TRENDING TAGS :
Hamirpur News: बेतवा नदी में प्रतिबंधित मशीनों से अंधाधुंध खनन, निषाद पार्टी ने डीएम से की कार्रवाई की मांग
Hamirpur News: सरीला तहसील क्षेत्र का है, जहां इछौरा-जिटकरी में प्रतिबंधित पोकलैंड और लिफ्टर मशीनों से नदी की जलधारा के बीच से मौरंग का अवैध खनन किया जा रहा है।
बेतवा नदी में प्रतिबंधित मशीनों से अंधाधुंध खनन (photo: social media )
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश का हमीरपुर जिला एक बार फिर अवैध मौरंग खनन को लेकर सुर्खियों में है। तमाम नियमों और एनजीटी के आदेशों को ताक पर रखकर खनन माफिया बेतवा नदी का सीना चीर रहे हैं। ताजा मामला जिले के सरीला तहसील क्षेत्र का है, जहां इछौरा-जिटकरी में प्रतिबंधित पोकलैंड और लिफ्टर मशीनों से नदी की जलधारा के बीच से मौरंग का अवैध खनन किया जा रहा है। इस संबंध में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी (डीएम) से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
नियमों को ठेंगा दिखा रही खनन कंपनी
पूरा मामला सरीला तहसील के इछौरा-जिटकरी इलाके में संचालित मौरंग खदान संख्या 25/2 का है, जो डिजियाना कंपनी के नाम पर आवंटित है। आरोप है कि खनन कारोबारी दिन-रात स्वीकृत पट्टा क्षेत्र के बाहर जाकर नदी के बीच से भारी मशीनों द्वारा मौरंग निकाल रहे हैं। इससे न केवल नदी की पारिस्थितिकी को गंभीर नुकसान हो रहा है, बल्कि अवैध परिवहन के लिए इस्तेमाल हो रहे ओवरलोड ट्रक क्षेत्र की सड़कों को भी तबाह कर रहे हैं।
निषाद पार्टी ने खोला मोर्चा, डीएम से की शिकायत
इस गंभीर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष मूलचंद निषाद ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, "खनन कारोबारी दबंगई से नियमों के विरुद्ध नदी से मौरंग निकाल रहे हैं। स्वीकृत क्षेत्र के बाहर भी खनन हो रहा है और ओवरलोड ट्रकों से अवैध परिवहन जारी है, जिससे सड़कें ध्वस्त हो रही हैं।" उन्होंने डीएम से इस अवैध खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
कार्रवाइयों के बावजूद बेखौफ हैं माफिया
गौरतलब है कि हमीरपुर में अवैध खनन का मुद्दा दशकों पुराना है और इस पर लंबे समय से सीबीआई की जांच भी चल रही है। शिकायत में बताया गया है कि इसी डिजियाना कंपनी की एक अन्य खदान 25/21 पर भी पहले बड़े पैमाने पर अवैध खनन हुआ था, जिस पर कई बार कार्रवाई हुई, करोड़ों का जुर्माना लगा और प्रतिबंधित मशीनें भी पकड़ी गईं। इसके बावजूद खनन कारोबारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। शिकायत के बाद अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


