×

मैं सपा में ही हूं: अखिलेश ही मेरे नेता, लेकिन मोदी सरकार की बढ़ी लोकप्रियता

एमएलसी पप्पू सिंह ने आज अपने प्रतिनिधि रविशंकर प्रभात पिक्कू सिंह के निवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि वह सपा में ही हैं।

Aradhya Tripathi
Published on: 1 Jun 2020 8:54 AM GMT
मैं सपा में ही हूं: अखिलेश ही मेरे नेता, लेकिन मोदी सरकार की बढ़ी लोकप्रियता
X

बलिया: पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पौत्र व विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू ने भाजपा में शामिल होने की संभावना से इंकार करते हुए कहा है कि वह सपा में ही हैं तथा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही उनके नेता हैं।

सपा में ही हूं और अखिलेश ही मेरे नेता

विधान परिषद सदस्य पप्पू सिंह ने आज बिल्थरारोड में अपने प्रतिनिधि रविशंकर प्रभात पिक्कू सिंह के निवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि वह सपा में ही हैं। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही उनके नेता हैं। उन्होंने कहा कि वह जन प्रतिनिधि हैं। बाबा चंद्रशेखर के समय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके निजी सम्बंध हैं। जनहित से जुड़े कार्यो व निजी सम्बन्ध के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात को राजनैतिक रूप से नही देखा जाना चाहिए और न ही यह कयास लगा लेना चाहिए कि वह भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वह सपा से विधान परिषद का चुनाव लड़ेंगे , उन्होंने कहा कि उनका चुनाव विधानसभा के आम चुनाव के बाद होना है।

ये भी पढ़ें- आतंकियों का खतरा: सेना ने सर्च अभियान किया शुरू, तेजी से हो रही तलाशी

तब की परिस्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर के सपा से त्यागपत्र देने व भाजपा में शामिल होने के बाद से कयासबाजी हो रही थी कि पप्पू सिंह भी भाजपा में शीघ्र शामिल हो जायेंगे। इनके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद कयासबाजी को काफी बल भी मिला था। उत्तर प्रदेश के राजनैतिक स्थितियों को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में नित्य मजबूत हो रही है। प्रतिदिन भारी संख्या में दूसरे दलों से शामिल हो रहे प्रमुख लोग इसका प्रमाण हैं। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि विधानसभा के आगामी चुनाव में भाजपा को चुनौती सपा से ही मिलेगी ।

मोदी सरकार की लोकप्रियता बढ़ी- पप्पू सिंह

एमएलसी पप्पू सिंह ने स्पष्ट किया कि वर्तमान राजनैतिक परिस्थितियों में भाजपा के लिये सबसे बड़ी चुनौती सपा ही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की उत्तर प्रदेश में सक्रियता से कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए एक सवाल के जबाब में पप्पू सिंह ने कहा कि प्रियंका क्षमतावान नेता हैं। वह जनता के बीच लगातार रहकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता के मध्य रहने वाला ही करिश्मा करता है। प्रियंका इसी तरह लगी रहीं तो वह उत्तर प्रदेश में करिश्मा कर सकती हैं। प्रियंका देश की नेता हो सकती हैं। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान बहुत अच्छे रहे हैं।

ये भी पढ़ें- वाजिद खान के निधन से टूटी भाईयों की जोड़ी, इस तरह की थी करियर की शुरूआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को लेकर पूछे जाने पर सपा नेता ने यह मानने से इंकार किया कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता में गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि उनके नजर में हाल के दिनों में मोदी सरकार की लोकप्रियता बढ़ी है। कुछ मीडिया सर्वेक्षण में मोदी सरकार की लोकप्रियता में गिरावट को लेकर उन्होंने कहा कि 135 करोड़ के देश में चंद लोगों से बातचीत के आधार पर जमीनी हकीकत का अंदाजा नही लगाया जा सकता। वैसे भी लोकसभा का चुनाव अब वर्ष 2024 में होना है , ऐसे में चार साल पहले भविष्यवाणी का कोई मतलब नही है ।

लॉकडाउन को लेकर की सरकार की तारीफ

विधान परिषद सदस्य श्री सिंह ने लॉक डाउन को लेकर केंद्र सरकार के हालिया फैसले की सराहना की है। उन्होंने कहा कि देश को चलाने के लिए आर्थिक हितों की उपेक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि लॉक डाउन खोला जाना परिस्थितियों के अनुसार सही कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 लाख करोड़ के पैकेज व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फैसलों की भी सराहना किया। कांग्रेस के लॉक डाउन को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना के मसले पर उन्होंने कहा कि देश इस समय कोरोना के वैश्विक महामारी से जूझ रहा है। देश पर बड़ा संकट है। ऐसी स्थिति में राजनैतिक बात करना व राजनीति करना सही नही है।

ये भी पढ़ें- यहां हो रही भयंकर बारिश, तीन दिनों तक बाहर निकलने पर खतरा, 9 जिलों में अलर्ट

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान देना राजनैतिक मामला है। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि राहुल जी को बताना चाहिए कि देश को इस समय क्या करना चाहिए। पप्पू सिंह ने कहा कि कोरोना की कोई माकूल दवा नही है। इस स्थिति के बाद भी भारी संख्या में कोरोना संक्रमित लोगों का कोरोना पर विजय प्राप्त करना किसी चमत्कार से कम नही है। योगी सरकार में सरकारी अधिकारियों की मनमानी व निरंकुशता को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों के बावजूद सूबे में नौकरशाही की मनमानी बढ़ी है तथा भ्रष्टाचार भी बढ़ा है। पुलिस व प्रशासन की हनक दिखाई नही देती।

रिपोर्ट- अनूप कुमार हेमकर

Aradhya Tripathi

Aradhya Tripathi

Next Story