×

बलिया कांड: MLA को नेतृत्व की सख्त हिदायत, अनर्गल बयानबाजी बंद करने को कहा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधायक को अपने बयानों से पार्टी और अपनी छवि नहीं बिगड़ने देनी चाहिए। उन्हें कोई भी बात पार्टी के भीतर ही कहनी चाहिए। अनर्गल बयानबाजी से पार्टी की छवि लगातार खराब हो रही है।

Newstrack
Published on: 18 Oct 2020 4:59 PM GMT
बलिया कांड: MLA को नेतृत्व की सख्त हिदायत, अनर्गल बयानबाजी बंद करने को कहा
X
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि विधायक को अपने बयानों से पार्टी और अपनी छवि नहीं बिगड़ने देनी चाहिए। उन्हें कोई भी बात पार्टी के भीतर ही कहनी चाहिए।

अंशुमान तिवारी

लखनऊ: बलिया कांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में लगातार बयान देने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह को पार्टी नेतृत्व ने सख्त हिदायत दी है। विधायक ने रविवार शाम राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल से मुलाकात कर अपनी सफाई पेश की। दोनों नेताओं ने विधायक सुरेंद्र सिंह को अनर्गल बयानबाजी से बाज आने की सख्त हिदायत दी है।

प्रदेश नेतृत्व के सामने रखा अपना पक्ष

पार्टी सूत्रों के मुताबिक विधायक आज शाम अपना पक्ष रखने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे। करीब एक घंटे चली बातचीत के दौरान विधायक ने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को बलिया में हुई घटना की पूरी जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक विधायक का कहना था कि वहां इस तरह के हालात बन गए थे जिससे दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।

विधायक की सफाई से संतुष्ट नहीं है नेतृत्व

हालांकि प्रदेश भाजपा नेतृत्व विधायक की सफाई से संतुष्ट नहीं दिखा। पार्टी नेतृत्व की ओर से विधायक से कहा गया है कि आए दिन उनके अनर्गल बयानों से विवाद पैदा होता है। विधायक को अनर्गल बयानबाजी से बाज आने की सख्त हिदायत दी गई है।

ये भी पढ़ें...बंगाल में BJP का बड़ा सियासी दांव, PM मोदी के जरिए पार्टी की पैठ बढ़ाने की तैयारी

पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि विधायक को अपने बयानों से पार्टी और अपनी छवि नहीं बिगड़ने देनी चाहिए। उन्हें कोई भी बात पार्टी के भीतर ही कहनी चाहिए। अनर्गल बयानबाजी से पार्टी की छवि लगातार खराब हो रही है।

Swatantra Dev Singh

भाजपा में संस्कारों और सिद्धांतों का महत्व

सूत्रों के मुताबिक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का कहना था कि भाजपा में संस्कारों और सिद्धांतों को महत्व दिया जाता है। यदि जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार कार्यकर्ता अपने बयानों के जरिए विवाद पैदा करने की कोशिश करते हैं तो आम लोग भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। इसके साथ ही किसी भी जनप्रतिनिधि के अनर्गल बयानों से विपक्ष को बेवजह मुद्दे को तूल देने का मौका मिल जाता है।

वरिष्ठ नेता वाणी पर संयम रखें

संगठन महामंत्री बंसल ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि के विवादित बयानों से आम कार्यकर्ता के मनोबल पर भी असर पड़ता है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अपनी वाणी और आचरण दोनों बहुत संयमित रखना चाहिए।

ये भी पढ़ें...चिराग का पीएम और शाह को न्योता, बोले-मेरे खिलाफ मोदी किसी धर्मसंकट में न फंसें

पार्टी को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं

पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि बलिया के बैरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि आम कार्यकर्ताओं की समस्याओं को भी सुना जाना चाहिए ताकि पार्टी को स्थानीय स्तर के फीडबैक की जानकारी हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि उनका मकसद पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने का नहीं है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के बाद सुरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने अपना पक्ष प्रदेश नेतृत्व के सामने रख दिया है।

उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करने का प्रयास करेंगे ताकि उनके सामने भी अपना पक्ष रखा जा सके।

ये भी पढ़ें...बॉलीवुड ड्रग्स केस: NCB ने अब इनको किया गिरफ्तार, अर्जुन रामपाल से है खास नाता

मुख्य आरोपी की पैरवी में जुटे हैं विधायक

बलिया में अफसरों के सामने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह की वकालत करने के कारण विधायक सुरेंद्र सिंह इन दिनों विवादों में है।

वे लगातार धीरेंद्र सिंह के पक्ष में पैरवी कर रहे हैं और उन्होंने परिवार के साथ जाकर पुलिस से मुलाकात भी की थी। उन्होंने बलिया कांड को क्रिया की प्रतिक्रिया बताया था। इसके बाद विपक्ष की ओर से भाजपा कर जमकर हमले किए जा रहे हैं और पार्टी पर मुख्य आरोपी का साथ देने का आरोप लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें...महिलाओं की सुरक्षा पर योगी सख्त, मिशन शक्ति अभियान की होगी त्रिस्तरीय समीक्षा

मुख्य आरोपी लखनऊ में गिरफ्तार

बलिया कांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह को एसटीएफ ने लखनऊ में रविवार को गिरफ्तार कर लिया। धीरेंद्र सिंह से गोली कांड के बारे में पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के बाद धीरेंद्र सिंह को बलिया पुलिस को सौंप दिया जाएगा।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Newstrack

Newstrack

Next Story