×

Agra News: आगरा जेल में नवरात्रि का वत्र कर रहे मुसलमान कैदी, हिंदू रख रहे रोजा

Agra News: केंद्रीय कारागार आगरा के जेलर ने बताया कि आगरा जेल में इस समय 905 कैदी हैं, जिनमें से 17 मुस्लिम कैदियों ने नवरात्रि पर व्रत रखा है, जबकि 35 हिंदू कैदी रोजा रख रहे हैं।

Jugul Kishor
Published on: 27 March 2023 8:47 AM GMT
Agra News: आगरा जेल में नवरात्रि का वत्र कर रहे मुसलमान कैदी, हिंदू रख रहे रोजा
X
जेल में भागवत कथा सुन रहे मुस्लिम कैदी (सोशल मीडिया)

Agra News: नवरात्रि और रमजान के मौके पर केंद्रीय कारागार आगरा के कैदी एक अलग तरह की मिशाल पेश कर रहे हैं। कारागार के अंदर मुसलमान कैदी नवरात्रि का व्रत रख रहे हैं तो वहीं हिंदू कैदी रमजान के रोज रख रहे हैं। बता दें कि हिंदुओं का पवित्र त्योहार चैत्र नवरात्रि 22 मार्च से शुरु हुआ है और 30 मार्च को रामनवमी हैं। वहीं रमजान के रोजे शुक्रवार 24 मार्च से शुरु हुए हैं। केंद्रीय कारागार के उपमहानिरीक्षक प्रभारी राधा कृष्ण के मुताबिक मुसलमान कैदी नवरात्रि का व्रत रख रहे हैं। मंदिर परिसर में आयोजित भजन कार्यक्रम में भी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं हिंदू कैदी भी रोज रख रहे हैं। उन्होने बताया कि यह एक बहुत अच्छा विचार है, जहां हिंदू और मुस्लिम धर्म के कैदी भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।

17 मुस्लिम कैदियों ने रखा नवरात्रि व्रत व 35 हिदूओं ने रखा रोजा

केंद्रीय कारागार आगरा के जेलर ने बताया कि आगरा जेल में इस समय 905 कैदी हैं, जिनमें से 17 मुस्लिम कैदियों ने नवरात्रि पर व्रत रखा है, जबकि 35 हिंदू कैदी रोजा रख रहे हैं। व्रत रखने वाले बंदियों के लिए जेल प्रशासन ने दूध, फल व उबले आलू उपलब्ध कराए हैं। वहीं, रोजा रखने वाले बंदियों के लिए दूध और खजूर की व्यवस्था की गई है। बता दें कि चैत्र नवरात्रि पर देशभर के मंदिरों में श्रद्धलुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। सुबह से ही मंदिरों में पूजा करने के लिए लोगों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। आज यानी 27 मार्च को नवरात्रि का छठां दिन है। पूरे देश में नवरात्रि का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है।

भागवत कथा सुन रहे मुसलमान कैदी

जानकारी के मुताबिक 22 मार्च को जब नवरात्रि की शुरुआत हुई थी। उस दिन जेल के लगभग सभी बंदियों ने व्रत रखा था। जिसमें 22 मुस्लिम बंदी भी शामिल थे। नवरात्रि पर पूजा करने के लिए जेल परिसर में बने मंदिर में ही व्यवस्था का गई है। बंदी सुबह से ही पूजा अर्चना शुरु कर देते हैं। पूजा में मुस्लिम कैदी भी शामिल होते हैं। केंद्रीय कारागार में 24 मार्च से भागवत कथा हो रही है। जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम कैदी भी नियमित रूप से शामिल हो रहे हैं। वर्तमान में करीब 700 से अधिक कैदी नवरात्रि का व्रत रख रहे हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Next Story