×

महिलाओं के दोषी होंगे राष्ट्रदोही! BJP विधायक की मांग, अपराध पर ऐसे लगे लगाम

भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध का परिणाम है कि आज एक भय का माहौल है, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपनी बेटी, बहन, पत्नी और मां को बाहर भेजने में असुरक्षित महसूस करता है।

Shreya
Published on: 24 Oct 2020 1:24 PM GMT
महिलाओं के दोषी होंगे राष्ट्रदोही! BJP विधायक की मांग, अपराध पर ऐसे लगे लगाम
X
राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में हो ‘क्राइम अगेन्स्ट वीमेन’: प्रतीक भूषण

गोंडा: विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह ने कहा है कि ‘क्राइम अगेन्स्ट वीमेन’ को राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में लाया जाय। महिलाओं से सम्बन्धित अधिक घटना वाले क्षेेत्रों को रेडजोन घोषित किया जाय ताकि रेडजोन में विशेष ध्यान देकर शोहदों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हो सके। महिलाओं के लिए आरक्षित होने पर उनकी जगह कोई महिला विधायक हो तो उन्हें खुशी होगी। वे यहां कोतवाली नगर में आयोजित महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के माडल महिला हेल्प डेस्क कक्ष के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

महिलाओं के प्रति अपराधों को राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में लाया जाए

भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध का परिणाम है कि आज एक भय का माहौल है, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपनी बेटी, बहन, पत्नी और मां को बाहर भेजने में असुरक्षित महसूस करता है। मैं स्वयं चिंतित हो जाता हूं जब मेरी बहन, मां और पत्नी बाहर जाती हैं। उनके साथ चार आदमी भेजना पड़ता है। इसलिए महिलाओं के प्रति किए गए अपराधों को राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में लाया जाय, ताकि अपराध करने वालों को सख्त से सख्त सजा मिले।

यह भी पढ़ें: गुपकार की बैठक में फारूक बोले- हम केवल भाजपा के विरोधी हैं, राष्ट्र के नहीं

BJP MLA IN GONDA (फोटो- सोशल मीडिया)

सोशल मीडिया पर लड़कियों को ट्रोल करना भी अपराध

उन्होंने महिलाओं से सम्बन्धित अधिक घटना वाले क्षेत्रों को रेडजोन घोषित करने की कार्यवाही पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला हेल्प डेस्क की उपयोगिता तभी सिद्ध होगी जब महिलाएं बिना भय के आ-जा सकें व रात्रि में खाना खाने के बाद भी निडर होकर भ्रमण कर सकें। उन्होंने ‘‘क्राइम अगेन्स्ट वीमेन’’ पर तत्काल रोकथाम किए जाने पर बल देते हुए कहा कि संकीर्ण मानसिकता वाले शोहदों को भी ठीक किया जाय। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के प्रति हुए अपराध के महज दो प्रतिशत मामलोंमें ही कार्यवाही होती है, जिसे बढ़ाने की जरुरत है। सोशल मीडिया पर लड़कियों को ट्रोल करना भी अपराध माना जाय।

यह भी पढ़ें: करदाताओं को बड़ी राहत: सरकार ने बढ़ाई IT रिटर्न की डेडलाइन, ये है नई तारीख

पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और सख्त कार्यवाही हो

विधायक ने कहा कि महिला अपराधों में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और सख्त कार्यवाही हो। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का बोर्ड लगाने तथा महिलाओं के न्यूट्रिशन पर पूरा ध्यान दिया जाने पर बल दिया ताकि वे खेल के साथ ही हर क्षेत्र में उपलब्धि हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पहले हमारे देश में नारी का सम्मान था उसी प्रकार नारी को सम्मान व समान अधिकार मिले। उन्होंने सरकार द्वारा विशेषकर महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं से महिलाओं को लाभान्वित कराने को कहा।

यह भी पढ़ें: 55मुकदमे-40 गिरफ्तारीः इस का जिक्र बार बार, लल्लू की चुनाव सभाओं का ये है एजेंडा

सभी थानों मे महिला हेल्प डेस्क की शुरूआत

महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए मिशन शक्ति अभियान के रूप में चलाए जा रहे विशेष अभियान को सफल बनाए जाने के उद्देश्य से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी थानों मे महिला हेल्प डेस्क की शुरूआत की गई।

सांसद कीर्तिवर्धन सिंह के मुख्य आतिथ्य में जनपद में मुख्य कार्यक्रम प्रदेश स्तर से चयनित कोतवाली नगर में आयोजित किया गया, जिसमें महिला सुरक्षा साहित्य, जागरूकता व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 19 महिला पुलिसकर्मियों व 10 समाजसेवी महिलाओं सहित कुल 29 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरान्त अतिथियों ने पिंक रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र डा. राकेश सिंह ने जिले के माडल महिला हेल्प डेस्क का कोतवाली नगर में उद्घाटन किया।

यह भी पढ़ें: टॉपर आस्था बनी कोतवालः योगी के मिशन शक्ति का कमाल, ऐसे हुआ ये संभव

GONDA PHOTO (फोटो- सोशल मीडिया)

ये महिलाएं हुईं सम्मानित

कोतवाली नगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सम्मानित होने वोली महिलाओं में धनगर स्वयं सहायता समूह हलधरमऊ की अध्यक्ष विनीता पाल, साहित्यकार डा. उमा सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिका जूली पाण्डेय, ममता चौधरी प्रधानाचार्य, नीलम जैन, पूनम वर्मा, साक्षी अरोड़ा, रूषि दूबे, रूकसाना व माही गुप्ता, उपनिरीक्षक गुरप्रीत कौर, महिला आरक्षी कोमल वाजपेयी, शिल्पा यादव, अर्चना यादव, शैलजा सिंह, जूली तिवारी, अंकिता सिंह, वन्दना दिनकर, अनामिका, उर्वशी, बेनजीर, भारती सिंह, शिल्पा यादव, रीना सिंह, शालिनी यादव, सीमा वर्मा, हेमलता, अनीता शुक्ला व मंजू वर्मा शामिल रहीं जिन्हें जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रिपोर्ट- तेज प्रताप

यह भी पढ़ें: कर्ज लेने वाले ध्यान दें: लोन मोरेटोरियम को लेकर सरकार ने जारी की नई गाइड लाइन

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story