×

संजय सिंह का बड़ा आरोप, कहा- योगी सरकार की इस योजना में महाघोटाला!

एक लाख बीस हजार करोड़ की 'हर घर नल हर घर जल' परियोजना में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए आप प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला।

Dharmendra kumar
Published on: 7 March 2021 7:20 PM GMT

लखनऊ: राज्यसभा सांसद व आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था व कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछे। साथ ही संजय सिंह ने प्रदेश सरकार की 'हर घर नल' योजना की सीबीआई से जांच की मांग की। आप के प्रदेश प्रभारी ने योगी सरकार में जल शक्ति मंत्री महेंद्र नाथ सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पांच कंपनियों को 1500 करोड़ रुपये के टेंडर दे दिए। उन्होंने कहा कि आदित्यनाथ को केरल में जाने से पहले उत्तर प्रदेश को देख लेना चाहिए।

'1500 करोड़ के घोटाले की हो सीबीआई जांच'

एक लाख बीस हजार करोड़ की 'हर घर नल हर घर जल' परियोजना में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए आप प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला। संजय सिंह ने कहा- ''बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के कारण प्रदेशवासियों की 'खुशी' मर रही है और योगी देश भर घूमकर चुनावी सभाओं में अपना बखान कर रहे हैं। दुखद है यहां इलाज बिना बेटियां मर जाती हैं।

उन्होंने कहा कि छेड़खानी की शिकायत पर बेटी को अपने पिता को कंधा देना पड़ता है। मुख्यमंत्री बेशर्मी से खुद की प्रशंसा करते घूमते हैं। उन्होंने 'हर घर नल हर घर जल' परियोजना के भ्रष्टाचार को हर घर के जल में घोटाला बताते हुए 1500 करोड़ के इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने प्रयागराज की खुशी प्रकरण में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ सरकार को पीड़ित पक्ष को मुआवजा देने को कहा।

ये भी पढ़ें...औरैया: युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस पर वसूली का आरोप

'पांच चहेती कंपनियों को दिया ठेका'

जल जीवन मिशन की इस योजना पर आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि 'हर राज्य में किसी इस तरह की योजना में थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन के लिए औसतन 0.40 फीसद खर्च पर दूसरी संस्था को टेंडर दिया जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में यह रेट 1.33 फीसद लगाया गया। फिर उत्तर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री ने अपनी पांच चहेती कंपनियों को थर्ड पार्टी निगरानी का ठेका दे दिया। 1500 करोड़ के इस महाघोटाले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।'

'3 साल की बच्ची खुशी मिश्रा की मौत दुःखद'

संजय सिंह ने प्रयागराज के कौशांबी में एक निजी अस्पताल में इलाज के अभाव के कारण 3 साल की बच्ची खुशी मिश्रा की मौत को दुखद बताया। सिद्धार्थनगर में प्रसव केंद्र बंद होने पर खाद गोदाम और बस्ती में एंबुलेंस न आने पर टेंपो में बच्चे का जन्म होने की घटनाओं का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। बेटियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया।

ये भी पढ़ें...अयोध्या में बोले डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, बंगाल में गूंजेगा जय श्री राम का नारा

'दिल्ली मॉडल लाने का मन बना लिया है'

संजय सिंह ने चुनावी सभाएं करने में जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह बेशर्मी से अपनी तारीफ कर रहे हैं और यहां स्वास्थ्य सेवा और कानून व्यवस्था के कारण प्रदेशवासियों की मासूम 'खुशी' मर रही है। संजय सिंह ने मुख्यमंत्री से सवाल किया-क्या यही प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधा है? जिसमें बेटियां इलाज के बिना मर जा रही हैं। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई और पीड़ित पक्ष को उचित मुआवजा देने की मांग की। संजय सिंह ने कहा कि 'प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के कारण त्रस्त जनता ने अब यहां विकास का दिल्ली मॉडल लाने का मन बना लिया है।'

ये भी पढ़ें...घर में महिलाओं को सम्मान देना शुरू करें, तभी होगा व्यवस्था परिवर्तन: अनुप्रिया पटेल

कई सभासदों व व्यापारियों ने थामा 'आप' का दामन

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी की तैयारियां ज़ोरों पर है। धीरे-धीरे आप का परिवार बढ़ता जा रहा है। रविवार को राज्यसभा सांसद व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह की मौजूदगी और लखनऊ महानगर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी की अध्यक्षता में वरिष्ठ व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता शेखर कुमार ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। रुद्राक्ष सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित श्रीवास्तव, केकेसी महाविद्यालय के पूर्व महासचिव दुर्गेश सिंह, आगरा से ममता निषाद (जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा)

आगरा जनपद की बाह नगर पालिका परिषद के कई सभासद विष्णु सिंह, गोपाल गुप्ता, राम प्यारी, संजीव गुप्ता, अनिल कुमार, बंटू, सुग्रीव सिंह वर्मा ने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी ने बधाई देते हुए भरोसा जताया कि नए साथी प्रदेश में संगठन को नई मजबूती देने का काम करेंगे। इस प्रेसवार्ता में प्रदेश सहप्रभारी नदीम असरफ जायसी, प्रदेश मीडिया प्रभारी महेंद्र सिंह, यूथ विंग लखनऊ जनपद के जिला अध्यक्ष ललित वाल्मीकि मौजूद थे।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Dharmendra kumar

Dharmendra kumar

Next Story