Up Nikay Chunav 2023: मेयर बनने के बाद नई योजनाओं की मिलेगी सौगातः बिहारीलाल आर्य

Up Nikay Chunav 2023: भाजपा के मेयर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य ने कहा कि लोगों का उन पर भरोसा है और आने वाले समय में भी झांसी का बहुमुखी विकास होगा और नई योजनाओं की सौगात मिलेगी।

B.K Kushwaha
Published on: 27 April 2023 4:14 PM GMT
Up Nikay Chunav 2023: मेयर बनने के बाद नई योजनाओं की मिलेगी सौगातः बिहारीलाल आर्य
X
भाजपा के मेयर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य: Photo- Newstrack

Jhansi News: भाजपा के मेयर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को बहुत सारी सहूलियतें उपलब्ध कराई हैं और कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। उनकी मंशा है कि कहीं भी किसी तरह का भ्रष्टाचार नहीं हो। मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के लोगों से जो भी वादे किये थे, उन सबको पूरा किया है। लोगों का उन पर भरोसा है और आने वाले समय में भी झांसी का बहुमुखी विकास होगा और नई योजनाओं की सौगात मिलेगी।

लंबा राजनीतिक सफ़र है भाजपा प्रत्याशी का

बिहारी लाल आर्य ने पहला चुनाव 1991 में कांग्रेस पार्टी से लड़ा था लेकिन जीत नहीं पाए थे। 1993 में वह फिर चुनावी मैदान में उतरे और इस बार जीत हासिल की। 1996 में वह लगातार दूसरी बार जीते। 1997 में उन्होंने कांग्रेस से बगावत कर दी और नरेश अग्रवाल की डेमोक्रेटिक कांग्रेस में शामिल होकर कल्याण सिंह की सरकार को समर्थन दे दिया। कल्याण सिंह ने उन्हें लघु उद्योग विभाग का राज्य मंत्री बनाया था। 2002, 2007 और 2012 में भी वह चुनावी समर में उतरे लेकिन जीत का स्वाद नहीं चख पाए।

बिहारी लाल आर्य 2017 से 22 तक झांसी की मऊरानीपुर विधानसभा सीट से विधायक रहे थे। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश के मंत्री भी रह चुके हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में मऊरानीपुर सीट अपना दल (एस) के खाते में चली गई थी। इस वजह से बिहारीलाल को टिकट नहीं मिला था। उस समय उन्होंने पार्टी का निर्णय स्वीकार किया था। इसी अनुशासन और पार्टी के प्रति कृतज्ञता के परिणाम स्वरूप अब भाजपा ने बिहारी लाल आर्य को झांसी नगर निगम के महापौर पद का प्रत्याशी बना दिया है।

समाजवादी पार्टी के सतीश जतारिया: Photo- Newstrack

समाजवादी पार्टी के सतीश जतारिया ने कहा- ‘वर्तमान सरकार ने की है जुमलेबाजी’

सपा के महापौर प्रत्याशी व पूर्व विधायक सतीश जतारिया ने कहा कि महानगर में छुट्टा जानवरों की समस्या पर वर्तमान सरकार ने जुमलेबाजी की है। रोड चौड़ा करने के नाम पर अवैध वसूली से जनता की जेबों में डाका डालने काम किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सपा सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए झांसी से महापौर व पार्षद बनाने के कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर झांसी को कुछ भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गई। यहां तमाम बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि उनके जीतने पर महानगर का विकास होगा।

B.K Kushwaha

B.K Kushwaha

Next Story