×

सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी पर कटघरे में सलमान ख़ान सहित ये लोग क्यों?

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने बांद्रा स्थित अपने घर में खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मौक़े पर पहुँचकर छानबीन शुरू कर दिया।

Roshni Khan
Published on: 20 Jun 2020 11:34 AM GMT
सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी पर कटघरे में सलमान ख़ान सहित ये लोग क्यों?
X

शाश्वत मिश्रा

लखनऊ: बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने बांद्रा स्थित अपने घर में खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मौक़े पर पहुँचकर छानबीन शुरू कर दिया। सुशांत के बे-रूह शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भी भेजा गया। रिपोर्ट्स में आत्महत्या सामने आयी। दोस्तों के मुताबिक वह छः महीने से डिप्रेशन में था। उसका इलाज चल रहा था। वह दवाइंया भी ले रहा था। कुछ दिन पहले से उसने दवाइयां लेना बंद कर दिया था... वगैरह, वैगरह....

कथित तौर पर उनकी गर्लफ्रैंड रिया चक्रबर्ती ने भी उनकी डिप्रेशन की बात को कबूला। पुलिस को दिए गए बयान में साफ़ तौर पर उन्होंने सुशांत के साथ रिलेशनशिप में रहने की बात कही। रिया ने यहां तक कहा कि 'वो दोनों इस साल के आखिरी में शादी करने वाले थे। वो दोनों एक जॉइंट घर भी लेने वाले थे, जिसके लिए उन्होंने बात तक कर ली थी।'

ये भी पढ़ें:बारिश की शुरुआत: यहां आज होगी झमाझम बरसात, जाएगी गर्मी और बरसेंगे बादल

लेकिन इसके बाद भी सवाल उठता है कि सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या अथवा खुदकुशी क्यों की? क्या उनको किसी ने ऐसा करने के लिए मज़बूर किया? क्या इसके पीछे बॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े लोगों का नाम है? या सीधे शब्दों में कहें तो यशराज फिल्म्स के सर्वेसर्वा आदित्य चोपड़ा, धर्मा प्रोडक्शन के मालिक करण जौहर, बालाजी टेलीफिल्म्स की एकता कपूर, संजय लीला भंसाली या फिर बॉलीवुड में भाईजान कहे जाने वाले 'सलमान ख़ान'?

सुशांत को फ़िल्मों से बैन करने की बात सबसे पहले कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने की। बाद में कमाल राशिद ख़ान उर्फ केआरके ने भी अपने एक ट्वीट में इन लोगों के नाम लिये। उसके बाद डायरेक्टर अभिनव कश्यप का फेसबुक पोस्ट हो, कंगना रानौत का वीडियो या शेखर कपूर का ट्वीट। इन सभी पहलुओं को मद्देनजर एक ही बात ज़ेहन में आती है कि "इस खुदकुशी में थी शायद लोगों की ख़ुशी।"

लेकिन मुद्दा अब भी इसी बात का है कि इन सबमें सलमान ख़ान का नाम कैसे आया? उनके फैंस लगातार इस सवाल को उठा भी रहे हैं।

बात सबसे पहले अगर आदित्य चोपड़ा की करें तो सुशांत ने यशराज फिल्म्स के साथ तीन फ़िल्मों का करार किया था। जिसमें शुद्ध देशी रोमांस, डिटेक्टिव ब्योमकेश बख़्शी और पानी थी। इसमें दो तो रिलीज़ हो गयी, लेकिन तीसरी अटक गयी। उसके अटकने के पीछे वजह यशराज फिल्म्स का फ़िल्म से हाथ खींचना था। बताया जा रहा है कि शेखर कपूर पहले इस फ़िल्म को हॉलीवुड के लिए बना रहे थे लेकिन बजट ज़्यादा होने के कारण वो बॉलीवुड के लिए बनाने लगे। ऐसा करने को उन्हें आदित्य चोपड़ा ने कहा। इसके चलते सुशांत ने कुछ सालों तक कोई फ़िल्म साइन नहीं की। लेकिन अब आदित्य चोपड़ा ने इससे अपने हाथ पीछे खींचे, तो रिश्ते तल्ख़ होना जायज़ थे।

कुछ रिपोर्ट्स तो यहाँ तक कहती हैं कि भंसाली की 'गोलियों की रासलीला- रामलीला' और 'बाजीराव मस्तानी' में पहले सुशांत का नाम फाइनल कर दिया गया था। लेकिन आदित्य चोपड़ा की दखलंदाजी के बाद ये फिल्में रणवीर सिंह को मिली।

आरोप ये भी है कि आदित्य चोपड़ा ने करण जौहर के साथ प्लानिंग कर सुशांत को फ़िल्म 'ड्राइव' में अटका दिया। मगर, उसे दो साल तक थियेटर में रिलीज नहीं होने दिया गया। कारण बताया गया कि फिल्म की क्वालिटी पर काम हो रहा है। आखिर में दो साल टालने के बाद उसे नेटफ्लिक्स पर बेच दिया गया। यहीं से करण जौहर और सुशांत के रिश्तों में गर्माहट शुरू हुई। इसके बाद सुशांत ने कभी करण के साथ काम न करने का फ़ैसला लिया।

