नजर आएगा।

कानून-व्यवस्था में आया तेजी से सुधार

भाजपा राज के बाद कानून व्यवस्था में तेजी से सुधार का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि अब या तो अपराधी जेल में हैं या तो देश के बाहर। सपा सरकार के समय जिन गुंडों का नारा था कि जो जमीन खाली, व जमीन हमारी, उस पर उनकी सरकार ने नकेल कस दी है। पंचायतों-स्कूलों की तस्वीर बदलने का जिक्र करते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा के स्कूलों में 1.92 करोड़ बच्चों को पठन-पाठन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। लोगों से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सोनभद्र हमारे नंबर एक के एजेंडे में है। उनकी सरकार नगरों को उच्चस्तरीय सुविधाएं देगी। इसके लिए जरूरी है कि नगर निकायों में भाजपा का चेयरमैन हो और भाजपा के सभासदों का सदन हो।

Kaushlendra Pandey

Kaushlendra Pandey

Next Story