UP Politics: भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की पवित्रता को नष्ट किया-अखिलेश यादव

Ghosi By Election 2023: अखिलेश यादव ने कहा कि अल्पसंख्यकों और पिछड़ों का वोट पड़ने से रोकने के लिए भाजपा के पदाधिकारी और पुलिस मिलकर काम करते नज़र आए।

Anant Shukla
Published on: 5 Sep 2023 5:19 PM GMT
UP Politics: भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की पवित्रता को नष्ट किया-अखिलेश यादव
X
Akhilesh Yadav (PHOTO: social media )

Ghosi By Election 2023: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोसी चुनाव पर सरकार द्वारा जमकर धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ पुलिस कर्मियों ने भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम किया। मतदाताओं को मतदान से रोका। उनके अधिकारों को छीना। सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए गए। अल्पसंख्यकों और पिछड़ों का वोट पड़ने से रोकने के लिए भाजपा के पदाधिकारी और पुलिस मिलकर काम करते नज़र आए। तमाम मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किया गया। कई जगह शिकायते मिली कि सी.ओ. खुद चुनाव प्रचारक की भूमिका निभाते मिले है।

सपा कार्यकर्ताओं को जबदस्ती किया गया गिरफ्तार-अखिलेश

अखिलेश यादव ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बूथ संख्या 159 मानिकपुर असना से सपा कार्यकर्ता अशफाक उर्फ कल्लू को कोतवाली घोसी उठा ले गए। बूथ संख्या 28 में पप्पू सिंह को पुलिस उठा ले गई। बूथ संख्या 60 दौलतपुर में वर्तमान प्रधान रवि से गाली गलौज किया गया। बूथ संख्या- 173, 176, 177 जूनियर हाईस्कूल पिढ़वल से पूर्व प्रधान रतन लाल गोंड, विनय यादव, नितिन श्रीवास्तव और विक्रांत यादव को बिना कारण पुलिस उठा ले गई। जबकि बूथ संख्या 329 काछीकला कोपागंज में पार्टी के बूथ अध्यक्ष अवधेश चौहान को पुलिस उठा ले गई। बूथ संख्या 74, 75, 76 फतेहपुर ताल में और बूथ संख्या 306, 307, 308, 309 कुर्थीजाफर पर सी.ओ. खुद खड़े होकर स्वतंत्र मतदान में बाधा डाले। जबकि बूथ संख्या 145, 146, 147 पर सी.ओ. मुस्लिम मतदाताओं को धमका कर भगाने का आरोप लगाया।

निर्वाचन अधिकारी से पहले ही की गई थी शिकायत-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ0प्र0 तथा मुख्य चुनाव आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग को इससे पहले कई ज्ञापन सौंपकर आशंका जताई थी कि घोसी उपचुनाव में भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की पवित्रता को नष्ट करेगी। चुनाव आयोग से भाजपा के इशारे पर समाजवादी पार्टी के समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित मतदाताओं को डराने धमकाने के साथ उनके घरों की बिजली काटने आदि की शिकायतें की गई थी। उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा मऊ जनपद के घोसी विधानसभा उपचुनाव में ड्यूटी में लगाये गये पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के नाम दिये गये थे। जिनपर भाजपाई होने का आरोप लगाया गया था। अखिलेश यादव ने कहा कि ज्ञापन सौंपे जाने के बाद भी कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई।

सपा को मिल रहे समर्थन से घबराई हुई है बीजेपी-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि घोसी उपचुनाव में शुरू से ही जनता का रुझान स्थानीय समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह के प्रति रहा है। समाज के सभी वर्ग उन्हें समर्थन और सहयोग करते रहे हैं। भाजपा उनकी लोकप्रियता से घबराई हुई है और इसीलिए वह हर हथकंडा अपनाकर उपचुनाव में हार बचाने में लगी है।

Anant Shukla

Anant Shukla

Next Story