अब अग़र बात सलमान ख़ान की करें तो सुशांत-सलमान का कोई सीधा मनमुटाव या लड़ाई नहीं थी। बल्कि, एक रिपोर्ट की मानें तो सलमान ख़ान ने सूरज पंचोली की वजह से सुशांत सिंह राजपूत को अपना दुश्मन बनाया।

दरअसल, एक बार किसी पब या बार में इत्तेफ़ाक से सूरज पंचोली और सुशांत सिंह राजपूत साथ पहुंच गये थे। दोनों के बीच यहाँ बहसबाजी-मारपीट भी हुई। लेकिन दोनों नशे में थे, बात आई और चली गई।

क्योंकि सूरज पंचोली को सलमान ख़ान ने लॉन्च किया था। उनकी पहली फ़िल्म भी प्रड्यूस की थी। इंडस्ट्री में उनके गॉडफादर थे। तो सूरज ने ये बात सलमान को बताई। सलमान ने अपने प्रोडक्शन की एक फ़िल्म के लिये सुशांत को लगभग कास्ट कर लिया था। लेकिन, जैसे ही सूरज ने सलमान को इस मामले के बारे में बताया, सलमान ने झट से सुशांत सिंह राजपूत को फ़ोन कर दिया। उनसे बातें करने लगे। उधर से सुशांत ने कुछ सफाई दी या अपनी गलती मानने से साफ़ इनकार कर दिया। ये बात सलमान को नागवार गुज़री। क्योंकि सलमान ख़ान अग़र किसी को फ़ोन करते हैं तो वो सिर्फ़ अपनी कहते हैं दूसरे की सुनना उन्हें बर्दाश्त नहीं। ये बात हुई, उसके बाद सलमान ने अरबाज़ और सोहेल से सभी प्रोड्यूसर को फोन कराकर सुशांत को किसी फ़िल्म के लिए कास्ट करने को मना कर दिया। साथ ही अपने प्रोडक्शन की फ़िल्म से भी उन्हें निकाल दिया।

लेकिन तब तक सुशांत को साजिद नाडियाडवाला ने कास्ट कर लिया था तो 'छिछोरे' नहीं रुक सकती थी। लेकिन इस फ़िल्म के 153 करोड़ कमाने के बावजूद साजिद ने सुशांत को मौका न देने का फैसला किया।

ये भी पढ़ें:गलवान पर ये रहस्य खोले जाएं, सवाल जिनके जवाबों की है दरकार

अमूमन, साजिद ऐसा नहीं करते। लेकिन सलमान से अपनी दोस्ती की वजह से उन्हें ऐसा करना पड़ा।

तो इंडस्ट्री के दबाव के ही कारण एकता कपूर, संजय लीला भंसाली, भूषण कुमार और कई प्रोड्यूसर ने सुशांत को बैन कर दिया था।

और उसके बाद जो हुआ, वो पूरा देश जानता है...

हालांकि मुम्बई पुलिस जांच कर रही है। सुबूत तलाश रही है। अब तक एक दर्जन लोगों के बयान लिये जा चुके हैं। तो दूसरी तरफ़ सोशल मीडिया पर भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

सलमान ने पहले भी बर्बाद किया है लोगों का करियर

सलमान इससे पहले विवेक ओबेरॉय, साहिल खान और अरिजीत सिंह जैसे कई लोगों के करियर पर सेंध लगा चुके हैं। इसकी पुष्टि हाल ही में एक वीडियो में सोनू निगम ने किया। उन्होंने अपने वीडियो में इशारों-इशारे में सलमान को कोसा। इंडस्ट्री की बदहाली के लिए सलमान को ज़िम्मेदार ठहराया। तो 'स्टाइल' फ़िल्म के अभिनेता ने एक फोटो शेयर कर सलमान को अपना करियर बिगाड़ने के लिए कसूरवार बताया। वहीं अरिजीत सिंह की बात तो किसी से छुपी नहीं है। सलमान ने कितनी बार उनसे गाना रिकॉर्ड करवाके, उसको दूसरे सिंगर से डब करवाया। अरिजीत सिंह ने उनसे सोशल मीडिया के जरिये माफ़ी भी मांगी थी। रही बात विवेक ओबेरॉय की, तो वो जगज़ाहिर है। एक इंटरव्यू के दौरान जब सलमान से पूछा गया कि क्या उन्होंने विवेक ओबेरॉय को माफ़ कर दिया, तो सलमान ने कहा-'कौन विवेक'?

वहीं धोनी रिलीज़ होने के बाद भी सुशांत पर पूछे गए एक सवाल में सलमान ने यही जवाब दिया था, 'कौन सुशांत?'

अब इन दोनों बातों से साफ़ ज़ाहिर है कि सलमान ख़ान का नाम क्यों आ रहा है।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Roshni Khan

Roshni Khan

Next Story