×

Hardoi News: सियासत से सटोरियों की चांदी, काउंटिंग से पहले उम्मीदवारों पर लगा रहे दांव

Hardoi News: कल यानी 13 मई को शुरू होने वाली मतगणना से पहले जनपद में प्रत्याशियों की हार-जीत का सट्टा बाज़ार गर्म हो गया है। सटोरिए अपने पसंदीदा प्रत्याशी पर जमकर भाव लगा रहे हैं।

Pulkit Sharma
Published on: 12 May 2023 6:23 PM GMT
Hardoi News: सियासत से सटोरियों की चांदी, काउंटिंग से पहले उम्मीदवारों पर लगा रहे दांव
X
जौनपुर में प्रत्याशियों की सूची जारी न होने से प्रचार में पिछड़ रही सपा, भाजपा- Photo- Newstrack

Hardoi News: कल यानी 13 मई को शुरू होने वाली मतगणना से पहले जनपद में प्रत्याशियों की हार-जीत का सट्टा बाज़ार गर्म हो गया है। सटोरिए अपने पसंदीदा प्रत्याशी पर जमकर भाव लगा रहे हैं। सट्टे का दांव नगर पालिका अध्यक्ष पद से लेकर चुनिंदा वार्ड के प्रत्याशियों पर भी लग रहा है। ऐसा नहीं है कि पुलिस आंखे बंद किए बैठी है। सूत्र बताते है कि पुलिस को लिखित शिकायत मिलने का इंतजार है।

भाजपा के प्रत्याशी सुख सागर मिश्रा पहली डिमांड

हरदोई जनपद वैसे भी सट्टे के मामले में काफी बदनाम होता रहा है। नगरीय निकाय चुनाव यहां के सटोरियों को हार-जीत का दांव लगाने का बेहतरीन मौका साबित हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक हरदोई नगर पालिका के लिए भाजपा से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुख सागर मिश्रा सटोरियों की पहली डिमांड बने हुए हैं। उनकी जीत पर मोटा दांव (शर्त) लगाई जा रही है। उनके जीतने या हारने पर कई सटोरिए मालामाल या कंगाल हो जाएंगे।

पालिका सदस्य चुनाव तक पर बेटिंग (betting)

हरदोई में सटोरियों का गढ़ माने जाने वाले शहर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती में पालिका सदस्य के पद पर भी जीत-हार का दांव खेला जा रहा है। वार्ड संख्या 14 में सदस्य पद पर भाजपा के प्रत्याशी सुशीला मिश्रा पर सटोरियों ने भरोसा जताते हुए मोटा दांव लगाया है। यही नहीं निर्दलियों पर भी सटोरियों को पूरा भरोसा है। वार्ड 14 से ही निर्दलीय प्रत्याशी अंशु जैन की पत्नी सरोज गुप्ता जैन पर दांव लगाया गया है। इसके अलावा नगर पालिका शाहाबाद में सटोरियों की पहली पसंद समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी व पूर्व विधायक की आसिफ खान बब्बू की पत्नी नसरीन बानो बनी हुई हैं, यानी उनकी हार-जीत पर दांव लगाया जा रहा है, वहीं कुछ भाजपा के प्रत्याशी संजय मिश्रा पर भी दांव लगा रहे हैं। पिहानी नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी के प्रदीप अवस्थी, सपा की शाहीन बेगम, बसपा के मोहम्मद जमाल और कांग्रेसी उस्मान खान पर सट्टा कारोबारी दांव खेल रहे हैं।

निर्दलीय बढ़ा रहे धड़कन, जानिए क्या कहता है चुनावी समीकरण

मतदान के बाद शहर में जो चर्चाएं हैं, उनके मुताबिक हरदोई नगर निकाय में 7 नगर पालिका व 6 नगर पंचायत में काफी करीबी टक्कर बताई जा रही है। हरदोई नगर पालिका से भाजपा प्रत्याशी की सीट मजबूत बताई जा रही है। जबकि शाहाबाद नगर पालिका में भाजपा व सपा में सीधा मुकाबला है। यहां पर समाजवादी पार्टी को ज्यादा मजबूत माना जा रहा है। पिहानी नगरपालिका में बसपा प्रत्याशी को समर्थन मिलता बताया जा रहा है, जबकि संडीला नगर पालिका में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष पद के लिए मजबूत बताई जा रही है।

इसी तरह बिलग्राम में कांग्रेस व भाजपा में सीधी टक्कर है। माधोगंज में निर्दलीय प्रत्याशी व समाजवादी पार्टी में मुकाबला है, जहां निर्दलीय प्रत्याशी सीट पर अपना कब्जा जमा सकता है। जबकि गोपामऊ में भी निर्दलीय प्रत्याशी अध्यक्ष पद की कुर्सी पर काबिज हो सकता है। हालांकि यहां सटोरियों की पहली पसंद बीजेपी प्रत्याशी है। कयासों की मानें तो बेनीगंज में बीजेपी को बढ़त मिल रही है। जबकि मल्लावां में एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी राजनीतिक पार्टियों की धड़कन बढ़ा रहा है। पाली से बीएसपी और निर्दलीय में मुकाबला बताया जा रहा है। सांडी में भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों में कड़ी टक्कर मानी जा रही है।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story