×

Heavy Rain in UP: भारी बारिश ने यूपी में मचाया मौत का तांडव, 24 घंटे में 10 लोगों की गई जान

Heavy Rain in UP: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर है। खासकर गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दोनों ही नदियां खतरे के निशाने से ऊपर बह रही हैं। इन दोनों नदियों के किनारे बसे कई गांवों में बाढ़ का पानी दस्तक दे चुका है।

Krishna Chaudhary
Published on: 16 July 2023 2:21 AM GMT
Heavy Rain in UP: भारी बारिश ने यूपी में मचाया मौत का तांडव, 24 घंटे में 10 लोगों की गई जान
X
Heavy Rain in UP (Photo: Social Media)

Heavy Rain in UP: उत्तरी भारत के अधिकांश इलाके इन दिनों भारी बारिश के चपेट में हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक जलसैलाब आया हुआ है। यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में जबरदस्त तबाही मची है। इन राज्यों में कई गांव के गांव पानी में विलीन हो गए। नदी-नाले उफान पर हैं। चिंता की बात ये है कि अब भी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वर्षा जनित हादसों में बड़े पैमाने पर लोगों की मौत हो रही है।

यूपी में बाढ ने बढ़ाई चिंता

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर है। खासकर गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दोनों ही नदियां खतरे के निशाने से ऊपर बह रही हैं। इन दोनों नदियों के किनारे बसे कई गांवों में बाढ़ का पानी दस्तक दे चुका है। लिहाजा इन में रह रहे लोगों को सुरक्षित दूसरी जगहों पर पहुंचाया गया है। मेरठ, सहारनपुर और नोएडा में बाढ़ जैसे हालात हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे भी किया था।
राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। अब तक करीब 100 रेलगाड़ियां रद्द की जा चुकी हैं। इसके अलावा कईयों का मार्ग बदलकर चलाया जा रहा है। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पटरियों के पानी में डूबने के कारण मुरादाबाद मंडल की 50, झांसी, आगरा और प्रयागराज मंडिल की 46 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है।

यूपी में 24 घंटे में 10 मौतें

यूपी में पिछले 24 घंटे में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। इस अवधि में वर्षा जनित हादसों में कई लोग हताहत हुए हैं। सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इन हादसो में 10 लोगों की मौत हुई है। बताया गया है कि बलिया, महोबा और ललितपुर जिलों में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हुई है, रामपुर में दो लोगों की मौत डूबने से हुई। वहीं, सुल्तानपुर में सर्पदंश से एक व्यक्ति की जान चली गई।
प्रदेश सरकार के अनुसार, बाढ से 2.75 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को 4-4 लाख रूपये का मुआवजा प्रदान किया जाएगा। बता दें कि गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार हो रहे इजाफे के कारण प्रयागराज और अन्य शहर जो नदी किनारे बसे हैं, वहां बाढ का खतरा मंडराने लगा है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story