×

Lambasingi Famous Places: आंध्र प्रदेश का कश्मीर है लंबासिंगी, आइये जाने इसका इतिहास

Andhra Pradesh Ka Kashmir Lambasingi: आंध्र प्रदेश राज्य (Andhra Pradesh) में एक छोटा सा गांव है, जहां की बर्फबारी काफी ज्यादा मशहूर है और इस जगह को आंध्र प्रदेश का कश्मीर भी कहा जाता है।

Sarojini Sriharsha
Published on: 2 Aug 2023 1:58 PM GMT
Lambasingi Famous Places: आंध्र प्रदेश का कश्मीर है लंबासिंगी, आइये जाने इसका इतिहास
X
Lambasingi (Photo Courtesy- Social Media)

Lambasingi Famous Places: दक्षिण भारत का नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में वहां की गर्मी और साउथ इंडियन फूड की याद आ जाती है। कश्मीर, हिमाचल या उत्तराखंड के नाम से लोग बर्फबारी और ठंड के बारे में सोचते हैं। लेकिन दक्षिण के आंध्र प्रदेश राज्य (Andhra Pradesh) में एक छोटा सा गांव है जिधर लोग बर्फबारी देख सकते हैं।

इसलिए कहा जाता है कि 'आंध्र प्रदेश का कश्मीर'

जी हां विशाखापत्तनम जिले (Visakhapatnam) का लम्बासिंगी गांव (Lambasingi) जो समुद्र तल से करीब 1000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, पूरे साल सफेद धुंध से ढका रहता है। लेकिन जाड़ों में जब पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में रहता है तब नवंबर से जनवरी तक के महीने में इस जगह का तापमान शून्य से नीचे चला जाता है, जिसमें बर्फबारी भी हो जाती है। इसलिए इसे 'आंध्र प्रदेश का कश्मीर' (Andhra Pradesh Ka Kashmir) भी कहा जाता है।

यहां के लोग इस जगह को कोर्रा बायलू (Korra Bayalu) के नाम से भी जानते हैं, जिसका मतलब होता है, अगर कोई व्यक्ति रात में खुले में यहां रह जाए तो, सुबह वह ठंड से एक लकड़ी की तरह हो जायेगा।

यहां के बगान करते हैं पर्यटकों को आकर्षित

इस जगह के लोग काली मिर्च और कॉफी के बगानों में काम करते हैं और यह दृश्य पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित करता है।

यह एक पहाड़ी और जंगली इलाका है, जहां कई प्रकार के वन्यजीवों और वनस्पतियों का भी आनंद लिया जा सकता है। ट्रेकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, हाइकिंग और अन्य रोमांचकारी गतिविधियों का भी पर्यटक यहां मजा ले सकते हैं। इसके अलावा यहां आसपास कई अन्य स्थान है जहां पर्यटक मजा ले सकते हैं।

लम्बासिंगी के मशहूर पर्यटक स्थल (Famous Tourist Places Of Lambasingi)

थाजंगी जलाशय:

यह जलाशय लंबासिंगी से करीब 6 किमी की दूरी पर स्थित है। धुंध से भरे पहाड़ों और धुंधली घास के मैदान के बीच यह जलाशय एक मनोरम दृश्य प्रस्तुत करता है, जिससे पर्यटक यहां खींचे चले आते हैं। हरे भरे घास के मैदान के बीच नीले रंग का पानी वाला यह जलाशय किसी स्वर्ग जैसे स्थान सा लगता है। पर्यटक यहां फोटो लेने से थकते नहीं हैं। यह जलाशय 24 घंटा पर्यटकों के लिए खुला रहता है।

कोठापल्ली झरना:

अपने प्राकृतिक रूप से बहता हुआ यह झरना लंबासिंगी में आने वाले पर्यटकों के लिए एक और खूबसूरती का परिचय देता है। देश के दक्षिणपूर्वी तट पर स्थित आंध्र प्रदेश के लंबासिंगी के लिए यह एक छिपे हुए खजाने की तरह है। लंबासिंगी के मौसम का मज़ा लेने के बाद अगर पानी में भी मस्ती करनी है तो यह झरना पर्यटकों के लिए सोने पर सुहागा की तरह साबित होगा। यह जगह सुबह 6 बजे से शाम 5.30 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है।

सुसान गार्डन:

