×

Hardoi News: बृजेश पाठक ने सपा पर साधा निशाना, बोले- केंद्र में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार

Hardoi News: कहा-समाजवादी पार्टी गुंडे, माफिया, मनचलों को प्रमोट करने की वजह से उत्तर प्रदेश में कभी पनप नहीं पाएगी।

Pulkit Sharma
Published on: 10 Jun 2023 10:28 AM GMT
Hardoi News: बृजेश पाठक ने सपा पर साधा निशाना, बोले- केंद्र में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार
X
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक: Photo- Social Media

Hardoi News: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक बार फिर दोहराया कि प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है और भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि माफियाओं, गुंडों को उत्तर प्रदेश में बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा, उसके लिए हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। यह बातें उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को संडीला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। जनसभा का आयोजन मिश्रिख लोकसभा सीट से सांसद अशोक रावत द्वारा किया गया था। जनसभा में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक काफी गदगद नजर आए। मंच से लेकर मीडिया से बातचीत तक बृजेश पाठक ने भारतीय जनता पार्टी की उपलब्धियों को गिनाया तो वहीं समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे।

लोकसभा की प्रदेश में 80 की 80 सीट जीतेंगी भाजपा

बृजेश पाठक ने कहा कि अशोक रावत द्वारा जनसभा में जो जनसैलाब उमड़ा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जो 9 वर्ष पूरे हुए हैं, उससे प्रेरित होकर आज जनसभा में जनसैलाब उमड़ा है। लोगों ने अशोक रावत को अपना आशीर्वाद दिया है। एक तरफा अशोक रावत की जीत निश्चित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। बृजेश पाठक ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में 80 में से 80 लोकसभा की सीट जीतने जा रहे हैं।

उत्तर से लेकर दक्षिण, पूरब से लेकर पश्चिम चारों ओर हमने प्रवास कर के देख लिया कि भारतीय जनता पार्टी की लहर चल रही है और समाजवादी पार्टी अपने कर्मों की वजह से गुंडे माफिया मनचलों को प्रमोट करने की वजह से उत्तर प्रदेश में कभी पनप नहीं पाएगी। शिवपाल यादव का पूछे गए सवाल पर बृजेश पाठक ने कहा कि आप जानते हैं कि राम मंदिर बनाने का कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया।

भारतीय जनता पार्टी ने सर्वस्व निछावर पर लगा दिया। समाजवादी पार्टी के लोगों ने अयोध्या में जिस तरह से कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थी, सड़कों को लाल कर दिया था यह बहुत ही दुखद है। प्रदेश के लोग समाजवादी पार्टी के लोगों को कभी माफ नहीं करेंगे। बृजेश पाठक ने कहा कि मैं प्रदेश के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज मजबूत होगा जो भी अपराधी होगा उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। लखनऊ के न्यायालय में हुए शूटआउट पर बृजेश पाठक ने कहा कि जो भी घटना है इनको हमने गंभीरता के साथ लिया, कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story