×

Neeraj Chopra ने फिर किया कमाल, वजन कम करने के लिए खेलना शुरू किया और अब रच रहे इतिहास, पूरा देश खुशी से झूम उठा

Neeraj Chopra Wins Gold: नीरज चोपड़ा ने अपना पहले थ्रो फाउल जरूर किया मगर दूसरे ही थ्रो में 88.17 मीटर दूर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

Anshuman Tiwari
Published on: 28 Aug 2023 2:24 AM GMT (Updated on: 28 Aug 2023 3:20 AM GMT)
Neeraj Chopra ने फिर किया कमाल, वजन कम करने के लिए खेलना शुरू किया और अब रच रहे इतिहास, पूरा देश खुशी से झूम उठा
X
Neeraj Chopra Wins Gold (photo: social media )

Neeraj Chopra Wins Gold: टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर अपनी स्वर्णिम उपलब्धि से पूरे देश को गौरवान्वित किया है। नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में रविवार की रात इतिहास रच दिया। नीरज चोपड़ा ने अपना पहले थ्रो फाउल जरूर किया मगर दूसरे ही थ्रो में 88.17 मीटर दूर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की ट्रैक एंड फील्ड कैटेगरी में किसी भारतीय खिलाड़ी ने पहली बार गोल्ड मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की है। नीरज चोपड़ा ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले देश के इकलौते एथलेटिक खिलाड़ी भी बन गए हैं। हंगरी के बुडापेस्ट में हुई इस चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा को पाकिस्तान के अरशद नदीम से कड़ी चुनौती मिली मगर नीरज चोपड़ा ने नदीम को दूसरे स्थान पर धकेल कर स्वर्णिम उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश को झूमने का मौका दिया है। नीरज चोपड़ा ने अपना वजन कम करने के लिए खेलना शुरू किया था और अब वे हर कदम पर लगातार इतिहास रचते जा रहे हैं।

पाक खिलाड़ी को पीछे छोड़ कर रचा इतिहास

नीरज चोपड़ा के विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के बाद ही पूरे देश को फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार था। पूरे देश को नीरज चोपड़ा से गोल्ड मेडल की उम्मीद थी। नीरज चोपड़ा ने देश के लोगों को निराश नहीं किया। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में इतनी दूर भाला फेंक दिया जो उन्हें गोल्ड मेडल दिलाने के लिए काफी था।

अपने दूसरे थ्रो में नीरज चोपड़ा ने 88.17 मीटर दूर भाला फेंककर इतिहास रच दिया। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने अंतिम थ्रो तक नीरज चोपड़ा को टक्कर देने की कोशिश की। आखिरकार वे 87.82 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे जब भी चेक गणराज्य के जैकब वादलेज्बे 86.67 मी के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

वजन कम करने के लिए खेल में ली दिलचस्पी

नीरज चोपड़ा का लालन पालन संयुक्त परिवार में हुआ और परिजनों के लाल प्यार के कारण उनका वजन काफी बढ़ गया था। परिवार के जोडर देने पर उन्होंने अपना वजन कम करने का प्रयास शुरू किया। वे खेलकूद की गतिविधियों में दिलचस्पी लेने लगे मगर उन्हें दौड़ने में ज्यादा आनंद नहीं आता था और इस कारण उन्होंने भाला फेंकना शुरू किया और इस खेल से उन्हें प्यार हो गया। पानीपत के शिवाजी स्टेडियम से शुरुआत करने वाले नीरज चोपड़ा ने बाद के दिनों में ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं जिस पर आज पूरा देश गर्व कर रहा है।

दो साल पहले टोक्यो ओलंपिक के दौरान उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर पूरे देश को झूमने का मौका दिया था। उस समय नीरज की उम्र महज 22 साल थी और इतनी छोटी उम्र में उन्होंने इतनी बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तहलका मचा दिया था। भारत के महान निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद नीरज चोपड़ा दूसरे ऐसे खिलाड़ी बने थे जिसने ओलंपिक की व्यक्तिगत इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में कामयाबी हासिल की थी।

अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी

एथलेटिक्स की दुनिया में भारत का लंबे समय से पदक जीतने का सपना था और इस सपने को नीरज चोपड़ा ने पूरा किया था। यही कारण था कि वे रातों-रात पूरी देश के चहेते खिलाड़ी बन गए थे। अब उन्होंने विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत कर देश को दोबारा बड़ी खुशी का मौका दिया है। एक ही समय में ओलंपिक और विश्व खिताब जीतने वाले नीरज चोपड़ा अब अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

अभिनव बिंद्रा ने 23 की उम्र में विश्व चैंपियनशिप पर 25 की उम्र में ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। नीरज चोपड़ा ने 22 की उम्र में ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के बाद 24 साल की उम्र में विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है।

जानकारों का मानना है कि नीरज चोपड़ा यदि अपने फिटनेस के स्तर को बनाए रखने में कामयाब रहे तो आने वाले दिनों में वे कई और बड़ी कामयाबी हासिल कर सकते हैं। वे अभी कम से कम दो ओलंपिक और दो विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा ले सकते हैं। ऐसे में उनके पास अभी भी आने वाले दिनों में और पदक जीतने का मौका बना रहेगा।

देश के लिए कामयाबी से भरा सप्ताह

भारत के लिए पिछला सप्ताह काफी कामयाबी वाला सप्ताह रहा। पहले चंद्रयान 3 को बड़ी कामयाबी मिली और देश के वैज्ञानिकों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया। चंद्रयान-3 चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने में कामयाब रहा। उसके बाद भारतीय शतरंज खिलाड़ी प्रगनाननंदा ने कार्लसन को कड़ी टक्कर देते हुए देश को बड़ी खुशी का मौका दिया। उसके बाद अब नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचते हुए विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत लिया। इस तरह भारत के लिए पिछला सप्ताह कामयाबी भरा और ऐतिहासिक रहा।

नीरज चोपड़ा की जीत पर पीएम मोदी ने दी बधाई

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story