यह गार्डन पीले रंग के फूलों से भरा हुआ है और पूरा क्षेत्र काले और पीले रंग की बिछी चादर जैसे दिखाता है। सूर्यास्त के समय जब सूर्य की किरणें इन फूलों पर पड़ती हैं तो एक झिलमिलाता हुआ मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करती हैं। प्रकृति प्रेमी इन फूलों के बीच सुंदर सूर्यास्त देख उसका फोटो लेकर अपनी यात्रा को यादगार बना सकते हैं। सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक यह गार्डन पर्यटकों के लिए खुला रहता है।

घाट रोड:

इस रोड पर ज्यादातर प्रेमी प्रेमिकाओं को घूमते देखा जा सकता है। यह घाट रोड दोनों तरफ लंबे पेड़ों से भरा रास्ता है जिसमें धुंध और पहाड़ों से बादल गुजरते नज़र आएगा। ऐसे में यहां रोमांटिक जोड़ों का होना लाज़मी है। ज्यादातर हनीमून जोड़े इधर आना पसंद करते हैं। परिवार वाले भी इस खूबसूरत जगह में घूमना नहीं भूलते।

बोज्जनकोंडा और लिंगलाकोंडा:

लंबासिंगी के निकट बोज्जनकोंडा और लिंगलाकोंडा दो बौद्ध गुफाएं हैं। लंबासिंगी पहाड़ियों के निकट शंकरम नामक एक गांव में ये गुफाएं स्थित हैं। इस इलाके में कई बौद्ध मठ हैं। इस गांव में धान की खेती होती है और प्राकृतिक हरियाली में आप इन गुफाओं में घूमने का आनंद ले सकते हैं। ये गुफाएं आप सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक घूम सकते हैं।

कोंडाकरला पक्षी अभयारण्य:

इस पक्षी अभयारण्य में आप साल भर प्रवासी पक्षियों को देख सकते हैं। यहां एक खूबसूरत झील भी है जिसमें नौका विहार का आनंद लिया जा सकता है। यह पक्षी अभयारण्य सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहता है और आप अपनी सुबह इन पक्षियों के साथ बिता सकते हैं।

लंबासिंगी के आस पास कई अन्य स्थल भी हैं जिन्हें आप अपने घूमने के लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। इनमें एक प्रमुख है:

अन्नावरम मंदिर:

अन्नावरम में विष्णु भगवान के सत्यनारायण रूप की पूजा होती है। अपने में अनूठे इस मंदिर का दर्शन कर भक्त अपने आपको धन्य मानते हैं। आंधप्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों में से अन्नावरम का यह मंदिर सबसे प्रमुख है। इस मंदिर में द्रविड़ शैली के वास्तुकला को देखा जा सकता है। यह मंदिर भी तिरुपति मंदिर जैसा मशहूर है और यहां के लोग कोई भी मंगल कार्य के बाद दर्शन करना नहीं भूलते। मंदिर में सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक भगवान विष्णु के दर्शन कर प्रसाद पा सकते हैं।

लंबासिंगी से करीब 120 किमी की दूरी पर स्थित उप्पाड़ा समुद्री तट का आनंद ले सकते हैं।

वैसे तो लंबासिंगी ज्यादर लोग नवंबर से जनवरी के महीने में बर्फबारी का आनंद लेने जाते हैं। सर्दियों के दौरान धुंध और जमीन पर उतरते बादलों का नज़ारा देख सकते हैं।

कैसे पहुंचे?

लंबासिंगी पहुंचने के लिए निकटतम हवाई अड्डा विशाखापत्तनम है। विशाखापत्तनम से लंबासिंगी की दूरी करीब 112 किमी है। विशाखापत्तनम से सड़क मार्ग द्वारा यहां पहुंचा जा सकता है। वैसे यहां हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, विजयवाड़ा और भुवनेश्वर जैसे कई शहरों से राज्य परिवहन और निजी बसें भी चलती हैं। NH 5 हाई वे विशाखापत्तनम से आप टैक्सी या अपनी गाड़ी से इस जगह पहुंच सकते हैं।

रेलवे मार्ग से भी आप विशाखापत्तनम आकार लंबासिंगी सड़क मार्ग से जा सकते हैं। यह स्टेशन देश के सभी प्रमुख शहरों से जुड़ा है।

तो आप किस बात का इंतजार कर रहे हैं, इस बार सर्दियों में लंबासिंगी का प्लान बनाइए और समुद्री तट, पहाड़ों और बर्फबारी सभी का मजा एक साथ ले कर एक यादगार छुट्टियों का पल बनाएं।

(लेखिका वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

Sarojini Sriharsha

Sarojini Sriharsha

Next Story