Hardoi News: रामगंगा के बढ़ रहे जल स्तर से ग्रामीणों की उड़ी नींद, जल शक्ति मंत्री ने दिया आश्वासन, जानिए पूरा मामला

Hardoi News: लोगों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष आने वाली बाढ़ से उनको काफी नुकसान उठाना पड़ता है। उनके मकान बह जाते हैं साथ ही खेत में पानी भर जाने से फसल का भी काफी नुकसान हो जाता है।

Pulkit Sharma
Published on: 10 July 2023 3:33 PM GMT
Hardoi News: रामगंगा के बढ़ रहे जल स्तर से ग्रामीणों की उड़ी नींद, जल शक्ति मंत्री ने दिया आश्वासन, जानिए पूरा मामला
X
रामगंगा के बढ़ रहे जल स्तर से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी: Photo- Newstrack

Hardoi News: पहाड़ी इलाकों पर लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। पहाड़ी इलाकों में जगह-जगह बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पंजाब में बाढ़ के चलते ट्रेनों को भी निरस्त किया गया है। हरदोई में भी गंगा व रामगंगा का जल स्तर काफी बढ़ा हुआ है। नदियों का जल स्तर बढ़ने से आसपास रह रहे ग्रामीणों के माथे पर बल पड़ने लगे हैं।

लखनऊ मंडल की कमिश्नर रोशन जैकब ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया था

लोगों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष आने वाली बाढ़ से उनको काफी नुकसान उठाना पड़ता है। उनके मकान बह जाते हैं साथ ही खेत में पानी भर जाने से फसल का भी काफी नुकसान हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि राहत के नाम पर उनके साथ मजाक होता है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान समय में भी नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है लेकिन जिम्मेदार इस बाबत ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लखनऊ मंडल की कमिश्नर रोशन जैकब ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया था। साथ ही अधिकारियों को यहां रह रहे लोगों को ऊंचे स्थान पर बसाने के निर्देश दिए थे। साल बीत गया लेकिन निचले इलाकों में रहने वाले खास तौर नदी के मुहाने पर रहने वाले ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई।

बाढ़ से कई गांव प्रतिवर्ष होते हैं प्रभावित

हरदोई जनपद के कटियारी क्षेत्र के ग्रामीणों की इस समय नींद उड़ी हुई है। रात में ग्रामीण ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। ग्रामीणों की नींद उड़ने का कारण नदियों का जलस्तर बढ़ना है। हरपालपुर ब्लाक के गोरिया, बरहुली तथा साईं गांव के लोग बाढ़ की दहशत से काफी चिंतित है। ग्रामीणों को इस बार फिर बाढ़ के आने से घर और फसलों के बर्बाद होने का डर सता रहा है। हरपालपुर ब्लाक के रामगंगा नदी के किनारे बसे बोरिया बरहुली व साईं समेत कई अन्य गांव बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। फिलहाल अभी तक जिला प्रशासन की ओर से इन गांव वालों को किसी सुरक्षित स्थान पर बसाने की कवायद को नहीं शुरू किया गया है। हालांकि बाढ़ आने पर इनको ऊपरी स्थान पर बसाने का आश्वासन तो प्रशासन से मिल जाता है। रामगंगा नदी के किनारे बरहुली के सुरेश चंद्र, नीतू, रामकली, रामस्वरूप, रामवीर, पृथ्वीराज, रामकिशन, गंगाराम, सुरेश चंद्र समेत कई अन्य ग्रामीणों के मकान बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन की ओर से अभी तक उनको कोई भी सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है।

मंत्री जी कर गए दावा दिला गए आश्वासन

शनिवार को हरदोई पहुंचे जल शक्ति मंत्री ने हरदोई जनपद में चल रही जल शक्ति मंत्रालय की परियोजनाओं का निरीक्षण किया। साथ ही बाढ़ चौकियों का भी निरीक्षण किया तथा जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह हरदोई में अपनी सरकार के कार्यकाल में बाढ़ से न्यूनतम नुकसान होने का दावा भी कर गए थे। लेकिन उनके इस दावे की पोल हरपालपुर ब्लॉक के रामगंगा नदी किनारे रहने वाले लोगों ने खोल दी है। हालांकि, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आश्वस्त किया है कि बाढ़ से किसी को कोई भी नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। अब देखना होगा कि इस वर्ष बाढ़ से ग्रामीणों को नुकसान पहुंचता है या फिर जल शक्ति मंत्री का आश्वासन सही साबित होता है।

क्या बोलीं ज़िम्मेदार

एसडीएम अरुणिमा श्रीवास्तव ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए पिछले वर्ष जो राहत राशि आई थी, वह उन्हें दे दी गई है। ग्रामीणों के आवास के लिए कार्रवाई भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। राम गंगा नदी की बाढ़ से गांव को बचाने के लिए सिंचाई विभाग कार्य कर रहा है। जल्द ही बाढ़ की समस्या समाप्त हो जाएगी।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story