×

Jaunpur News: आजादी के जश्न में डूबा शहर, हर तरफ बुलंद हुए ‘भारत माता की जय' के स्वर

Jaunpur News: जनपद में 77 वां स्वतंत्रता दिवस सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों पर धूमधाम से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपदवासियों सहित सरकारी तंत्र के लोगों ने ध्वजारोहण के साथ मिठाईयां खिलाकर खुशी से इस राष्ट्रीय पर्व को मनाया।

Kapil Dev Maurya
Published on: 15 Aug 2023 4:56 PM GMT
Jaunpur News: आजादी के जश्न में डूबा शहर, हर तरफ बुलंद हुए ‘भारत माता की जय के स्वर
X
आजादी के जश्न में डूबा शहर, हर तरफ बुलंद हुए ‘भारत माता की जय' के स्वर : Photo- Newstrack

Jaunpur News: जनपद में 77 वां स्वतंत्रता दिवस सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों पर धूमधाम से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपदवासियों सहित सरकारी तंत्र के लोगों ने ध्वजारोहण के साथ मिठाईयां खिलाकर खुशी से इस राष्ट्रीय पर्व को मनाया।

कई स्थानों पर निकाली गईं तिरंगा यात्राएं

इस अवसर पर प्रदेश सरकार राज्य मंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चन्द यादव ने अपने कार्यालय पर ध्वजारोहण करने के पश्चात तिरंगा यात्रा में शिरकत की। जनपद मुख्यालय पर तमाम सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा यात्रा, जुलूस आदि निकाल स्वतन्त्रता का जश्न मनाया गया। सिद्दीकपुर स्टेडियम में ध्वजारोहण के पश्चात वहां खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसके साथ ही जौनपुर भाजपा एवं युवा मोर्चा द्वारा जनपद में तिरंगा यात्रा निकाली गई।

शहीदों के परिवारों के सदस्यों को किया सम्मानित

राज्य मंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चन्द यादव ने पीएम स्ट्रीट वेंडर्स, आत्मनिर्भर भारत निधि माइक्रो क्रेडिट स्कीम के प्रचार वाहन को हरी झन्डी दिखाकर रवाने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा आम जरूरतमंदो के लिए यह स्कीम लाई गई है, इसका लाभ उठाना चाहिए। मंत्री ने स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर स्वतन्त्रता आन्दोलन के शहीद परिवारों के सदस्यों को सम्मानित करते हुए पौधरोपण कर स्वतन्त्रता दिवस को मनाया।

इसी क्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाणी रंजन अग्रवाल ने दीवानी न्यायालय परिसर में ध्वजारोहण करते हुए स्वतन्त्रता दिवस मनाया और स्वतन्त्रता आन्दोलन के तमाम शहीदों को याद करते हुए संघर्ष के दास्तान की चर्चा की। न्यायालय परिसर के समस्त न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित थे। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के द्वारा ध्वजारोहण कर कर्मचारियों व आम जनमानस को पंच प्रण की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी द्वारा जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपहार देकर उनका प्रोत्साहन किया गया। जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

‘समाज एक रहेगा, तभी देश सशक्त बनेगा’

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने कहा कि हमें मिलकर आपस में एक होकर रहने की आवश्यकता है, तभी भारत देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस इसलिए मनाया जाता है कि हमें यह हमेशा याद रहे कि आपसी लड़ाई से अपनी ही क्षति होती है। उन्होंने कहा कि भारत के सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी देश की सेवा करते है, हमारी रक्षा करते हैं अतः हमारा कर्तव्य बनता है कि उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयबर चौहान, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व गणेश प्रसाद सिंह, नगर मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह एवं अध्यक्ष कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ विजय प्रताप सिंह ने अपने विचार प्रकट किए। इस दौरान सूचना विभाग के पंजीकृत दल सोनम सरोज एंड पार्टी के द्वारा लोकगीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष त्रिपाठी के द्वारा किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट द्वारा डॉ भीमराव आंबेडकर एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

विद्यालयों में बच्चों ने दिखाया देशभक्ति का जज्बा

जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण और प्रभात फेरी के साथ स्वतन्त्रता के जश्न को मनाया गया। बच्चों द्वारा विविध प्रकार के खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न कराये गये। शीतला धाम चौकिया में पुरोहित परिवार संस्थान द्वारा शीतला चौकिया धाम स्थित कार्यालय पर हर्षोल्लास एवं धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष विद्याधर त्रिपाठी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक पं भगवती दीन तिवारी के प्रपौत्र राजन तिवारी को संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह, माल्यार्पण कर अंगवस्त्रम् भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजन तिवारी ने ध्वजारोहण किया एवं स्कूली बच्चों को पोशाक वितरण करने के उपरांत कहा कि आज के दिन हम सभी को हमारे पूर्वजों की संघर्षों और बलिदानों का सम्मान करने का एक और अवसर मिलता है। इसी तरह जगत नारायण इंटर कालेज जगतगंज के परिसर में उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग के सदस्य प्रो. आरएन त्रिपाठी एवं प्रबंधक रामकृष्ण त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रो. आरएन त्रिपाठी ने कहा कि स्वतंत्रता के 77वें दिवस को मना रहे हैं, उन्होंने अमर शहीद बलिदानों को नमन करते हुए नवभारत के निर्माण समृद्धि का संकल्प की बात कही।

Kapil Dev Maurya

Kapil Dev Maurya

Next Story